Move to Jagran APP

CAA Protest : लखनऊ को जलाने वाले 211 उपद्रवी गिरफ्तार, 23 तक इंटरनेट सेवाएं बाधित

लखनऊ अब तक 200 से ज्‍यादा उपद्रवियों को गिरफ्तार किया है। शहर की इंटरनेट सेवाएं सोमवार तक बाधित रहेंगी।

By Anurag GuptaEdited By: Published: Sat, 21 Dec 2019 09:13 AM (IST)Updated: Sun, 22 Dec 2019 08:32 AM (IST)
CAA Protest : लखनऊ को जलाने वाले 211 उपद्रवी गिरफ्तार, 23 तक इंटरनेट सेवाएं बाधित
CAA Protest : लखनऊ को जलाने वाले 211 उपद्रवी गिरफ्तार, 23 तक इंटरनेट सेवाएं बाधित

लखनऊ, जेएनएन। नागरिकता संशोधन कानून (CAA) को लेकर राजधानी को हिंसा की आग में झोंकने वाले उपद्रवीतत्वों की गिरफ्तारी के लिए शहर के अलग-अलग इलाकों में पुलिस के छापे जारी रहे। शनिवार को पुलिस ने उपद्रवियों के खिलाफ नौ और मुकदमे दर्ज किए। देर रात से अब तक 60 और उपद्रवियों को गिरफ्तार किया गया है। शनिवार को शहर में शांति रही केवल अकबरी गेट के पास अराजक तत्वों ने नारेबाजी की जिसे पुलिस ने खदेड़ दिया। प्रशासन ने अफवाहों पर लगाम लगाने के लिए सोमवार दोपहर 12 बजे तक इंटरनेट बंद रखने का फैसला किया है। रविवार को भी पूरे शहर में कड़ी चौकसी बरतने के निर्देश दिए गए हैं। 

loksabha election banner

बता दें, गुरुवार को राजधानी में उपद्रवियों ने जमकर कोहराम बरसाया। जिसमें करीब पांच करोड़ की सम्‍पत्ति के नुकसान का अनुमान है। खौफजदा नवाबों के शहर को जुमे की नमाज यानी शुक्रवार के बाद चैन मिला। तमाम आशंकाओं और अफवाहों के बीच सुरक्षा के अभूतपूर्व बंदोबस्त रहे। पुराने शहर में मस्जिदों में नमाज अता कर मुल्क में अमन की दुआ मांगी गई। पुलिस और खुफिया तंत्र के अलावा इलेक्ट्रानिक सर्विलांस के जरिए चप्पे-चप्पे की निगरानी रही। ड्रोन निगरानी करता रहा। प्रमुख सचिव गृह और डीजीपी सहित पुलिस- प्रशासन के अधिकारियों ने मार्च निकाला। 

 

गुरुवार को हुई हिंसा के बाद से अब राजधानी में कुल 20 मुकदमे दर्ज कर 211 उपद्रवी गिरफ्तार किए जा चुके हैं। परिवर्तन चौक पर हुए आगजनी और बवाल में शनिवार को हजरतगंज कोतवाली में सात मुकदमे दर्ज हुए। वहीं सोशल मीडिया पर माहौल खराब करने के आरोप में चिनहट कोतवाली में एक एफआइआर दर्ज हुई। पुलिस ने आरोपित इजराइल को गिरफ्तार भी कर लिया। वहीं, हिंसा फैलाने के आरोप में अमीनाबाद में एक एफआइआर दर्ज हुई है। 

अमीनाबाद पुलिस ने तीन आरोपितों अनस, इरफान और मोहम्मद अख्तर को गिरफ्तार किया है। उधर, शनिवार को अकबरी गेट के पास कुछ लोग सड़क पर उतर आए और हंगामा करने लगे, जिन्हें पुलिस ने खदेड़ दिया। दरअसल, पुलिस कुछ संदिग्धों को गिरफ्तार करने गई थी, जिसका स्थानीय लोग विरोध करने लगे थे। सुरक्षा के लिहाज से पुराने लखनऊ में पुलिस बल मुस्तैद है और लोगों को एक स्थान पर एकत्रित नहीं होने दिया जा रहा है।

रिहाई मंच का कार्यकता दबोचा गया

हजरतगंज पुलिस ने रिहाई मंच के कार्यकर्ता रॉबिन वर्मा को गिरफ्तार किया है। आरोपित ने लोगों को परिवर्तन चौक पर एकत्र होने के लिए प्रेरित किया था। इसके साथ ही रॉबिन पर हिंसा भड़काने की साजिश रचने का आरोप है। पुलिस ने रिहाई मंच के अन्य पदाधिकारियों को पहले ही गिरफ्तार कर लिया था। शुक्रवार देर रात पुलिस ने साजिश के आरोप में दीपक कबीर को भी दबोच लिया।

ताबड़तोड़ दबिश, वीडियो फुटेज से हो रही पहचान

पुलिस हिंसा को हवा देने वालों की पहचान वीडियो फुटेज और अखबारों में छपी तस्वीर के आधार पर कर रही है। इसके जरिए करीब 20 लोगों को गिरफ्तार किया गया है, जो उपद्रव में शामिल थे। शुक्रवार देर रात में पुलिस ने ताबड़तोड़ दबिश देकर उपद्रवियों को गिरफ्तार किया है। वहीं शनिवार रात में भी पुलिस की टीमें छापेमारी कर रही थीं। पश्चिमी क्षेत्र में क्राइम ब्रांच की टीम ने डेरा डाला है और फोटो के जरिए आरोपितों को चिह्नित कर रही है। सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक टिप्पणी, भड़काऊ पोस्ट व अफवाह फैलाने वालों पर पुलिस नजर रख रही है।

कचहरी पर पीटे गए थे उपद्रवी 

मौलवीगंज इलाके में कुछ अराजक तत्वों ने माहौल बिगाडऩे की कोशिश की, जिसे पुलिस ने काबू कर लिया। वहीं, हिंसा में झोंकने वाले उपद्रवियों की शुक्रवार शाम कचहरी में पेशी के दौरान वकीलों ने जमकर पिटाई की। जिस पर दूसरा गुट बचाव में आ गया। इस कारण स्थिति तनाव पूर्ण हो गई। सुरक्षा के बीच पुलिस ने वकीलों को समझाकर उपद्रवियों को कचहरी से बाहर निकाला। उधर, पुराने शहर के मौलवीगंज में शुक्रवार तीन बजे के करीब कुछ शरारती तत्वों ने नारेबाजी शुरू कर माहौल खराब करने की कोशिश की। तत्काल पुलिस ने हरकत में आते हुए उपद्रवियों का खदेड़ा गया। शुक्रवार देर शाम पुलिस ने सपा के जिलाध्यक्ष जय सिंह के खिलाफ शांति भंग के आरोप में और रिटायर आईपीएस एसआर दारापुरी के खिलाफ उपद्रव की साजिश रचने का मुकदमा दर्ज किया।

 

लखनऊ में 05 करोड़ का नुकसान

सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक पोस्ट कर अफवाह फैलाने वाले चिनहट निवासी इस्रायल को एल्डिको तिराहा चिनहट से गिरफ्तार किया गया। हिंसा फैलाने के आरोप में दीपक कबीर भी गिरफ्तार किया गया है। उधर, थाना ठाकुरगंज से अयैज अली, मो अहमद, मो शोएब, अल्‍लू, इमरान, नयाब अली की भी गिरफ्तारी हुई। बता दें, गुरुवार को हुई हिंसा में करीब 05 करोड़ के नुकसान का अनुमान है। वहीं, गुरुवार तक 150 उपद्रवियों को गिरफ्तार किया गया था। जिसमें 11 कुल मुकदमे, 80 का 151 में चालान, 70 उपद्रवी भेजे जेल गए। 

 

23 दिसंबर तक बंद रहेगा मोबाइल इंटरनेट

राजधानी में अब 23 दिसंबर तक मोबाइल इंटरनेट सेवाएं बाधित रहेंगी। जिला प्रशासन ने प्रमुख सचिव गृह को संस्तुति भेजी गई है। बता दें, हिंसा के चलते प्रशासन ने राज्य के 21 जिलों में इंटरनेट सेवाओं को बाधित कर दिया था। बीते 24 घंटे में लखनऊ, मेरठ, कानपुर, वाराणसी, सहारनपुर, बुलंदशहर, मुजफ्फरनगर, अमरोहा, फिरोजाबाद, बिजनौर, संभल, मुरादाबाद, अलीगढ़, बहराइच समेत 21 जिले में इंटरनेट सेवाएं बाधित रहीं। 

क्‍या कहते हैं डीएम ?

डीएम अभिषेक प्रकाश के मुताबिक, अफवाहों पर अंकुश लगे इसके लिए इंटरनेट सेवाएं सोमवार तक बंद रखने का फैसला किया गया है। उपद्रवियों से राजस्व बकाये की तरह वसूली की जाएगी। इसके लिए अपर जिलाधिकारियों को अधिकार दिए गए हैं। 


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.