भाजपा लगातार बढ़ा रही हरीश द्विवेदी का कद, राष्ट्रीय महामंत्री के बाद अब युवा मोर्चा के राष्ट्रीय प्रभारी भी नियुक्त
Harish Dwivedi BJP: भाजपा ने गुरुवार को सात राष्ट्रीय प्रभारियों के नाम की घोषणा की। जिनमें हरीश द्विवेदी को युवा ...और पढ़ें

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के साथ हरीश द्विवेदी
HighLights
बस्ती से पूर्व सांसद हरीश द्विवेदी के साथ सात अन्य प्रभारियों के नाम की घोषणा
बस्ती से 2014 और 2019 का लोकसभा चुनाव जीते थे हरीश द्विवेदी
डिजिटल डेस्क, लखनऊ। उत्तर प्रदेश के बस्ती से लोकसभा के सदस्य रहे हरीश द्विवेदी का भाजपा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी में कद बढ़ता जा रहा है। बीते दिनों घोषित नितिन नवीन की टीम में हरीश द्विवेदी को राष्ट्रीय महामंत्री बनाया गया था और अब उनको युवा मोर्चा का राष्ट्रीय प्रभारी नियुक्त किया गया है।
भाजपा ने गुरुवार को सात राष्ट्रीय प्रभारियों के नाम की घोषणा की। जिनमें हरीश द्विवेदी को युवा मोर्चा तो राजस्थान के वरिष्ठ नेता सतीश पूनिया को एसटी मोर्चा की कमान सौंपी गई है। भारतीय जनता पार्टी ने संगठन के स्तर पर नए सात अलग-अलग मोर्चों के प्रभारियों को नियुक्त किया है।
भाजपा के राष्ट्रीय सचिव रहे हरीश द्विवेदी 2014 और 2019 में बस्ती से लोकसभा चुनाव जीते थे। वह भाजपा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी में महामंत्री हैं।
सतीश पूनिया राजस्थान भाजपा के कद्दावर नेता हैं। राजस्थान में भाजपा के अध्यक्ष रहे पूनिया ने हरियाणा विधानसभा चुनाव में बतौर प्रभारी भाजपा की जीत की हैट्रिक पूरी करवाई थी। पूनिया अभी राज्यसभा सदस्य हैं और उन्हें एसटी मोर्चा का प्रभारी बनाया गया है।
आंध्र प्रदेश में भाजपा की प्रदेश अध्यक्ष रहीं दग्गुबती पुरंदेश्वरी (डी. पुरंदेश्वरी) को महिला मोर्चा का प्रभारी बनाया गया है। राज्यसभा सदस्य हरियाणा के संजय भाटिया को एससी मोर्चा का प्रभारी नियुक्त किया गया है। भाटिया भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री भी हैं।
ओबीसी मोर्चा की प्रभारी बनाए गए बैजयंत पांडा ओड़िशा में भाजपा की बड़े नेता और भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष हैं। ओडिशा की केंद्रपाड़ा सीट से लोकसभा सदस्य बैजयंत पांडा की ओडिशा विधानसभा चुनाव में भाजपा की जीत में बड़ी भूमिका रही है।
मध्य प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री रहे लाल सिंह आर्या किसान मोर्चा के प्रभारी बनाए गए हैं। एमपी में उनकी गिनती भाजपा के एक बेहद वरिष्ठ, अनुभवी और प्रमुख दलित नेता के रूप में रही है। वह वर्तमान में भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और भाजपा किसान मोर्चा के राष्ट्रीय प्रभारी भी रहे हैं।
भाजपा के एक प्रमुख आदिवासी नेता गजेंद्र पटेल को अल्पसंख्यक मोर्चा का प्रभारी बनाया गया है। गजेंद्र पटेल मध्य प्रदेश के खरगोन-बड़वानी लोकसभा क्षेत्र से सांसद हैं। वर्तमान में भाजपा के राष्ट्रीय संगठन में राष्ट्रीय महामंत्री की बेहद महत्वपूर्ण जिम्मेदारी संभाल रहे हैं।
बीजेपी के प्रभारियों का ऐलान
युवा मोर्चा- हरीश द्विवेदी
एसटी मोर्चा - सतीश पूनिया
महिला मोर्चा- डी. पुरंदेश्वरी
एससी मोर्चा- संजय भाटिया
ओबीसी मोर्चा - वैजयंत पांडा
किसान मोर्चा - लाल सिंह आर्या
अल्पसंख्यक मोर्चा- गजेंद्र पटेल।
यह भी पढ़ें- भाजपा की राष्ट्रीय टीम में यूपी की मजबूत भागीदारी, स्मृति ईरानी और हरीश द्विवेदी को राष्ट्रीय महामंत्री का अहम पद
यह भी पढ़ें- पूर्व सांसद हरीश द्विवेदी को मिली बड़ी जिम्मेदारी, BJP ने राजस्थान निकाय चुनाव के लिए बनाया प्रभारी
