कांग्रेस की नकल कर रही केंद्र की भाजपा सरकार : शिंदे
डा. भीमराव अंबेडकर की 125वीं जयंती वर्ष के समापन समारोह पर जुटे कांग्रेसियों ने भाजपा पर निशाने साधे। मुख्य अतिथि पूर्व गृहमंत्री सुशील कुमार शिंदे ने केंद्र सरकार पर कांग्रेस की नकल करने का आरोप लगाया।
लखनऊ। डा. भीमराव अंबेडकर की 125वीं जयंती वर्ष के समापन समारोह पर जुटे कांग्रेसियों ने भाजपा पर निशाने साधे। मुख्य अतिथि पूर्व गृहमंत्री सुशील कुमार शिंदे ने केंद्र सरकार पर कांग्रेस की नकल करने का आरोप लगाते हुए कहा कि जनता सब जानती है, कौन ढोंगी है, कौन कांग्रेस की नकल कर रहा है।
आज लखनऊ में भीम ज्योति यात्रा की सराहना करते हुए शिंदे ने कहा, बाबा साहब की जयंती मनाने का निर्णय कांग्रेस द्वारा लिए जाने के बाद ही भाजपा सरकार जागी। अब अंबेडकर का नाम जपकर भाजपा केवल ढोंग कर रही है। उन्होंने कांग्रेस द्वारा दलित मुख्यमंत्री न बनाने के आरोपों का खंडन करते हुए बताया कि किस तरह सोनिया गांधी के निर्देश पर उन्हें रात के 12 बजे राज्यपाल पद से सुबह 10 बजे बिजली मंत्री पद की शपथ दिलायी गई। गृहमंत्री पद देने के अलावा लोकसभा में नेता भी बनाया। उन्होंने दावा किया कांग्रेस ने शोषितों, कमजोर वर्ग के लिए तमाम लाभकारी योजना चलाईं, जिनको कुछ लोग चुरा रहे हैं, नाम बदल अपना रंग दे रहे हैं।
विशिष्ट अतिथि प्रदेश प्र्रभारी मधुसूदन मिस्त्री ने कहा कि केंद्र सरकार ने जो बजट दिया, उसमें किसानों के लिए तो तमाम बातें हैं परन्तु करोड़ों मजदूर के लिए कुछ भी नहीं है। अध्यक्षता कर रहीं सांसद मोहसिना किदवई ने कहा कि भाजपा बौखलाई है। कभी पटेल को अपना नेता बताती है, अब अंबेडकर का नाम ले रही है परन्तु वह इतिहास नहीं बदल सकती। जब हमारे लोग वंदेमातरम कहते हुए फांसी चढ़ रहे थे, तब वे माफी मांग कर घर में बैठे थे। जो सोच पाकिस्तान की मुस्लिम लीग की है, वही राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ की है।
इस पहले अनुसूचित जाति विभाग के राष्ट्रीय चेयरमैन के.राजू ने कहा राहुल गांधी लगातार दलितों के अत्याचार को जोर शोर से उठा रहे हैं। सांसद प्रमोद तिवारी ने बताया कि शिंदे को राष्ट्रपति बनाने में क्षेत्रीय दलों ने विरोध किया।
इस मौके पर प्रदेश अध्यक्ष निर्मल खत्री ने कहा कि दलितों का सम्मान केवल कांग्रेस पार्टी में ही है। राष्ट्रीय अनुसूचित जाति आयोग के अध्यक्ष पीएल पुलिया, जुबेर खान, प्रदीप माथुर, नसीब पठान, अनुसूचित जाति विभाग के चेयरमैन भगवती प्रसाद चौधरी व रीता बहुगुणा जोशी आदि उपस्थित थे। भीम ज्योति यात्रा में शामिल कार्यकर्ताओं को सम्मानित भी किया गया।