विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

भाजपा के वरिष्ठ नेताओं के सामने भी भिड़ने लगे कार्यकर्ता, महोबा और अयोध्या में स्थिति हुई असहज

By Digital Desk Edited By: Dharmendra Pandey
Published: Fri, 30 Jan 2026 05:54 PM (IST)

Indiscipline in BJP: पार्टी के कार्यकर्ता के साथ ही विधायक भी बड़े नेताओं के सामने प्रतिक्रिया व्यक्त करने से नहीं ...और पढ़ें

महोबा में विधायक बृजभूषण राजपूत से मंत्री स्वतंत्र देव (बाएं) की नोकझोंक

महोबा में विधायक बृजभूषण राजपूत से मंत्री स्वतंत्र देव (बाएं) की नोकझोंक

HighLights

  1. महोबा में चरखारी से विधायक ने मंत्री स्वतंत्र देव को रोका

  2. जल जीवन मिशन में काम नहीं होने को लेकर मंत्री से नोक-झोंक

  3. अयोध्या में डिप्टी सीएम केशव प्रसाद के सामने भिड़े कार्यकर्ता

  4. केशव प्रसाद के अंग रक्षकों को करना पड़ा हस्तक्षेप

  5. दोनों मामलों के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल

डिजिटल डेस्क, जागरण, लखनऊ : भारतीय जनता पार्टी में इन दिनों अनुशासनहीनता के मामले बढ़ रहे हैं। पार्टी के कार्यकर्ता के साथ ही विधायक भी बड़े नेताओं के सामने प्रतिक्रिया व्यक्त करने से नहीं चूक रहे हैं। बीते 24 घंटे में अयोध्या और महोबा के मामले की चर्चा सोशल मीडिया पर जमकर हो रही है।

महोबा में शुक्रवार को प्रदेश के जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह शाम चार बजे रामश्री महाविद्यालय में आयोजित एबीवीपी के युवा उद्घोष कार्यक्रम में हिस्सा लेकर लौट रहे थे। इसी बीच चरखारी से भाजपा विधायक बृजभूषण राजपूत ने प्रधानों व समर्थकों सहित उनका काफिला रोक लिया। उनके इस व्यवहार को लेकर मंत्री से उनकी नोकझोंक हो गई। इतना ही नहीं दोनों के सुरक्षा कर्मियों में भी तनातनी शुरू हो गई।

जल जीवन मिशन के तहत कोई काम नहीं

विधायक ने कहा कि जल जीवन मिशन के तहत कोई काम नहीं हुआ है। पेयजल सप्लाई के लिए लाइन डालने के लिए सड़कें खोद दी गई हैं। इससे ग्रामीणों को परेशानी हो रही है। वहां मौजूद एमएलसी जितेंद्र सिंह सेंगर ने विधायक व मंत्री से बात की। इसके बाद सभी लोग कलेक्ट्रेट पहुंचे। बंद कमरे में बातचीत हुई और मीडिया को नहीं जाने दिया गया। इसके बाद में मंत्री स्वतंत्र देव सिंह काे सुरक्षा घेरे में अमानपुरा महोबकंठ के लिए प्रस्थान कराया गया।

प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य गुरुवार को अयोध्या में थे। यहां पर उनके सामने ही भाजपा के कार्यकर्ता भिड़ गए। उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य यहां गोसाईगंज के पूर्व विधायक इंद्र प्रताप तिवारी खब्बू की मां के निधन के बाद आयोजित शांति भोज में श्रद्धांजलि देने पहुंचे थे।

अयोध्या में डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य के मौजूदगी में जिला अध्यक्ष संजीव सिंह और सच्चिदानंद पांडेय में विवाद होने लगा। विवाद के साथ दोनों नेताओं ने मर्यादाओं को तार-तार करने के साथ एक दूसरे को धक्का दिया। इसके बाद उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के अंगरक्षकों को दखल देना पड़ा।

भाजपा जिला अध्यक्ष संजीव सिंह और नेता सच्चिदानंद पांडेय यहां स्कूली बच्चों के तरीके लड़ते नजर आए। सच्चिदानंद पाण्डेय अयोध्या से बसपा के टिकट पर लोकसभा का चुनाव से लड़ चुके हैं। इनके विवाद का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी के साथ वायरल हो रहा है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।