Move to Jagran APP

BJP Rally in CAA Support: अमित शाह ने कहा,कांग्रेस ने नहीं बनने दिया राम मंदिर, हम तीन माह में बनवाएंगे

BJP Rally in CAA Support सीएए के समर्थन में भाजपा मंगलवार को लखनऊ में रैली आयोजित। रैली में भाग लेने पहुंचे केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह।

By Umesh TiwariEdited By: Published: Mon, 20 Jan 2020 09:50 PM (IST)Updated: Tue, 21 Jan 2020 04:11 PM (IST)
BJP Rally in CAA Support: अमित शाह ने कहा,कांग्रेस ने नहीं बनने दिया राम मंदिर, हम तीन माह में बनवाएंगे
BJP Rally in CAA Support: अमित शाह ने कहा,कांग्रेस ने नहीं बनने दिया राम मंदिर, हम तीन माह में बनवाएंगे

लखनऊ, जेएनएन। नागरिकता संशोधन कानून (CAA) के समर्थन में भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने मंगलवार को राजधानी के बंगला बाजार इलाके के रामकथा पार्क में क्षेत्रीय रैली आयोजित की है। रैली में भाग लेने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह मंच पर पहुंचे। भारत माता के जयकारे के साथ केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने संबोधन शुरू किया। उन्‍होंने सबसे पहले विपक्षी दलों पर निशाना साधा। अमित शाह ने कहा कि मोदी जी नागरिकता संशोधन कानून लेकर आये और इसके खिलाफ राहुल बाबा एंड कंपनी, ममता, अखिलेश, बहन मायावती ये सारी की सारी ब्रिगेड सीएए के खिलाफ काव-काव-काव करने लगी। कांग्रेस जब थी, तब तक अयोध्या में श्री राम मंदिर बनने नहीं दिया। मोदी जी को आपने चुना तो तीन महीने में गगनचुम्बी रामलला मंदिर बनने जा रहा है।

loksabha election banner

मैं चुनौती देता, विपक्ष CAA पर सार्वजनिक बहस करे 

अमित शाह ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि यह ‘जन जागरण अभियान’ दुष्प्रचार करने वालों के खिलाफ लोगों के जागृति अभियान है। सीएए के खिलाफ दुष्प्रचार प्रचार किया जा रहा है कि इस बिल से मुस्लिमों की नागरिकता चली जाएगी। मैं चुनौती देता हूं कि मंच आप चुन लीजिये मैं इस मुद्दे पर बहस के लिये तैयार हूं। शाह ने कहा कि अफगानिस्तान और पाकिस्तान में अल्पसंख्यकों पर जुल्म हो रहा है। यह सिलसिला आजादी के वक्त से चला आ रहा है। जब देश आजाद हुआ, कांग्रेस के पाप के कारण धर्म के आधार पर भारत मां के दो टुकड़े हो गए। 16 जुलाई, 1947 को कांग्रेस पार्टी ने प्रस्ताव पास करके धर्म के आधार पर विभाजन को स्वीकार किया। उन्होंने कहा कि इन आंख के अंधे और कान के बहरे लोगों को वहां अल्पसंख्यकों पर अत्याचार दिखाई नहीं दे रहा है। आफगानिस्तान और पाकिस्तान तो दूर की बात उनको अपने देश कश्मीर में लोगों पर अत्याचार दिखाई नहीं दे रहा है। मैं आज डंके की चोट पर कहने लखनऊ आया हूं कि जिसको जो करना है कर ले सीएए वापस नहीं होने वाला है।

देश हित की जो भी बात हो बस कांग्रेस को विरोध करना है 

केंद्रीय गृह मंत्री ने कहा कि गांधी जी ने कहा था कि पाकिस्तान के हिंदू जब चाहें भारत आ सकते हैं। नेहरू जी ने भी यही कहा था। इंदिरा गांधी ने भी कहा था कि बांग्लादेश के अल्पसंख्यकों शारण देने की वकालत की थी, लेकिन यह कांग्रेस सुनना नहीं चाहती है। उन्होंने कहा कि मैं ममता दीदी से कहना चाहता हूं जो बंगाली पीड़ित बाहर से आए हैं उनको नागरिकता देने में आपको तकलीफ क्या है। यही काम जब आप कर रहे हो तो ठीक, लेकिन वही काम मोदी जी करें तो विरोध कर रहे हो। देश हित की जो भी बात हो उसका विरोध इनको करना है। उन्‍होंने कहा कि जवाहरलाल नेहरू ने जो गलती की थी उसे 5 अगस्त, 2019 को मोदीज जी ने सुधार दिया। आज कश्मीर से 370 हटने से आतंकवाद समाप्त होने वाला है। उन्होंने कहा कि ट्रिपल तलाक मुस्लिम देशों में नहीं, लेकिन यहां संभल कर रखा गया था। इसे भी मोदी जी खत्म कर दिया।

तीन माह में बनेगा गगनचुम्बी रामलला मंदिर 

शाह ने कहा कि हम एयर स्ट्राइक और सर्जिकल स्ट्राइक करते हैं। उसका भी ये विरोध करते हैं। कहा कि कांग्रेस जब थी, तब तक अयोध्या में श्री राम मंदिर बनने नहीं दिया। मोदी जी को आपने चुना तो तीन महीने में गगनचुम्बी रामलला मंदिर बनने जा रहा है। इसका भी ये विरोध कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि जो इमरान खान की भाषा है, वही राहुल गांधी की भाषा है। दोनों की भाषा एक है। उन्होंने कहा कि मोदी जी सीएए लेकर आये। जिनके पास रहने के लिए घर नहीं है, खाने के लिए खाना नहीं है, उनको मोदी जी ने सम्मान देने का काम किया है। उन्होंने लोगों से अपील की कि 8866288662 डायल कर मोदी जी का समर्थन करें। 

यह भी पढ़ें : BJP CAA Support Rally in Lucknow: अमित शाह ने भरी हुंकार, तस्‍वीरों में देखें रैली का नजारा

भारत मां को गाली देने वालों को बर्दाश्‍त नहीं किया जाएगा

देश विराधी नारे लगाए जा रहे हैं, भाजपा सरकार ऐसे देश द्रोहियों को जेल भेज रही है। बहन मायावती और अखिलेश इनके समर्थन में आ गए हैं। मैं कहना चाहता हूं कि आप मुझे गाली दो, मेरी पार्टी को गाली दो हम सुन लेंगे, लेकिन भारत मां को गाली देने वालों को बदाश्‍त नहीं किया जाएगा। जो भी भारत मां को गाली देगा, उसे सलाखों के पीछे भेजा जाएगा। 

इस दौरान उनके साथ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह, प्रदेश महामंत्री संगठन सुनील बंसल और उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य व दिनेश शर्मा भी मौजूद हैं। 

पैसे देकर धरना करवाया जा रहा है,  देश के खिलाफ साजिश हो रही है : योगी आदित्यनाथ

इससे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि आजादी के बाद कांग्रेस के पाप को परिमार्जन करने का काम अमित शाह के नेत्रत्व में किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि देश सर्वोपरि है। उसके साथ राजनीति स्वीकार नहीं है। कश्मीर का मुद्दा हो या फिर राम मंदिर, चाहे शरणार्थियों को नागरिकता देने का मुद्दा हो, ये सभी कार्य प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और अमित शाह के नेत्रत्व में किया गया है। योगी ने कहा कि पैसे देकर धरना करवाया जा रहा है। देश के खिलाफ साजिश हो रही है। हम सभी मौन नहीं रह सकते हैं। उन्होंने कहा कि देश के अंदर दुश्मनों की भाषा कांग्रेस बोल रही है।

 

घंटाघर पार्क में मुस्लिम महिलाएं कर रही विरोध 

सीएए को लेकर विपक्षी दलों के दुष्प्रचार के खिलाफ भाजपा की प्रदेश में यह तीसरी रैली है। राजधानी के घंटाघर पार्क में मुस्लिम महिलाएं सीएए के विरोध में धरना दे रही हैं। लिहाजा सीएए के समर्थन में अपनी रैली को धार देने और विरोधियों के झूठ को बेनकाब करने के लिए भाजपा ने मुकम्मल व्यवस्था की है।

रैली का हिस्‍सा बनने पहुंची मुस्लिम महिलाएं 

वहीं, रैली का हिस्‍सा बनने मुस्लिम महिलाएं मौके पर पहुंची है। खुलकर वह समर्थन कर रही हैं। लोगों की भीड़ बढ़ती ही जा रही है। ऐसा लगता है कि इस बार लखनऊ में हो रही यह समर्थन रैली प्रदेश में शिखर स्‍थापित करेगी। दूर-दराज के क्षेत्रों से लोग धीरे-धीरे पहुंच रहे हैं। 

यह भी पढ़ें : Amit Shah Rally in Lucknow : लखनऊ में अमित शाह की रैली आज, इन रास्‍तों पर रहेगी रोक 

लग गई कुर्सियां, बिछा कारपेट

रैली के लिए तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। रैली स्‍थल पर कुर्सियां लग चुकी हैं। इसकी तैयारियों की बागडोर खुद भाजपा के प्रदेश महामंत्री (संगठन) सुनील बंसल ने थामी। सोमवार को उन्होंने रैली स्थल का निरीक्षण किया और तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए बैठक की। बैठक में अवध क्षेत्र के प्रभारी जेपीएस राठौर, प्रदेश मंत्री अनूप गुप्ता, क्षेत्रीय अध्यक्ष सुरेश तिवारी, नगर विकास मंत्री आशुतोष टंडन, राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) स्वाती सिंह, राज्यमंत्री मोहसिन रजा तथा रैली की व्यवस्था से जुड़े सभी प्रमुख लोगों ने भाग लिया।

लखनऊ के बाद मेरठ और कानपुर का नंबर 

इससे पहले भाजपा सीएए के समर्थन में 18 जनवरी को वाराणसी और 19 तारीख को गोरखपुर में रैली आयोजित कर चुकी है। लखनऊ रैली के बाद 22 जनवरी को मेरठ और कानपुर में क्षेत्रीय रैलियां होंगी। मेरठ की रैली को केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह तो कानपुर की रैली को केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर संबोधित करेंगे। वहीं 23 जनवरी को आगरा में होने वाली क्षेत्रीय रैली में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा मुख्य वक्ता होंगे।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.