नारी शक्ति वंदन संशोधन विधेयक के गिरने से BJP आक्रोशित, 21 को यात्रा निकालेंगी महिला कार्यकर्ता
UP BJP News: संसद में विधेयक पारित न हो सकने से भाजपा विपक्ष पर हमलावर है।

भाजपा विपक्ष पर हमलावर
HighLights
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सरकारी आवास से भाजपा की महिलाएं निकालेंगी यात्रा
सीएम योगी आदित्यनाथ एवं प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी समेत कई होंगे शामिल
राज्य ब्यूरो, लखनऊ। संसद के विशेष सत्र में नारी शक्ति वंदन संशोधन विधेयक के गिरने से आक्रोशित भाजपा विपक्ष को घेरने के लिए 21 अप्रैल से मैदान में उतरेगी। लखनऊ और आसपास के जिलों से बड़ी संख्या में पार्टी की महिला कार्यकर्ताएं लखनऊ पहुंचेंगी।
पदाधिकारियों में चर्चा के मुताबिक मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सरकारी आवास, कालिदास मार्ग के पास से पदयात्रा शुरू होकर विधानसभा तक पहुंचेगी। कार्यक्रम में सीएम योगी आदित्यनाथ भी भाग लेंगे। उनके साथ भाजपा उत्तर प्रदेश के अध्यक्ष पंकज चौधरी भी रहेंगे।
संसद में विधेयक पारित न हो सकने से भाजपा जहां विपक्ष पर हमलावर है, वहीं विरोधी दल अपना तर्क देकर दोष भाजपा पर मढ़ रहे हैं। भाजपा ने नारी शक्ति वंदन अभियान की रूपरेखा बना ली थी, लेकिन संशोधित विधेयक पास न होने पर अब इसे दोनों तरफ से मुद्दा बनाने का प्रयास तेज कर दिया गया है।
भाजपा प्रदेश मुख्यालय पर रविवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सहयोगी दलों के साथ मिलकर प्रेसवार्ता में साफ किया कि एनडीए के सभी घटक दल महिला अधिकारों के पक्ष में खड़े होंगे। भाजपा विरोधियों को घेरने के लिए कई अभियान चलाएगी, जिसकी कमान महिलाओं के हाथ में होगी।
भाजपा यह बताने के लिए सड़क पर उतरेगी कि विरोधी दलों ने विधेयक को अटकाया, अन्यथा 2029 के चुनाव से ही सदन में महिलाओं का प्रतिनिधित्व बढ़ाया जा सकता था। कालिदास मार्ग से निकलने वाली पदयात्रा में दोनों उप मुख्यमंत्रियों समेत कई मंत्री भी शामिल होंगे।
महिला जनप्रतिनिधियों, महिला मोर्चा की पदाधिकारियों एवं महिला आयोग की अध्यक्ष समेत पूरी टीम शामिल होगी। वहीं, 28 अप्रैल को वाराणसी में विरोधी दलों को घेरने के लिए 50 हजार महिलाओं का एक कार्यक्रम प्रस्तावित है, जिसमें प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के भी पहुंचने की चर्चा है। प्रदेश संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह ने रविवार को वाराणसी में बैठक लेकर तैयारियों की समीक्षा की है।
