उत्तर प्रदेश में ब्रांडेड दवाओं की आड़ में नकली का कारोबार, यूपी एसटीएफ ने तीन को किया गिरफ्तार
Fake Medicines in UP: एसटीएफ की मेरठ इकाई ने एफएसडीए और हिमाचल के औषधि विभाग के साथ गुरुवार को सोलन ...और पढ़ें

अभिषेक सिंह उर्फ रवि मोहम्मद हसीन मोनू कुमार
HighLights
हिमाचल प्रदेश में नकली दवाओं का उत्पादन करने वाली दो फैक्ट्रियां ध्वस्त
मशीनें, पैकिंग सामग्री, कच्चा माल और तैयार दवाएं बरामद
सहारनपुर से हिमाचल प्रदेश तक जुड़े तार
वाराणसी से बद्दी तक नकली दवाओं का साम्राज्य
नामी कंपनियों के नाम पर नकली एंटीबायोटिक
राज्य ब्यूरो, लखनऊ। नामी दवा कंपनियों के नाम पर नकली दवाएं बनाकर बाजार में उतारने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का उत्तर प्रदेश एसटीएफ ने पर्दाफाश किया है।
एसटीएफ की टीम ने बीते 72 घंटे में वाराणसी से गिरोह के सरगना समेत तीन आरोपितों की गिरफ्तारी के साथ हिमाचल प्रदेश में दो अवैध दवा निर्माण इकाइयां पकड़ीं। यहां ब्रांडेड कंपनियों की कूटरचित स्ट्रिप में नकली दवाएं भरकर उत्तर प्रदेश, बिहार, पंजाब समेत कई राज्यों में भेजी जा रही थीं। एसटीएफ की इस कार्रवाई में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (एफएसडीए) की टीमें भी शामिल रहीं।
नकली दवाओं का यह नेटवर्क वाराणसी में मेडिकल स्टोर से शुरू हुई जांच के बाद खुला। 30 अक्टूबर को जंसा क्षेत्र में बिना लाइसेंस मेडिकल स्टोर से नकली नूरोकाइंड-एलसी बरामद हुई थी। दो नवंबर को रोहनिया के परमानंदपुर में एक मकान से 17 प्रकार की संदिग्ध दवाओं का भंडार मिला। निर्माता कंपनियों की जांच में नमूने नकली पाए गए। इसी मामले में बुधवार को एसटीएफ और एफएसडीए ने गिरोह के सरगना अभिषेक सिंह उर्फ रवि को चितईपुर से गिरफ्तार किया।
अभिषेक से पूछताछ में नकली दवाओं के निर्माण का ठिकाना हिमाचल में होने का पता चला। एसटीएफ की मेरठ इकाई ने एफएसडीए और हिमाचल के औषधि विभाग के साथ गुरुवार को सोलन में नालागढ़ के रजपुरा में छापा मारकर मोहम्मद हसीन और मोनू कुमार को गिरफ्तार किया। यहां कैप्सूल भरने की मशीन, अलू-अलू पैकिंग व सीलिंग मशीन, एल्युमिनियम फायल और कच्चा माल बरामद हुआ। दोनों आरोपित नकली दवाओं की पैकिंग व लेबलिंग करते थे।
बद्दी के जुड्डीकलां स्थित वी डी फार्मा में भी बिना लाइसेंस संचालित दूसरी फैक्ट्री पकड़ी गई। यहां टैबलेट, कैप्सूल और सिरप बनाने की मशीनों के साथ कच्चा माल, अर्धनिर्मित व तैयार दवाएं मिलीं। जांच में बदायूं निवासी सुनील कुमार का नाम सामने आया है, जो किराये के ठिकानों पर नकली दवाएं बनाकर सप्लाई करता था। गिरोह ब्रांडेड कंपनियों की पैकिंग का इस्तेमाल कर नकली दवाओं को असली के रूप में बाजार में खपाता था। एसटीएफ अब सहारनपुर समेत अन्य ठिकानों और पूरे नेटवर्क की कड़ियां जोड़ रही है।
पहली छापेमारी 30 अक्टूबर को
30 अक्टूबर 2026 को वाराणसी के औषधि निरीक्षक जुनाब अली, चन्द्रेश द्विवेदी जौनपुर व भदोही के औषधि निरीक्षकों की टीम ने थाना जंसा पुलिस के सहयोग से ग्राम कुरौना-सरौनी स्थित मेसर्स एसपी मेडिकल हाल पर छापा मारा। दुकान का संचालन सुनील कुमार पटेल कर रहा था। मौके पर किसी भी वैध औषधि अनुज्ञप्ति या क्रय-विक्रय के अभिलेख नहीं मिल सके।
मैनकाइंड फार्मा लिमिटेड की न्यूरोकाइंड-एलसी नकली
जांच में मैनकाइंड फार्मा लिमिटेड की न्यूरोकाइंड-एलसी (बैच नंबर बी95वाई032) की एक स्ट्रिप बरामद हुई, जिसे कंपनी के प्रतिनिधि ने नकली करार दिया। इसके अलावा मोंटेयर-एलसी, जेरोडोल-एसपी, पैन-40, ओ2, डेफ्लाजाकोर्ट, क्लावम-625, टैक्सिम-ओ, रैबेप्राजोल, फ्रोजन-एए, स्केलकल-500, सी-एजेड, एमक्लैव-625, गुटडेफ प्लस और सुपरस्पाज जैसी कई संदिग्ध दवाएं मिलीं। कुल मिलाकर करीब पांच लाख रुपये की औषधियां जब्त कर सात बोरों में सील कर दी गईं। छह नमूने जांच के लिए भेजे गए।
सप्लाई चेन का खुलासा
सुनील कुमार पटेल की पूछताछ में सामने आया कि ये दवाएं मेसर्स सुपर ड्रग एजेंसी, लहरतारा में काम करने वाले अशोक कुमार वर्मा से मिली थीं। अशोक ने प्रियंशु तिवारी का नाम बताया। प्रियंशु से जांच आगे बढ़ी तो सुरेन्द्र नाथ मिश्र तक पहुंच गई।
दो नवंबर को दूसरी बड़ी कार्रवाई
दो नवंबर 2026 को थाना रोहनिया क्षेत्र में सुरेन्द्र नाथ मिश्र से संबंधित परिसर पर औषधि निरीक्षक वाराणसी और स्थानीय पुलिस ने छापा मारा। यहां भी बिना किसी वैध लाइसेंस के भारी मात्रा में संदिग्ध दवाएं बरामद हुईं। इनमें न्यूरोकाइंड-एलसी, जेरोडोल-एसपी, पैन-40, क्लावम-625, टैक्सिम-ओ, शेलकल-500, सी-एजेड सहित कई नामी कंपनियों के नाम वाले उत्पाद शामिल थे। करीब दो लाख रुपये की दवाएं जब्त की गईं। ग्यारह नमूने लिए गए और शेष दो बोरों में सील कर दिए गए। सुरेन्द्र नाथ मिश्र ने स्वीकार किया कि ये दवाएं अभिषेक सिंह उर्फ रवि से सप्लाई होती थीं। बातचीत जांगी एप के माध्यम से होती थी और भुगतान नकद व डिजिटल दोनों तरीकों से किया जाता था।
मिली गंभीर विसंगतियां
जांच में गुडसेफ-प्लस और न्यूरोकाइंड-एलसी की स्ट्रिप्स पर मुद्रण संबंधी गंभीर गलतियां और मूल कंपनी के मानकों से भिन्नता पाई गई। अधिकारियों के अनुसार इतनी बड़ी त्रुटियां किसी प्रतिष्ठित कंपनी के असली उत्पाद में संभव नहीं। इन तथ्यों से स्पष्ट हुआ कि बरामद दवाएं नकली (स्पुरियस) श्रेणी की हैं।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।