बसपा संस्थापक काशीराम की 84वीं जयंती आज, श्रद्धासुमन अर्पित करने उमड़े बसपाई
काशीराम की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उनको याद किया गया। साथ ही उनके सपनों को पूरा करने का संकल्प दोहराया।
लखनऊ(जागरण संवाददाता)। बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के संस्थापक काशीराम की 84वीं जयंती पर गुरुवार को पुरानी जेल रोड स्थित काशीराम स्मारक स्थल में कार्यक्रम आयोजित किया गया। पदाधिकारी व कार्यकर्ता बड़ी संख्या में जमा हुए। काशीराम की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उनको याद किया गया। साथ ही उनके सपनों को पूरा करने का संकल्प दोहराया।
बसपा जिलाध्यक्ष डॉ. हरिकृष्ण गौतम ने कहा कि काशीराम ने गरीबों के हक के लिए आजीवन संघर्ष किया। उनके योगदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता। एकजुट होकर काशीराम के सपनों को पूरा करते हुए बसपा को मजबूत करना होगा।
वहीं, पूर्व एमएलसी आरएस कुशवाहा ने कहा कि बसपा के समर्थन से गोरखपुर और फूलपुर उपचुनाव की दोनों सीटे जीतने से कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ा है। सबको सम्मान दिलाने की जो लड़ाई बाबा काशीराम ने शुरू की थी, वह हमें पूरी करनी है। कार्यक्रम में जोन कोऑर्डीनेटर नौशाद अली, राज्य सभा प्रत्याशी भीमराव अंबेडकर, नकुल दुबे, अब्दुल मन्नान, कमलेश भारती आदि शामिल रहे।