यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Dec 30, 2019 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
सीएम योगी पर प्रियंका के वार के बाद भाजपा का पलटवार, दिनेश शर्मा ने कहा- वह भगवा चोले का महत्व नहीं जानतीं
उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा ने कांग्रेस महासचिव व प्रदेश प्रभारी प्रियंका गांधी वाड्रा पर पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि प्रियंका का बयान आपत्तिजनक व निंदनीय है।

लखनऊ, जेएनएन। उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा ने कांग्रेस महासचिव व प्रदेश प्रभारी प्रियंका गांधी वाड्रा पर पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के भगवा कपड़े और हिंदुत्व के खिलाफ प्रियंका का बयान आपत्तिजनक है। मुझे लगता है कि वह भगवा रंग और उसके महत्व के बारे में पूरी तरह से अनजान हैं। उन्हें देश की संस्कृति, हिंदू संस्कृति के बारे में जानकारी नहीं है।
सोमवार को प्रियंका गांधी वाड्रा के प्रेस कांफ्रेंस के बाद उप मुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा ने पत्रकार वार्ता कर कहा कि प्रियंका गांधी ने अनर्गल आरोप लगाए हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के पहनावे पर भी सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने भगवा को आक्षेपित करने का प्रयास किया है। उन्होंने प्रियंका के बयानो की घोर निदा करते हुए कहा कि उनके परिवार में जो संस्कार हैं, उसमें भगवा का कहीं स्थान नहीं है। इसलिए वह जानते नहीं कि भगवा कि क्या संस्कृति है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री किसी परिवार से नहीं आते, वह मठ से आते हैं। उन्होंने अपने पहनावे व संस्कृति के प्रति पूर्ण निष्ठा बनाए रखी है। कांग्रेस को ऐसा आरोप लगाने की आदत हो गई है।
डॉ. शर्मा ने कहा कि प्रियंका वाड्रा दंगाइयों का समर्थन कर रही हैं। उन्होंने मीडिया कवरेज के लिए तमाशा खड़ा किया। उपचुनाव चुनाव में हार से परेशान कांग्रेस वर्ग विशेष को लुभाना चाहती है। सपा और कांग्रेस के बीच तुस्टीकरण की होड़ मची है। भगवा को गलत तरह से प्रस्तुत किया जा रहा है। प्रियंका वाड्रा और अखिलेश यादव भगवा को लेकर दुष्प्रचार कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार का काम कानून व्यवस्था को कायम रखना है। किसी निर्दोष के खिलाफ कार्रवाई नहीं होगी। जिन्होंने राज्य की संपत्ति को नुकसान पहुंचाया, उन लोगों पर ही कार्रवाई हो रही है। उन्होंने कहा कि सीएए और एनआरसी के बारे में लगातार कांग्रेस और सपा जनता को गुमराह कर रहे हैं। इसके लिए बकायदा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी कहा है कि सीएए दूसरे देश के लोगों को नागरिकता प्रदान करने के लिए कानून लाया गया है। कांग्रेस फिर भी लोगों को बरगला रही है। लोगों को इकट्ठा कर रही है। उन्होंने कहा कि उपद्रवियों को कांग्रेस के बड़े नेता क्या संदेश देना चाहते हैं। प्रदर्शनकारी शांत हैं, उनके पक्ष में खड़े होने से हमें कोई आपत्ति नहीं, लेकिन उपद्रवियों के साथ न खड़े मत हों।
बता दें कि लखनऊ में कांग्रेस महासचिव प्रियंका वाड्रा ने फिर सरकार पर हमला बोला है। प्रदेश मुख्यालय में पत्रकारों से बातचीत में प्रियंका ने कहा कि योगी जी यह भगवा आपका नहीं, हिन्दू धर्म का प्रतीक है। इसमें हिंसा की कोई जगह नहीं है। भगवा पहना है तो इसका मूल्य भी समझिए। यह प्रेम और करुणा का संदेश देने वाले राम और कृष्ण का देश है। यहां भगवान शिव की बारात में सभी नाचते हैं।
प्रियंका गांंधी की फ्लाइट कैंसिल, सड़क मार्ग से रवाना
लखनऊ में कोहरे से विजिबिलिटी कम होने के कारण प्रियंका गांधी सड़क मार्ग से दिल्ली रवाना हुुुुईं। अमौसी एयरपोर्ट पर फ्लाइट कैंसिल होने की सूचना के बाद प्रियंका गांधी सड़क मार्ग से दिल्ली के लिए रवाना हुईं।
