ध्रुवीकरण नहीं, एकजुटता को है 'बंटोगे तो कटोगे' का संदेश; UP में बनेगी पूर्ण बहुमत की भाजपा सरकार : योगी आदित्यनाथ
CM Yogi Adityanath: मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा अपने नेतृत्व, कार्यकर्ताओं और डबल इंजन सरकार की उपलब्धियों के आधार पर जनता के बीच जाएगी।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ
HighLights
मुख्यमंत्री ने ओवैसी और चंद्रशेखर को बताया इंडी गठबंधन की बी टीम
एसआईआर को बताया मतदाता सूची के शुद्धिकरण का महत्वपूर्ण प्रयास
सीटों की संख्या पर बोले, जनता के साथ बनेगी पूर्ण बहुमत की सरकार
राज्य ब्यूरो, लखनऊ । मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने नारे 'बंटोगे तो कटोगे' को लेकर कहा है कि यह संदेश ध्रुवीकरण के लिए नहीं, बल्कि समाज को सतर्क और एकजुट करने के लिए है। वर्तमान तभी सुरक्षित रह सकता है, जब समाज अतीत के अनुभवों को याद रखे।
उन्होंने अभिभावकों और युवाओं से नई पीढ़ी को पिछली सरकारों के समय की अराजकता, दंगे, कर्फ्यू और असुरक्षा के दौर की जानकारी देने की अपील की। जवाहर बाग प्रकरण, मुजफ्फरनगर, कोसीकलां व अलीगढ़ दंगों और बरेली हिंसा का जिक्र कर कहा कि आज प्रदेश दंगा और कर्फ्यू मुक्त है। मुख्यमंत्री ने चंद्रशेखर और असद्दुदीन ओवैसी को इंडी गठबंधन की बी टीम बताया। उन्होंने वर्ष 2027 में तीसरी बार भाजपा की पूर्ण बहुमत की सरकार बनने का भी दावा किया।
एक मीडिया समूह के कार्यक्रम में बुधवार को मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा अपने नेतृत्व, कार्यकर्ताओं और डबल इंजन सरकार की उपलब्धियों के आधार पर जनता के बीच जाएगी। क्या एनडीए 320 सीटों का लक्ष्य पार कर पाएगा, इस पर योगी बिना सीटों की संख्या का उल्लेख किए कहा कि हमें जनता का समर्थन मिलेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा सरकार ने कानून-व्यवस्था को मजबूत कर भयमुक्त वातावरण तैयार किया है। पहले दंगाइयों को स्टेट प्लेन से बुलाकर मुख्यमंत्री आवास में माला पहनाई जाती थी। आज दंगाइयों को दाग दिया जाता है। एनडीए में सीट बंटवारे पर कहा कि सीटों और रणनीति से जुड़े निर्णय भाजपा की चुनाव समिति और सहयोगी दल आपसी सहमति से तय करेंगे।
गठबंधन के सभी सहयोगी साथ हैं और साथ रहेंगे। आसपा और एआइएमआइएम के गठबंधन को लेकर कहा कि ये दोनों नेता इंडी गठबंधन की बी टीम के रूप में काम कर रहे हैं। इनके राजनीतिक एजेंडे और गतिविधियों से सपा-कांग्रेस को मदद मिलती है। आरोप लगाया कि समाज को बांटकर राजनीतिक लाभ लेने की कोशिश की जा रही है, लेकिन जनता विकास, सुशासन और सामाजिक एकता के पक्ष में है।
विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को मुख्यमंत्री ने मतदाता सूची के शुद्धिकरण का महत्वपूर्ण प्रयास बताया। पिछले दिनों उन्होंने 1.27 करोड़ हिंदुओं के नाम मतदाता सूची से गायब होने की बात कही थी। जिसके बाद विपक्षियों द्वारा सवाल उठाए जा रहे थे और इसे एसआइआर की गड़बड़ी से भी जोड़ा जा रहा था।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मृत मतदाताओं और गैर भारतीयों के नाम सूची से हटने चाहिए, जबकि प्रत्येक वयस्क भारतीय का नाम शामिल होना चाहिए। भाजपा कार्यकर्ता इस प्रक्रिया में सहयोग करेंगे, ताकि कोई पात्र मतदाता सूची में शामिल होने से वंचित न रहे। निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस अपनी राजनीतिक विफलता का दोष कभी ईवीएम, कभी वोट चोरी और कभी निर्वाचन आयोग पर डालती है। बिना तथ्य और प्रमाण के संस्थाओं पर सवाल उठाना लोकतांत्रिक व्यवस्था का अपमान है।
सपा की पीडीए राजनीति पर कहा कि सपा नेताओं के बयान और व्यवहार उसका वास्तविक चेहरा सामने लाते हैं। कई बयानों का उल्लेख कर सपा पर दलितों और महापुरुषों का अपमान करने का आरोप लगाया। राम मंदिर चंदा प्रकरण पर कहा कि साक्ष्यों के आधार पर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की गई है। आरोप लगाया कि सपा और कांग्रेस ने तुष्टीकरण की राजनीति के कारण राम मंदिर निर्माण का विरोध किया और अयोध्या में विकास कार्यों में बाधाएं खड़ी कीं। रामभक्तों पर गोली चलवाने वाले दल आज राम मंदिर और अयोध्या के विकास पर सवाल उठा रहे हैं।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।