भाजपा की जिला प्रभारी सूची में कई प्रदेश पदाधिकारी वंचित, संतुलन साधने का प्रयास
भाजपा ने जिला प्रभारियों की सूची जारी की है, जिसमें उपेंद्र रावत और राजेश यादव समेत कई प्रदेश पदाधिकारियों को ...और पढ़ें

HighLights
उपेंद्र रावत समेत कई प्रदेश पदाधिकारियों को जिला प्रभार नहीं मिला।
प्रदेश टीम से बाहर हुए चेहरों को जिलों का प्रभारी बनाया गया।
पार्टी ने अनुभवी और नए चेहरों के बीच संतुलन बनाने का प्रयास किया।
राज्य ब्यूरो, लखनऊ। भाजपा ने जिला प्रभारियों की सूची घोषित तो कर दी, लेकिन चुनावी वर्ष होने की वजह से पार्टी दर्जनभर से ज्यादा प्रदेश पदाधिकारियों को जिलों का प्रभारी बनाने का विश्वास नहीं दिखा सकी।
माना जा रहा है कि प्रदेश इकाई में ज्यादातर नए चेहरे होने की वजह से पार्टी ने अनुभवी चेहरों पर ही दांव लगाया है। उधर, 25 जून को घोषित प्रदेश की टीम एवं क्षेत्रीय अध्यक्षों की सूची से हटाए गए नामों को जिलों का प्रभारी बनाकर उनका मलाल दूर किया है। नौ एमएलसी भी विभिन्न जिलों के प्रभारी बनाए गए हैं।
नाम न होने के विशेष राजनीतिक अर्थ
बाराबंकी के पूर्व सांसद एवं प्रदेश महामंत्री बनाए गए दलित चेहरा उपेंद्र रावत को न किसी क्षेत्र का प्रभारी बनाया गया और न ही मोर्चों में जगह मिली। अब जिला प्रभारी की सूची में भी नाम न होने के विशेष राजनीतिक अर्थ निकाले जा रहे हैं। प्रदेश उपाध्यक्ष राजेश यादव, सपा से भाजपा में आईं विधायक पूजा पाल, कृतिका अग्रवाल, आलोक गुप्ता, कृष्ण बिहारी राय व सुरेश मौर्य को जिलों का प्रभारी नहीं बनाया गया।
दीपमाला संतोषी भी सूची से बाहर
वहीं, प्रदेश मंत्रियों में से विजय शिवहरे, रजनी पांडे, विजय राजभर, यतेंद्र शर्मा, अंकुर शर्मा, राकेश लोधी, किरण बिंद निषाद, संचिता चौहान, आकांक्षा सोनकर, सुभाषिनी जायसवाल एवं दीपमाला संतोषी को भी सूची से बाहर रखा, जबकि अन्य प्रदेश मंत्रियों प्रमेंद्र जांगड़ा, वसंत त्यागी एवं सहजानंद राय को प्रभारी बनाया गया है। वहीं, पिछली प्रदेश इकाई से जिन अनुभवी चेहरों को बाहर किया गया था, इस बार पार्टी ने उनका ध्यान रखने का प्रयास किया है।
पार्टी ने किया संतुलन बनाने का प्रयास
पूर्व प्रदेश महामंत्री अनूप गुप्ता को अयोध्या, पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष संतोष सिंह को उन्नाव एवं त्रयंबक त्रिपाठी को लखनऊ, विजय बहादुर पाठक को लखीमपुर, कांता कर्दम को गौतमबुद्धनगर, दिनेश शर्मा को बरेली जिला, पूर्व मंत्री अशोक कटारिया को गाजियाबाद महानगर, प्रदेश मंत्री चंद्रमोहन को संभल व मीना चौबे को चंदौली, अवध के पूर्व क्षेत्रीय अध्यक्ष कमलेश मिश्र को हरदोई और पश्चिम के पूर्व क्षेत्रीय अध्यक्ष सतेंद्र सिसौदिया को अमरोहा दिया गया है।
इसी प्रकार पिछली इकाई में जगह न बना सकने वाले पूर्व महामंत्री सुभाष यदुवंश को सोशल मीडिया का प्रभारी, जबकि गोविंद नारायण शुक्ल को कार्यालय प्रभारी बनाकर पार्टी ने संतुलन बनाने का प्रयास किया है।
यह भी पढ़ें- मिशन-2027 के लिए भाजपा की गोरखपुर में चुनावी तैयारी तेज, तावड़े ने दिया जीत का मंत्र
