गोवा के सीएम मनोहर पर्रीकर के निधन पर बसपा सुप्रीमो मायावती दुखी, जताया शोक
बसपा प्रमुख मायावती ने पर्रीकर के निधन पर शोक व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि गोवा के मुख्यमंत्री व पूर्व रक्षा मंत्री मनोहर परिकर के निधन की खबर अति-दुखद है।
लखनऊ, जेएनएन। बहुजन समाज पार्टी की मुखिया मायावती गोवा के मुख्यमंत्री और पूर्व रक्षामंत्री मनोहर पर्रीकर के निधन पर बेहद दुखी हैं। मायावती ने पर्रीकर के निधन पर शोक व्यक्त किया है। पर्रीकर का कल 63 की उम्र में निधन हो गया। वह पैनक्रियाटिक कैंसर से जूझ रहे थे।
बसपा प्रमुख मायावती ने आज एक प्रेस रिलीज जारी करते हुए पर्रीकर के निधन पर शोक व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि गोवा के मुख्यमंत्री व पूर्व रक्षा मंत्री मनोहर परिकर के निधन की खबर अति-दुख:द है। वह काफी लम्बे समय से बीमार चल रहे थे। मायावती ने कहा कि श्री पर्रीकर बहुत लम्बे समय से राजनीति में सक्रिय रहे तथा चार बार गोवा के मुख्यमंत्री बने। उनके परिवार के प्रति गहरी संवेदना।
मनोहर पर्रीकर विधायक चुने जाने वाले और देश के किसी राज्य के मुख्यमंत्री बनने वाले देश के पहले आइआइटीएन थे। गोवा के मुख्यमंत्री और देश के रक्षा मंत्री रहे मनोहर पर्रीकर सियासत में सादगी की जीती-जागती मिसाल थे। मनोहर पर्रीकर कैंसर से लड़ते-लड़ते जिंदगी की जंग हार गए। पर्रिकर की सादगी और आखिरी वक्त तक जज्बे के साथ देश सेवा के लिए उन्हें हमेशा याद किया जाएगा। वह उत्तर प्रदेश से राज्यसभा के सदस्य भी थे।