यूपी में जातीय संतुलन से सधी भाजपा की युवा टीम, स्वतंत्र देव सिंह की कमेटी में नए चेहरों को तरजीह
उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव की जंग के लिए तैयार की गई भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह की टीम में जातीय संतुलन को साधने की कोशिश की है।
लखनऊ, जेएनएन। उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव की जंग के लिए तैयार की गई भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह की टीम में जातीय संतुलन को साधने की कोशिश की है। विपक्ष के ब्राह्मण कार्ड की काट के लिए सामान्य वर्ग के 21 पदाधिकारियों में सबसे अधिक सात ब्राह्मण शामिल किए गए हैं। पिछड़ों व अनुसूचित वर्ग में अन्य पिछड़ों व गैर जाटवों पर भी फोकस किया है। नई कमेटी पुरानी से अधिक जवान हैं। नए पदाधिकारियों की औसत आयु 50 वर्ष के कम है। युवा व महिलाओं पर फोकस करते हुए वर्ष 2022 के साथ आगामी लोकसभा चुनाव के लिए भी संगठन की नींव रख दी है।
उत्तर प्रदेश का अध्यक्ष बनने के करीब एक वर्ष बाद घोषित स्वतंत्र देव सिंह की टीम में दो भूमिहार व एक पंजाबी पदाधिकारी बनाया है। पिछड़ा वर्ग के 12 पदाधिकारियों में अन्य पिछडों का पूरा ध्यान रखा है। पाल, पटेल, गुर्जर, जाट, सैनी, मौर्य, लोनिया, निषाद, पिछड़ा वैश्य, गिरी, यादव व लोधी समाज से एक-एक पदाधिकारी बनाया है। इसी तरह अनुसूचित वर्ग में भाजपा का पक्का वोट माने जाने वाले गैर जाटवों पर भी फोकस किया है, जिसमें दो जाटव व दो कोरी के अलावा पासी, सोनकर, धोबी व खरवार समाज से भी एक एक पदाधिकारी बना है। क्षेत्रीय संतुलन साधने के लिए पश्चिम व काशी क्षेत्र से आठ-आठ, अवध व कानपुर से सात-सात, ब्रज से छह और गोरखपुर से पांच पदाधिकारी शामिल किए गए है।
महिलाओं में भाजपा की अधिक लोकप्रियता को देखते हुए आधी आबादी का संगठन में प्रतिनिधित्व बढ़ाया गया है। पिछली कमेटी में महिला पदाधिकारियों की संख्या मात्र चार थी जिसे बढ़ाकर दस कर दिया गया। इसमें सभी वर्गो की महिलाओं को प्रतिनिधित्व मिला है। गाजियाबाद की सुनीता दयाल, कानपुर की कमलावती व मेरठ की कांता कर्दम जैसी अनुभवी नेत्रियों के साथ प्रियंका रावत, मीना चौबे, अनामिका चौधरी, शकुंतला चौहान व अंजुला माहौर को भी अपने अपने समाज से महिलाओं को जोड़ने का मौका दिया है।
जमीनी कार्यकर्ताओं के साथ नयों को भी जोड़ा : टीम चयन में स्वतंत्र देव सिंह और संगठन महामंत्री सुनील बंसल के अनुभव की छाप दिखती है। संघर्षशील व जमीनी कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी सौंपकर नेतृत्व ने संदेश देने की कोशिश की है। प्रदेश मंत्री पद से प्रोन्नत किए अनूप गुप्ता, अमरपाल मौर्य व सुब्रुत पाठक की संगठनात्मक क्षमता का नए दायित्व में भरपूर उपयोग होगा। कन्नौज के सांसद सुब्रुत पाठक व प्रांशुदत्त द्विवेदी का समाजवादी गढ़ में पार्टी के लिए संघर्ष उल्लेखनीय रहा है वहीं उपाध्यक्ष से महामंत्री बने जेपीएस राठौर और गोविंद नारायण शुक्ल व अश्विनी त्यागी के अनुभव का लाभ मिलेगा।
कार्यकारिणी सदस्य व मोर्चा अध्यक्षों की घोषणा जल्द : प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने नवनियुक्त पदाधिकारियों से संगठन के प्रति समर्पित भाव से कार्य करने की अपेक्षा करते हुए कहा कि कार्यकारिणी सदस्य व मोर्चा अध्यक्षों की घोषणा जल्द की जाएगी। संगठन महामंत्री सुनील बंसल कहा कि नवनियुक्त पदाधिकारी संगठन विस्तार व जन अपेक्षाओं की पूर्ति में अहम भूमिका निभाएंगे।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दी बधाई : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने नवनियुक्त पदाधिकारियों को बधाई देने के लिए ट््वीट किया। उन्होंने लिखा, नए भारत के निर्माण का स्वप्न करने में आपकी भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। दायित्व निर्वहन की कसौटी में आप सभी सतत खरा उतरे, आपके उद्देश्य फलित हो, मेरी शुभकामनाएं है।