Move to Jagran APP

UP Zila Panchayat Election Result 2021: अपना मोर्चा मजबूत कर विरोधी खेमे में भाजपा की बड़ी सेंध

UP Zila Panchayat Election Result 2021 एक वर्ष से पंचायत चुनाव की रणनीति पर काम कर रही भारतीय जनता पार्टी को जिला पंचायत अध्यक्ष के चुनाव परिणाम में सपा मजबूती से खड़ी दिखाई दी तो अपना दांव भी उसी तरह से बदल दिया।

By Umesh TiwariEdited By: Published: Sat, 03 Jul 2021 11:31 PM (IST)Updated: Sun, 04 Jul 2021 05:46 PM (IST)
UP Zila Panchayat Election Result 2021: अपना मोर्चा मजबूत कर विरोधी खेमे में भाजपा की बड़ी सेंध
भारतीय जनता पार्टी का जिला पंचायत अध्यक्ष के चुनाव परिणाम में दबदबा।

राज्य ब्यूरो, लखनऊ : UP Zila Panchayat Election Result 2021: हर चुनाव पूरी गंभीरता से लड़ने वाली भारतीय जनता पार्टी ने अपने चुनाव प्रबंधन का लोहा एक बार फिर मनवाया है। एक वर्ष से पंचायत चुनाव की रणनीति पर काम कर रही भाजपा को जिला पंचायत अध्यक्ष के चुनाव परिणाम में सपा मजबूती से खड़ी दिखाई दी तो अपना दांव भी उसी तरह से बदल दिया। जिला पंचायत अध्यक्ष चुनाव के लिए न सिर्फ अपना मोर्चा मजबूत रखा, बल्कि भगवा दल विरोधी खेमे में सेंध लगाता गया और आखिरकार किला फतह कर लिया।

loksabha election banner

विधानसभा चुनाव 2017 में 300 प्लस का नारा देकर 325 सीटें जीतने वाली भाजपा ने जिला पंचायत अध्यक्ष चुनाव के लिए 65 प्लस का दावा किया और 75 में से 67 सीटें जीत भी लीं। दोनों दावे और फिर परिणाम भी वही। यह संयोग नहीं, बल्कि एक-एक सीट के समीकरण पर पार्टी की सटीक रणनीति का परिणाम माना जा सकता है। 2022 के विधानसभा चुनाव से पहले होने जा रहे पंचायत चुनावों में अधिक से अधिक सीटें जीतकर भाजपा संदेश देना चाहती थी कि कृषि कानून विरोधी आंदोलन और कोरोना की भीषण महामारी के बावजूद ग्रामीण क्षेत्र में सत्ताधारी दल के साथ ही मतदाता हैं।

प्रदेश प्रभारी राधा मोहन सिंह के साथ मिलकर प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह और प्रदेश महामंत्री संगठन सुनील बंसल ने रणनीति पर काम शुरू किया। बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षित करने के साथ ही मंत्रियों और वरिष्ठ पदाधिकारियों के सतत प्रवास कार्यक्रम लगाए गए। फिर विधानसभा चुनाव लड़ना चाह रहे विधायकों के साथ ही मंत्रियों को भी क्षेत्र में उतार दिया गया। वह समीकरण देखने के साथ ही अपने प्रत्याशियों को मजबूती से थामे रहे, जबकि विरोधी सपा के खेमे में सेंध के प्रयास चलते रहे।

यही कारण है कि पर्याप्त संख्या में जिला पंचायत सदस्य जीतने के बावजूद कई सीटों पर सपा को प्रत्याशी के लिए प्रस्तावक भी नहीं मिले। इससे 22 जिला पंचायत अध्यक्ष निर्विरोध निर्वाचित हो गए, जिसमें से 21 भाजपा के थे। इससे नाराज होकर ही सपा मुखिया अखिलेश यादव ने 11 जिलाध्यक्षों को तत्काल पद से हटा भी दिया। इस तरह कसरत चलती रही और भगवा दल 75 में से 67 सीटें जीतने में कामयाब रहा। प्रदेश महामंत्री जेपीएस राठौर का कहना है कि इससे साफ संदेश मिलता है कि जनता मोदी-योगी की नीति से खुश है। उसने 2022 के विधानसभा चुनाव के लिए स्पष्ट संदेश दे दिया है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्वीट कर कहा कि 'यूपी जिला पंचायत चुनाव में भाजपा की शानदार विजय विकास, जनसेवा और कानून के राज के लिए जनता जनार्दन का दिया हुआ आशीर्वाद है। इसका श्रेय मुख्यमंत्री योगी की नीतियों और पार्टी कार्यकर्ताओं के अथक परिश्रम को जाता है। यूपी सरकार और भाजपा संगठन को इसके लिए हार्दिक बधाई।'

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा कि 'जिला पंचायत चुनावों के परिणाम से स्पष्ट संदेश है कि उत्तर प्रदेश की जनता भाजपा के विकास और सुशासन के एजेंडे के साथ है। मैं बीजेपी के प्रति अटूट विश्वास और स्नेह के लिए लोगों को नमन करता हूं। मैं पुन: उत्तर प्रदेश भाजपा के नेतृत्व और सभी कार्यकर्ताओं को बधाई देता हूं।'

गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि 'उत्तर प्रदेश पंचायत अध्यक्ष चुनाव में भाजपा की भव्य जीत पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह व सभी कार्यकर्ताओं को बधाई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में भाजपा सरकार प्रदेश के किसान, गरीब व वंचित वर्ग की आकांक्षाओं को पूरा कर प्रगति के नए मापदंड स्थापित करती रहेगी।'

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि 'उत्तर प्रदेश जिला पंचायत चुनावों में भाजपा की प्रभावी जीत के लिए मैं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह समेत पूरी प्रदेश इकाई को हार्दिक बधाई देता हूं। यह जीत योगी जी के नेतृत्व, प्रदेश सरकार के अनुशासन और कार्यकर्ताओं के प्रयास एवं समर्पण का परिणाम है।'

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि 'उत्तर प्रदेश में जिला पंचायत अध्यक्ष पद के चुनाव में भाजपा की ऐतिहासिक विजय प्रधानमंत्री की लोक कल्याणकारी नीतियों का प्रतिफल है। यह उत्तर प्रदेश में स्थापित सुशासन के प्रति जन विश्वास का प्रकटीकरण है। सभी प्रदेशवासियों को धन्यवाद एवं विजय की हार्दिक बधाई।'

भाजपा के प्रदेश प्रभारी राधा मोहन सिंह ने कहा कि 'उत्तर प्रदेश में जिला पंचायत अध्यक्ष पद के चुनाव में भाजपा की ऐतिहासिक विजय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की लोक कल्याणकारी नीतियों का प्रकटीकरण है। यह जीत प्रदेश की जनता की अपनी सरकार के प्रति विश्वास दिखाने वाली जीत है।'

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि 'मोदी-योगी की लोकप्रियता, जनहितकारी नीतियों, कार्यकर्ताओं के परिश्रम की पराकाष्ठा और जनप्रतिनिधियों के सहयोग से हम 75 में से 67 सीटें जीत सके। हम गरीबों की सेवा के लिए जीते हैं। 2022 के विधानसभा चुनाव में भी ऐसा ही शानदार प्रदर्शन रहेगा।'

उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि 'जिला पंचायत अध्यक्षों के चुनाव में विजयी सभी अध्यक्षों, जनप्रतिनिधियों और प्रदेश की जनता को हार्दिक बधाई व शुभकामनाएं। समर्थन देने वाले सभी सम्मानित सदस्यों के प्रति आभार।'

यह भी पढ़ें : यूपी जिला पंचायत अध्यक्ष चुनाव में शानदार जीत ने 'मिशन-2022' के लिए बढ़ाया भाजपा का मनोबल


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.