सीएम ने दिलाया स्वच्छता का संकल्प, सामने खड़े होकर साफ करवाई गंदगी Lucknow news
सफाई अभियान में विधायकों और सांसदों के साथ आवासीय समितियों के पदाधिकारियों के साथ ही पार्षद व्यापारियों को भी शामिल किया गया।
लखनऊ, जेएनएन। स्वच्छता की सबसे बड़ी दुश्मन पॉलिथीन है इसलिए हर किसी को पॉलिथीन का विरोध करना चाहिए। प्लास्टिक कैरी बैग में समान रखने से खाद्य सामग्री प्रदूषित हो जाती है और उससे कैंसर जैसे रोग होने की आशंका बनी रहती है। इसलिए हर किसी को अपने स्वास्थ्य को ध्यान रखते हुए प्लास्टिक कैरी बैग का बहिष्कार करना चाहिए। उक्त बातें मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लोहिया पथ 1090 चौराहे पर आयोजित स्वच्छता अभियान की शुरुआत करते हुए कहीं।
महात्मा गांधी के बलिदान को याद करते हुए सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा, आज दुनिया यह जानती है महात्मा गांधी के अहिंसक आंदोलन से ही विदेशी हुकूमत को भारत छोड़कर भागना पड़ा था। मुख्यमंत्री ने हर किसी को प्लास्टिक का विरोध करने और स्वच्छता अभियान में सहयोग करने का संकल्प दिलाया। इससे पूर्व मुख्यमंत्री ने हजरतगंज में महात्मा गांधी की प्रतिमा पर पुष्प चढ़ाया और फिर वहां से पैदल चलकर सफाई अभियान में भाग लिया। मुख्यमंत्री ने खुद भी सफाई की सिविल अस्पताल के सामने एक अपार्टमेंट की दुकान की सीढ़ियों के नीचे गंदगी मिलने पर वहां 15 मिनट तक रहें और अपने सामने सफाई करने के बाद ही हटे।
गांधी जयंती पर शहर के हर मुहल्ले को चमकाने के लिए सुबह से सांसद और विधायक के साथ मुख्यमंत्री योगी आदित्यानाथ भी सड़क पर उतरे। मुख्यमंत्री, अन्य मंत्री और भाजपा के प्रदेश भर से आए विधायकों ने पूरे शहर में घूमघूमकर सफाई की।हर वार्ड में तीन से चार विधायकों की ड्यूटी लगाई गई थी। हर वार्ड में मार्च भी निकाला गया। इस मार्च के दौरान पॉलीथिन और प्लास्टिक को जमा किया गया और झाड़ू लगाई गई। पार्क रोड पर मुख्यमंत्री ने सफाई करवाई। वहीं राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार कपिल देव ने भाजपा नेता कौशल किशोर के साथ शास्त्री नगर क्षेत्र में सफाई अभियान चलाया।
फैजुल्लागंज तृतीय वार्ड में विधायक डॉ नीरज बोरा और पार्षद अमित मौर्य ने कार्यकर्ताओं के साथ झाड़ू लगाई और कूड़ा उठाया। वहीं अलीगंज में विधायक पंकज गुप्ता पूर्व मंत्री अनुपमा जायसवाल और पार्षद राघवराम तिवारी ने सफाई करवाई।
भाजपा के सभी विधायक और मंत्री सफाई अभियान का गवाह बने। उनका सहयोग मुहल्लोंवालों के साथ ही पार्षदों और नगर निगम के अधिकारियों ने भी किया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हजरतगंज चौराहे से लेकर पार्क रोड चौराहे तक सफाई अभियान में भाग लिया। मुख्यमंत्री ने खुद भी कूड़ा उठाया। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने चौक में न सिर्फ झाड़ू लगाई, बल्कि कूड़ा भी उठाया। उप मुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा और राज्यमंत्री कपिल देव ने ऐशबाग के मास्टर कन्हैया लाल रोड पर झाड़ू लगाई। पुराना हैदराबाद में उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने सफाई अभियान में भाग लिया।
राजेंद्र नगर पानी की टंकी के पास बुधवार सुबह करीब सात बजे विधि एवं न्याय मंत्री ब्रजेश पाठक पहुंचे। सफाई कर्मीचारियों के साथ मिलकर उन्हें सड़क पर झाड़ू लगाकर कूड़ा उठाया। गोमती नगर के विराम खंड दो स्थित राम भवन के पास मंत्री संदीप सिंह ने लोगों को स्वच्छता का संदेश देते हुए मुहल्ले में सफाई अभियान चलाया। नगर विकास मंत्री आशुतोष टंडन 'गोपालÓ ने इंदिरानगर के भूतनाथ मंदिर के आसपास सफाई अभियान में भाग लिया। मंत्री स्वाति सिंह, विधायक पंकज सिंह, डॉ. नीरज बोरा, सुरेश श्रीवास्तव, अविनाश त्रिवेदी, जयदेवी समेत शहर के विभिन्न मुहल्लों में मंत्री और विधायक टोली के साथ सफाई करते नजर आ रहे थे।
खरीदारी के लिए निकलें तो झोला साथ लेकर: डॉ. दिनेश शर्मा
सफाई अभियान के बाद डिप्टी सीएम डॉ. दिनेश शर्मा एवं राज्यमंत्री कपिलदेव ने शहर को पॉलीथिन मुक्त करने के उद्देश्य से घरों से पॉलीथिन एकत्र की और उसे डस्टबिन में डाला। साथ ही लोगों को इसका प्रयोग न करने की सलाह दी। इस मौके पर डिप्टी सीएम ने लोगों को जागरूक करते हुए कहा अब जब वे खरीदारी के लिए निकलें तो अपने साथ झोला लेकर। तभी इस अभियान की सार्थकता सिद्ध होगी।
अलीगंज और जानकीपुरम में चला स्वच्छता अभियान
गांधी जयंती पर अलीगंज के सेक्टर एन में पार्षद राघवराम तिवारी के आवास से सफाई अभियान की शुरुआत की गई। इसमें पूर्व मंत्री अनुपमा जायसवाल और विधायक पंकज गुप्ता ने झाड़ू लगाकर सफाई का संदेश दिया। वहीं, अटल स्मारक, अटल चौराहा, जानकीपुरम विस्तार में जनविकास महासभा छात्र प्रकोष्ठ प्रभारी राम किशन साहू के नेतृत्व में स्वच्छता संकल्प के साथ स्वच्छता अभियान चलाकर गांधी एवं शास्त्री जी की जयंती मनाई गई। अध्यक्षता एस के बाजपेई ने की।
झाड़ू लगाकर दिया स्वच्छता का संदेश
फैजुल्लागंज के चारों वार्डों में क्षेत्रीय पार्षदों के साथ मंत्री-विधायकों ने झाड़ू लगाकर स्वच्छता का संदेश दिया। वार्ड नंबर तीन में विधायक डॉ. नीरज बोरा, विधायक रणवेंद्र प्रताप सिंह, विधायक करन सिंह पटेल, पार्षद अमित मौर्या, दिनेश तिवारी समेत अन्य ने पार्टी कार्यकताओं के साथ मडिय़ांव चौराहे से झाड़ू लगाना शुरू किया। इसके बाद उन्होंने अंदर गलियों में जाकर झाड़ू लगाई और कूड़ा भी उठाया। उधर, फैजुल्लागंज के चतुर्थ वार्ड में पार्षद प्रदीप शुक्ला ने कैबिनेट मंत्री लक्ष्मी नारायण चौधरी व पार्टी कार्यकर्ताओंं के साथ सफाई व्यवस्था की कमान संभाली।
हकीकत में हाल सुधारना होगा
गांधी जयंती पर सफाई अभियान चलाने से ही शहर चमकने वाला नहीं है। हकीकत में शहर को साफ रखने की बड़ी कार्ययोजना बनानी होगी। शहर स्वच्छ सर्वेक्षण-2019 में पिछले साल के मुकाबले छह पायदान से फिसलकर 121वें स्थान पर पहुंचा था। इससे पूर्व 2018 में शहर 115वीं रैंक पर था। यह हाल शहर का तब था जब नंबर वन आने के दावे मंत्री से लेकर अधिकारियों ने किए थे। स्वच्छता के प्रति जागरूक करने के लिए करीब एक करोड़ रुपये खर्च किए गए थे, जो पानी की तरह बह गए थे।
दरअसल शहर के 5.59 लाख भवनों से दो लाख भवनों से ही कूड़ा एकत्र हो पा रहा है और वह भी बिना छंटाई के। शहर की सफाई व्यवस्था की हकीकत भी किसी से छिपी नहीं है। करीब दो अरब खर्च होने के बाद भी शहर के कई मुहल्लों में सफाई नहीं हो पा रही है। इसमें 55 करोड़ तो ठेकेदारों को सफाई कराने के लिए मिलता है। पर्याप्त कूड़ाघर न होने से सड़कों पर दिन भर गंदगी का नजारा रहता है। खास बात यह है कि सड़कों पर बह रहा सीवर ही स्वच्छता अभियान को मुंह चिढ़ाता है। पुराने शहर में सीवर लाइन जगह-जगह चोक है और नालियों में सीवर को बहाया जा रहा है।