भाजपा प्रदेश प्रभारी विनोद तावड़े ने संभाला मोर्चा, क्षेत्रों में जाकर देंगे चुनावी तैयारियों को धार
Vinod Tawde: उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य व ब्रजेश पाठक ने भी शनिवार को रात में ही तावड़े से पार्टी मुख्यालय पर मुलाकात की थी।

मुख्यमंत्री आवास में तावड़े ने योगी आदित्यनाथ से मुलाकात की। साथ उत्तर प्रदेश के प्रदेश सह-प्रभारी जगदीश पटेल भी थे
HighLights
प्रदेश भाजपा प्रभारी विनोद तावड़े ने की मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात
मुलाकातों व बैठकों के माध्यम से भाजपा की चुनावी तैयारियों को परख वापस लौटे
राज्य ब्यूरो, लखनऊ। भारतीय जनता पार्टी उत्तर प्रदेश का प्रभारी नियुक्त होने के बाद पहली बार लखनऊ आए राष्ट्रीय महामंत्री विनोद तावड़े ने अपने दो दिवसीय लखनऊ प्रवास के दौरान सारा ब्लू प्रिंट तैयार कर लिया।
राष्ट्रीय महामंत्री विनोद तावड़े ने अपने दो दिवसीय प्रवास के दौरान विधान सभा चुनाव के लिए पार्टी की तैयारियों को परखा। इसके लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ ही दोनों उप मुख्यमंत्रियों से मुलाकात और बातचीत भी की।
क्षेत्रीय पदाधिकारियों से कहा कि वह जल्द ही सभी क्षेत्रों का दो दिवसीय दौरा करेंगे। इस दौरे में विधान सभा चुनाव की आगे की रणनीति पर बातें होंगी। पहले दौरे में ही तावड़े यह संकेत दे गए कि वह प्रदेश मुख्यालय पर बैठकर नहीं बल्कि क्षेत्रों व जिलों में जाकर विधान सभा चुनाव की तैयारियों को धार देंगे।
तावड़े ने रविवार को सुबह मुख्यमंत्री के सरकारी आवास पर उनसे मुलाकात की। मुख्यमंत्री से बातचीत के बाद पार्टी मुख्यालय लौटने पर उन्होंने दिन में 11 बजे से क्षेत्रीय अध्यक्षों व महामंत्रियों के साथ ही मोर्चों के प्रदेश अध्यक्षों के साथ बैठक की।
बैठक में पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी व प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह भी उपस्थित थे। उन्होंने क्षेत्रों की नई टीमों को शुभकामनाएं देते हुए बूथ प्रबंधन में जुट जाने के निर्देश दिए। हारी बूथों को चिन्हित करते हुए वहां पार्टी को मजबूत करने को कहा।
बैठक में उपस्थित एक-एक पदाधिकारी ने विस्तार से अपनी राजनीतिक यात्रा व संगठनात्मक कार्यों के अनुभव से उन्हें अवगत कराया। तावड़े ने भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सूर्य प्रताप शाही तथा भूपेंद्र चौधरी से भी विधान सभा चुनाव पर चर्चा की।
दोपहर करीब दो बजे वह मु्ंबई जाने के लिए एयरपोर्ट रवाना हो गए। शनिवार को रात में ही उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य व ब्रजेश पाठक ने भी तावड़े से पार्टी मुख्यालय पर मुलाकात की थी। उल्लेखनीय है कि शनिवार को मीडिया से बातचीत में तावड़े ने संकेत दिए थे कि वह विधान सभा चुनाव में सपा के पीडीए फार्मूले की धार को कमजोर करने का काम करेंगे।
पूरे विश्वास से कहा था कि पार्टी कार्यकर्ता सपा के पीडीए दांव को नाकाम करने में कामयाब होंगे। पार्टी पूरी मजबूती के साथ चुनाव मैदान में उतरेगी और अगले पांच साल के लिए प्रदेश में फिर से भाजपा की सरकार बनेगी।
