दूल्हे के पिता की डिमांड सुन बिफर पड़ी दुल्हन, जयमाल के बाद शादी से किया इन्कार
ठाकुरगंज क्षेत्र स्थित एक लॉन में चल रही थी शादी हंगामा। थाने पहुंचे दोनों पक्ष रात भर चली पंचायत सुबह समझौता।
लखनऊ, जेएनएन। ठाकुरगंज क्षेत्र में स्थित लॉन में सोमवार देर रात शादी समारोह के दौरान फेरों के समय लड़के के पिता ने तीन लाख रुपये दहेज की मांग बढ़ा दी। जिससे गुस्साई लड़की ने रिश्ता तोड़ दिया। काफी देर तक दोनों पक्षों में हंगामा चलता रहा मंगलवार सुबह दोनों पक्षों में थाने में समझौता हो गया।
इंस्पेक्टर दीनानाथ मिश्रा ठाकुरगंज के मुताबिक बारात त्रिवेणी नगर अलीगंज से आई थी। वहीं, लड़की पक्ष के लोग बालागंज क्षेत्र के रहने वाले थे। जयमाल के बाद बालागंज क्षेत्र के रहने वाले लड़की के पिता भँवरों की तैयारी कर रहे थे। लड़की पक्ष का आरोप है कि इस दौरान लड़के के पिता तीन लाख रुपये दहेज की मांग बढ़ा दी और तत्काल रुपये देने की जिद पकड़ ली। इस पर लड़की ने शादी से इंकार कर दिया। दोनों पक्षों में विवाद शुरू हो गया। काफी देर तक हंगामा चलता रहा।
सूचना पर पुलिस पहुंची तो शादी रुक गई। दोनों पक्षों को लेकर थाने गई जहां रात भर पंचायत चली। उसके बाद मंगलवार सुबह दोनों पक्षों में समझौता हो गया। शादी के पूर्व हुए कार्यक्रमों के खर्च और देन का रुपया वापस करने की दोनों पक्षों में बात तय हो गई। वहीं लड़के पक्ष का आरोप है कि लड़की पक्ष ने चढ़ावे के जेवरों के हलके होने की बात कहकर शादी से इंकार किया है। दोनों पक्षों ने कार्रवाई से मना कर दिया। उनके बीच लिखित में समझौता हो गया।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप