UP में हारी 14 लोकसभा सीटों को जीतने के लिए बीजेपी ने बनाया मास्टर प्लान, सभी 80 सीटें जीतने का लक्ष्य
केंद्र में मोदी सरकार के नौ वर्ष पूरे होने के साथ ही भाजपा ने अगले वर्ष होने वाले लोकसभा चुनाव की तैयारियां शुरू कर दी हैं। मोदी सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए पार्टी ने महाजनसंपर्क अभियान शुरू किया है जो 30 जून तक चलेगा।
राज्य ब्यूरो, लखनऊ : केंद्र में मोदी सरकार के नौ वर्ष पूरे होने के साथ ही भाजपा ने अगले वर्ष होने वाले लोकसभा चुनाव की तैयारियां शुरू कर दी हैं। मोदी सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए पार्टी ने महाजनसंपर्क अभियान शुरू किया है जो 30 जून तक चलेगा।
इसके तहत मोदी सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए सभी 80 लोकसभा और 403 विधानसभा क्षेत्रों, भाजपा संगठन के 1,918 मंडलों, 27,634 शक्ति केंद्रों और 1,74,359 बूथों पर कार्यक्रम आयोजित किये जाएंगे। प्रत्येक लोकसभा क्षेत्र स्तर पर सात, विधानसभा क्षेत्र में पांच और बूथ स्तर पर तीन तरह के कार्यक्रमों के जरिए पार्टी मोदी सरकार की उपलब्धियों का डंका बजाएगी।
हर लोकसभा में आयोजित होगी जनसभा
पहली से 20 जून तक हर लोकसभा क्षेत्र में एक बड़ी जनसभा आयोजित की जाएगी। इनमें से कुछ जनसभाओं को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा भी संबोधित करेंगे।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी ने बुधवार को बताया कि लोकसभा क्षेत्रों में आयोजित की जाने वाली जनसभाओं में पार्टी के सांसद, विधायक और जनप्रतिनिधियों के अलावा केंद्र और प्रदेश के नेता भी शामिल होंगे।
प्रधानमंत्री समेत बड़े नेताओं के कार्यक्रमों के लिए केंद्रीय नेतृत्व से अनुरोध किया गया है। प्रत्येक लोकसभा क्षेत्र में प्रबुद्ध सम्मेलन और व्यापारी सम्मेलन भी आयोजित किये जाएंगे। हर लोकसभा क्षेत्र में 1000 विशिष्ट परिवारों जैसे कि पद्मश्री अवार्डी, खिलाड़ी, कलाकार, उद्योगपति, चिकित्सक, पूर्व न्यायाधीश, बलिदानी समेत प्रसिद्ध परिवारों से संपर्क किया जाएगा।
इंटरनेट मीडिया पर प्रभावी लोगों से किया जाता संवाद
प्रत्येक लोकसभा क्षेत्र में इंटरनेट मीडिया के विभिन्न प्लेटफार्म पर सक्रिय और प्रभावी भूमिका निभाने वाले लोगों से भी संवाद किया जाएगा। भाजपा ने प्रदेश में लोकसभा क्षेत्रों के 21 क्लस्टर बनाए हैं जिनका प्रभारी केंद्र व प्रदेश के मंत्रियों और वरिष्ठ संगठन पदाधिकारियों को बनाया गया है।
प्रत्येक लोकसभा क्षेत्र में क्लस्टर प्रभारी, सांसद और जिले के प्रभारी मंत्री मोदी सरकार की उपलब्धियों पर प्रेस वार्ता करेंगे। हर लोकसभा क्षेत्र में केंद्र या प्रदेश के किसी एक बड़े विकास कार्य का अवलोकन किया जाएगा। चौधरी ने बताया कि विधानसभा स्तर पर पूर्व पदाधिकारियों के साथ कार्यकर्ताओं की बैठक होगी जिसमें मोदी सरकार की उपलब्धियों पर चर्चा होगी।
सभी विधानसभा क्षेत्रों में भाजपा के सातों मोर्चों के संयुक्त सम्मेलन आयोजित किया जाएंगे। केंद्र व राज्य सरकार की योजनाओं के लाभार्थियों के सम्मेलन भी होंगे। 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर प्रदेश के 27,634 शक्ति केंद्रों पर योग दिवस कार्यक्रम आयोजित किये जाएंगे। बूथ स्तरीय कार्यक्रम 21 से 30 जून तक आयोजित किये जाएंगे।
घर-घर जाकर लोगों से किया जाएगा संपर्क
इस अवधि में भाजपा सांसद, विधायक, जनप्रतिनिधि, मंत्री व कार्यकर्ता घर-घर जाकर लोगों से संपर्क कर उन्हें मोदी सरकार की उपलब्धियों का पत्रक भी देंगे। वे जिस व्यक्ति से संपर्क करेंगे, उससे टोल-फ्री नंबर 9090902024 पर मिस्ड काल भी कराएंगे।
23 जून को डा.श्यामा प्रसाद मुखर्जी की पुण्यतिथि को प्रदेश के सभी बूथों पर बलिदान दिवस के रूप में मनाया जाएगा। 25 जून को प्रत्येक बूथ पर प्रधानमंत्री के ‘मन की बात’ कार्यक्रम को सुना जाएगा।