पुलिसकर्मी पर हमले मामले के मुख्य गवाह भाजपा नेता को जान से मारने की कोशिश
आशियाना थाना क्षेत्र का मामला। हमलावरों ने लात-घूसों पहले पिटाई की फिर शराब की बोतल तोड़कर जान से मारने की कोशिश भी की।
लखनऊ, जेएनएन। आशियाना थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर रात नशे में धुत हमलावरों ने पुलिसकर्मी पर हमले के मुख्य गवाह भाजपा नेता संजीव मिश्रा पर जानलेवा हमला कर उन्हें घायल कर दिया। विरोध पर शराब की बोतल तोड़कर जान से मारने की कोशिश भी की। पीडि़त संजीव किसी तरह जान बचाकर आशियाना थाने पहुंचे और आरोपितों के खिलाफ एफआइआर दर्ज कराई।
बंगला बाजार भदरूख मकान संख्या 588/261 निवासी संजीव मिश्रा शुक्रवार देर रात घर जा रहे थे। रास्ते में भदरूख निवासी दबंग और शातिर अपराधी गुड्डू रावत और ज्ञान सिंह पहाड़ी ने अपने दो अन्य साथियों के साथ संजीव को रोक लिया। संजीव कुछ समझते इससे पहले ही हमलावरों ने लात-घूसों से पिटाई कर दी। संजीव ने बताया कि आरोपित हमलावरों ने वर्ष 2016 में आशियाना थाना बंगला बाजार चौकी पर तैनात दीवान भगीरथ सरोज पर जानलेवा हमला किया था, जिसका मुकदमा आशियाना थाने पर ही दर्ज हुआ था। इस मुकदमे में संजीव मुख्य गवाह हैं। तभी से आरोपित उनसे रंजिश मानते हैं।
पूर्व में दुष्कर्म और मारपीट के हैं मुकदमे
इंस्पेक्टर ने बताया कि ज्ञान सिंह पर पूर्व में दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज है और गुड्डू रावत पर पुलिस पर हमले के मामले में मुकदमा दर्ज है। दोनों को गिरफ्तार करने के लिए दबिश दी गई, लेकिन दोनों ही घरों से फरार हो गए। उन्हें जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप