बिना लक्षण के भी महिलाओं में पनप सकता है गर्भाशय ग्रीवा कैंसर, डॉक्टर ने बताया प्रभावी उपाय
गर्भाशय ग्रीवा कैंसर एक गंभीर बीमारी है जिसके शुरुआती लक्षण अक्सर नहीं दिखते, लेकिन नियमित जांच और एचपीवी वैक्सीन से इसका समय रहते पता लगाकर बचाव संभव है।

स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. मालविका मिश्रा। फोटो जागरण
HighLights
नियमित जांच और एचपीवी वैक्सीन से बचाव संभव है।
शुरुआती लक्षण अक्सर नहीं दिखते, इसलिए जांच महत्वपूर्ण।
9-14 वर्ष की लड़कियों के लिए टीकाकरण प्रभावी उपाय।
जागरण संवाददाता, लखनऊ। महिलाओं में होने वाला गर्भाशय ग्रीवा का कैंसर गंभीर बीमारी है, लेकिन नियमित जांच से समय रहते इसकी पहचान कर बचाव संभव है। यह ऐसा कैंसर है जो गर्भाशय के निचले हिस्से सर्विक्स की कोशिकाओं में विकसित होता है। अधिकतर मरीजों में इसकी मुख्य वजह ह्यूमन पैपिलोमा वायरस (एचपीवी) का लंबे समय तक शरीर में बने रहना है।
शुरुआती चरण में इस बीमारी के लक्षण दिखाई नहीं देते। ऐसे में नियमित जांच और एचपीवी वैक्सीन महिलाओं को इस कैंसर से बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। चिंता की बात यह है कि शुरुआत में इसके लक्षण दिखाई नहीं देते। ऐसे में गंभीर हो जाता है। नियमित जांच से कैंसर से पहले होने वाले बदलावों की पहचान की जा सकती है। इससे बीमारी को गंभीर अवस्था में पहुंचने से पहले ही रोक सकते हैं।
एचपीवी संक्रमण से बचाव के लिए टीकाकरण बेहद प्रभावी उपाय है। नौ से 14 वर्ष की बालिकाओं को एचपीवी वैक्सीन जरूर लगवानी चाहिए। इस उम्र में टीकाकरण से भविष्य में संक्रमण और उससे जुड़े कैंसर के खतरे को रोका जा सकता है। हालांकि, टीकाकरण के बाद भी निर्धारित अंतराल पर जांच जरूरी है।
यह जानकारी गुरुवार को दैनिक जागरण के हेलो डॉक्टर कार्यक्रम में लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान के मातृ एवं शिशु अस्पताल की स्त्री रोग विशेषज्ञ डा. मालविका मिश्रा ने दी। उन्होंने कई पाठकों के सवालों के जवाब दिए।
सवाल- गर्भाशय ग्रीवा कैंसर की समय रहते कैसे पहचान कैसे कर सकते हैं और इसके शुरुआती लक्षण क्या हैं?- ईशिका शुक्ला, लखनऊ, 33 वर्ष
शुरुआत में अक्सर इसके लक्षण दिखाई नहीं देते। हालांकि, यौन संबंध के बाद रक्तस्राव, माहवारी के बीच खून आना, मेनोपाज के बाद रक्तस्राव, असामान्य या दुर्गंधयुक्त योनि स्राव और यौन संबंध के दौरान दर्द इसके प्रमुख संकेत हो सकते हैं। नियमित जांच से इसकी पहचान की जा सकती है। पैप स्मीयर, एचपीवी डीएनए जांच और वीआइए तकनीक से शुरुआत में ही पहचान की जा सकती है।
सवाल- किस उम्र की महिलाओं में गर्भाशय ग्रीवा कैंसर का खतरा अधिक होता है? क्या अविवाहित महिलाओं को भी हो सकता है? -अनीता शर्मा, लखनऊ, 55 वर्ष
यह कैंसर आमतौर पर 30 वर्ष से अधिक उम्र की महिलाओं में होता है, लेकिन कम उम्र की महिलाएं भी इसकी चपेट में आ सकती हैं। अविवाहित महिलाओं को भी इसका खतरा हो सकता है अगर वह शारीरिक संबंध बनाती होती हैं तो। एचपीवी संक्रमण मुख्य रूप से अंतरंग यौन संपर्क से फैलता है।
सवाल- एचपीवी वैक्सीन क्या है। क्या यह कैंसर से बचाने में सहायक और इसे किस उम्र में और कितनी खुराक लगानी चाहिए? -अर्चना रस्तोगी, बाराबंकी, 30 वर्ष
एचपीवी वैक्सीन गर्भाशय ग्रीवा कैंसर के लिए जिम्मेदार वायरस से बचाव करती है। नौ से 14 वर्ष में टीकाकरण करना सबसे अधिक प्रभावी होता है क्योंकि यौन संपर्क से पहले वैक्सीन बेहतर सुरक्षा प्रदान करती है। खुराक उम्र और स्वास्थ्य स्थिति पर निर्भर करता है। राष्ट्रीय अभियान में 14 वर्ष की लड़कियों के लिए गार्डासिल-4 वैक्सीन की एक खुराक निर्धारित है। अन्य आयु वर्ग और कमजोर प्रतिरक्षा वाले लोगों के लिए खुराक की संख्या अलग हो सकती है।
सवाल- क्या कम उम्र में यौन संबंध बनाने या एक से अधिक यौन साथी होने से गर्भाशय ग्रीवा कैंसर का खतरा बढ़ता है? क्या सर्विक्स कैंसर का पूरी तरह इलाज संभव है? रागिनी श्रीवास्तव, सीतापुर, 19 वर्ष
हां, कम उम्र में यौन संबंध की शुरुआत और एक से अधिक यौन साथी होने से इसका खतरा बढ़ सकता है। इसके अलावा धूम्रपान, लंबे समय तक गर्भनिरोधक गोलियों का इस्तेमाल जोखिम बढ़ाने वाले कारक हैं। शुरुआती अवस्था में इसकी पहचान होने पर इलाज की संभावना काफी अच्छी होती है। इसलिए लक्षणों का इंतजार करने के बजाय नियमित जांच कराना जरूरी है।
सवाल- गर्भाशय ग्रीवा कैंसर से बचाव के लिए कौन-कौन सी सावधानियां बरतनी चाहिए? सलोनी गुप्ता, लखनऊ, 30 वर्ष।
महिलाओं को निर्धारित उम्र में एचपीवी वैक्सीन लगवानी चाहिए। नियमित पैप स्मीयर और एचपीवी जांच करानी चाहिए। धूम्रपान और तंबाकू से दूरी रखनी चाहिए। किसी भी तरह का असामान्य रक्तस्राव या योनि स्राव होने पर स्त्री रोग विशेषज्ञ से संपर्क करना चाहिए।
इन लक्षणों को न करें नजरअंदाज
- माहवारी के बीच असामान्य रक्तस्राव
- यौन संबंध बनाने के बाद खून आना।
- मेनोपाज के बाद रक्तस्राव होना।
- असामान्य या दुर्गंधयुक्त योनि स्राव।
- पेट के निचले हिस्से और कमर में लगातार दर्द।
- पैरों में सूजन और पेशाब करने में परेशानी।
ऐसे करें बचाव
- नौ से 14 वर्ष की लड़कियों को एचपीवी वैक्सीन लगवाएं।
- निर्धारित अंतराल पर पैप स्मीयर और एचपीवी जांच कराएं।
- खानपान में मौसमी फल और हरी सब्जियां शामिल करें।
- नियमित व्यायाम और पर्याप्त नींद लें।
नौ से 14 साल की उम्र में टीकाकरण सबसे प्रभावी
डॉ. मालविका मिश्रा के मुताबिक, एचपीवी वैक्सीन सर्विक्स कैंसर से बचाव का प्रभावी माध्यम है। नौ से 14 वर्ष की बालिकाओं को इसकी दो डोज दी जाती हैं, जबकि 15 से 45 वर्ष की महिलाओं को तीन डोज की जरूरत होती है। कम उम्र में टीकाकरण कराने से भविष्य में एचपीवी संक्रमण और कैंसर का खतरा कम किया जा सकता है। शादी से पहले वैक्सीनेशन कराना विशेष रूप से फायदेमंद है।
प्रदेश में हर साल 10 हजार से अधिक नए मरीज
डॉ. मालविका ने बताया कि प्रदेश में हर साल सर्विक्स कैंसर के 10 हजार से अधिक नए मामले सामने आते हैं। लगभग चार हजार से अधिक महिलाओं की हर साल इस बीमारी से मौत हो जाती है। ग्रामीण और पिछड़े इलाकों में जागरूकता और जांच सुविधाओं की कमी के कारण बीमारी की पहचान देर से होती है।
देश में हर आठ मिनट में एक महिला की मौत
देश में सर्विक्स कैंसर महिलाओं में होने वाले प्रमुख कैंसर में शामिल है। आंकड़ों के मुताबिक, भारत में हर आठ मिनट में एक महिला की मौत इससे होती है। देश में हर साल 1.23 लाख से अधिक महिलाएं इसकी चपेट में आती हैं। कमजोर रोग प्रतिरोधक क्षमता, कम उम्र में गर्भधारण और एचपीवी संक्रमण इसके खतरे को बढ़ा सकते हैं।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।