प्रतियोगी परीक्षाओं की तर्ज पर होगी सीबीएसई की परीक्षा, ये हुए बदलाव Lucknow news
सत्र 2020 की परीक्षाओं के लिए बोर्ड ने पेपर का प्रारूप किया जारी। नए पैटर्न में ऑब्जिेक्टिव और अति लघुउत्तरीय और लघुउत्तरीय प्रश्नों की संख्या सर्वाधिक होगी।
लखनऊ, [सौरभ शुक्ला]। सत्र 2020 में सीबीएसई 10वीं और 12वीं की परीक्षाओं का पैटर्न बदल दिया गया है। अब प्रतियोगी परीक्षाओं की तर्ज पर इसके प्रश्नपत्रों का पैटर्न होगा। 12वीं कक्षा में केमेस्ट्री और फिजिक्स के प्रश्नपत्रों में अब 27 की जगह 37 प्रश्न होंगे। इसी तरह गणित, बायोलॉजी एवं 10वीं के विज्ञान, गणित, सामाजिक विज्ञान व कुछ अन्य विषयों में यह व्यवस्था लागू होगी। नए पैटर्न में ऑब्जिेक्टिव और अति लघुउत्तरीय और लघुउत्तरीय प्रश्नों की संख्या सर्वाधिक होगी। इससे विद्यार्थियों को आसानी रहेगी और परीक्षा का दबाव भी उन पर कम होगा।
12वीं में केमेस्ट्री और फिजिक्स में होंगे एक नंबर के 20 प्रश्न : केमेस्ट्री और फिजिक्स का प्रश्नपत्र 70 नंबर का होगा। जिसमें सेक्शन ए, बी, सी, डी चार खंड होंगे। खंड ए में एक से 20 तक प्रश्न होंगे। एक से पांच नंबर के लिए 50 शब्दों का एक पैसेज होगा। उसके नीचे पांच प्रश्न होंगे। उत्तर एक वाक्य में देना होगा। प्रश्न संख्या छह से 10 में भी एक नंबर के ही प्रश्न होंगे।
प्रश्न संख्या 11 से 15 में किसी घटना से संबंधित होंगे। प्रश्न संख्या 15-20 नंबर रीजन अशरसन टाइप के पांच प्रश्न पूछे जाएंगे। सेक्शन बी में 21 से 27 प्रश्न संख्या में दो नंबर के लघुउत्तरीय होंगे। जिसमे से दो वैकल्पिक दिए जाएंगे। सेक्शन सी 28-34 में टोटल छह प्रश्न होंगे। प्रत्येक तीन नंबर के होंगे और दो में वैकल्पिक व्यवस्था होगी। डी सेक्शन में प्रश्न संख्या 35-37 पांच नंबर के होंगे, जो दीर्घ उत्तरीय होंगे और प्रत्येक प्रश्न का एक वैकल्पिक होगा। वहीं बॉयोलॉजी में बहुविकल्पीय और लघुउत्तरीय प्रश्नों की संख्या बढ़ाई गयी है। पर कुल प्रश्न संख्या पूर्वत की भांति 27 ही है।
डाउनलोड करें मॉडल पेपर
विद्यार्थी विज्ञान मंथन के राज्य समन्वयक सुशील कुमार द्विवेदी ने बताया कि नए पैटर्न में प्रश्नपत्र का प्रारूप प्रतियोगी परीक्षाओं की तर्ज पर तैयार किया गया है। जिसमे बहुविकल्पीय प्रश्नों की संख्या अधिक होगी। विद्यार्थी मॉडल पेपर मार्किंग स्कीम cbse.nic.in/newsite/examination.html से डाउनलोड कर सकेंगे।