विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'जनता का भरोसा NDA पर, इंडी गठबंधन में सिर्फ सीटों की खींचतान...', भाजपा नेताओं का सपा-कांग्रेस पर तीखा हमला

Published: Mon, 23 Nov 2026 05:44 PM (GMT+05:30)

सपा-कांग्रेस के बीच सीट बंटवारे को लेकर चल रही खींचतान पर भाजपा नेताओं ने तीखा हमला बोला है। भाजपा ने कहा कि इंडी गठबंधन में सकारात्मक तालमेल नहीं है और जनता का भरोसा एनडीए पर है, जो 2027 में फिर सत्ता में आएगा।

उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी जंग तेज हो गई है।

उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी जंग तेज हो गई है।

HighLights

  1. मंत्री नरेंद्र कश्यप: इंडी गठबंधन में सकारात्मक तालमेल का अभाव।

  2. दानिश आजाद अंसारी: सपा-कांग्रेस सीटों के लिए आपस में खींचतान कर रहे।

  3. नीरज सिंह: एनडीए एकजुट, 2027 यूपी चुनाव में कमल खिलेगा।

डिजिटल टीम, लखनऊ। सपा-कांग्रेस के बीच सीट बंटवारे को लेकर चल रही खींचतान पर भाजपा नेताओं ने तीखा निशाना साधा है। मंत्री नरेंद्र कश्यप ने कहा कि इंडी गठबंधन में कभी सकारात्मक तालमेल नहीं रहा। जबकि, मंत्री दानिश आजाद अंसारी ने दोनों दलों के बीच सीटों को लेकर आपसी खींचतान का आरोप लगाया। वहीं, यूपी भाजपा के उपाध्यक्ष नीरज सिंह ने कहा कि विपक्षी दलों की साजिशें नाकाम हो जाएंगी। एनडीए के सभी दल 2027 के लिए मजबूती से एकजुट हैं।

'गठबंधन चुनाव तक सीमित, जमीन पर कोई असर नहीं'

नरेंद्र कश्यप ने कहा कि इंडी गठबंधन के दलों के बीच कभी सकारात्मक तालमेल नहीं रहा। चुनाव के समय गठबंधन की बात होती है, लेकिन चुनाव खत्म होते ही ये दल अलग-अलग रास्तों पर चलने लगते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सत्ता हासिल करने के लिए ये दल सिद्धांतों और विचारों से समझौता करते हैं। हकीकत यह है कि इस गठबंधन का यूपी में कोई जनाधार नहीं है।

'सीटों के लिए आपस में खींचतान कर रहे गठबंधन के दल'

दानिश आजाद अंसारी ने कहा कि इंडी अलायंस के घटक दलों के बीच इतनी खींचतान है कि कोई किसी की सुनने को तैयार नहीं है। सीट शेयरिंग के बहाने दोनों दल एक-दूसरे को अपनी राजनीतिक हैसियत दिखा रहे हैं। बैठक में दोनों दल ज्यादा से ज्यादा सीटें हासिल करने की कोशिश में लगे हैं, ताकि जनता को गुमराह किया जा सके। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश की 25 करोड़ जनता NDA पर विश्वास करती है और यही वजह है कि गठबंधन लगातार दो बार से सत्ता में है। 2027 में डबल इंजन की सरकार फिर प्रचंड बहुमत के साथ सत्ता में आएगी।

'एनडीए के सभी घटक दल 2027 के लिए एकजुट'

नीरज सिंह ने कहा कि सपा-कांग्रेस के बीच सीटों को लेकर किस तरह से घमासान मचा हुआ है, यह सब देख ही रहे हैं। चुनाव से पहले ही इन्हें अपनी हार नजर आ रही है, इसीलिए ये आपस में ही लड़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि एनडीए के सभी घटक दल मजबूती से एक साथ खड़े हैं। 2027 में प्रदेश में लगातार तीसरी बार कमल खिलेगा।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।