चुनौती बड़ी पर तैयारी आधी अधूरी
लखनऊ (राज्य ब्यूरो)। विधानसभा उप चुनाव में सीटें बचाए रखने की चुनौती भाजपा नेतृत्व को परेशान
लखनऊ (राज्य ब्यूरो)। विधानसभा उप चुनाव में सीटें बचाए रखने की चुनौती भाजपा नेतृत्व को परेशान किए है। परेशानी की वजह संगठन की अधूरी तैयारी होना है। प्रत्याशियों की घोषणा देर से किए जाने के कारण मुश्किलें ज्यादा हो गई हैं। मतदान 13 सितंबर को होना है और प्रभारियों की तैनाती का काम पूरा नहीं हो सका। प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में चार से छह सांसदों की तैनाती कर दी गई परन्तु उन तक सूचना न पहुंच पाने के कारण प्रचार अभियान भी गति नहीं पकड़ पाया है।
उपचुनाव वाली सभी विधानसभा सीटें लखनऊ पूर्व, बलहा, निघासन, सिराथू, हमीरपुर, चरखारी, सहारनपुर, नोएडा, बिजनौर व ठाकुरद्वारा भाजपा के कब्जे वाली हैं। लोकसभा चुनाव में विधायक जीतकर सांसद बने तो खाली सीटों को जिताने की जिम्मेदारी उन पर आ गई। राष्ट्रीय नेतृत्व के यहां टिकटों के चयन में सांसदों के परिवार के लोगों को दूर रखने से मामला उलझा हुआ है। पार्टी ने अन्य क्षेत्रों के सांसदों को चुनाव में लगाने की योजना तैयार की जरूर पर सूचना के अभाव में प्रचार शुरू नहीं हो सका। मंगलवार को देर शाम में प्रत्याशियों की सूची जारी की गई। प्रचार के लिए भाजपा के पास महज तेरह दिन ही शेष हैं। बूथ कमेटियां गठन के काम में पदाधिकारी दिलचस्पी नहीं ले रहे हैं जिसके कारण भाजपा मुख्य प्रतिद्वंद्वी दल सपा से काफी पीछे है।
--------------
स्टार प्रचारकों के कार्यक्रम तय नहीं
विधानसभा उप चुनाव में भाजपा राष्ट्रीय नेताओं को प्रचार मैदान में उतारने के बजाए प्रदेशीय नेताओं को कमान देगी। प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मीकान्त वाजपेयी, कलराज मिश्र व सासद योगी आदित्यनाथ की सभाओं की तारीखें अभी तक निर्धारित नहीं हो सकी हैं। मैनपुरी लोकसभा चुनाव में सुब्रत पाठक, विपिन वर्मा, पुरुषोत्तम खंडेलवाल और अतुल अवस्थी को जिम्मेदारी दी गई है।
--------
विधानसभा क्षेत्रवार पदाधिकारी नियुक्त
प्रवक्ता चंद्रमोहन ने बताया कि लखनऊ पूर्व में शिव प्रताप शुक्ला, मनीष शुक्ला, मान सिंह व डा.मुकुल, नोएडा में अमित अग्रवाल, संगठन मंत्री प्रदुम्न, बिजनौर क्षेत्र में राजेश अग्रवाल, सुरेश राणा व बृज बहादुर भारद्वाज, सहारनपुर में स्वतंत्र देव सिंह व अश्वनी त्यागी, ठाकुरद्वारा में अशोक कटारिया व भवानी सिंह, चरखारी में समीर सिंह, अजय पटेल व संगठन मंत्री रत्नाकर, हमीरपुर में नीलिमा कटियार, राजेश द्विवेदी, जयदीप पुरोहित सुबोध गुबरेले, निघासन में अनूप गुप्ता, अध्यक्ष सुभाष त्रिपाठी, लोकेन्द्र प्रताप सिंह व रवीन्द्र उपाध्याय बलहा में करण सिंह पटेल, महेन्द्र सिंह, रमाकान्त तिवारी व अशोक तिवारी, सिराथू में देवेन्द्र सिंह चौहान व चन्द्रशेखर, रोहनिया क्षेत्र में लक्ष्मण आचार्य व नन्दलाल के पास दायित्व है।