मुख्यमंत्री अखिलेश का सारा ध्यान सिर्फ परिवार व सैफई महोत्सव पर : मायावती
उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री मायावती ने आज प्रदेश के खराब हालात पर चिंता जताने के साथ प्रदेश सरकार पर तंज कसा। लखनऊ में मायावती ने बसपा की बैठक के बाद अखिलेश सरकार को आड़े हाथ लिया।
लखनऊ। उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री मायावती ने आज प्रदेश के खराब हालात पर चिंता जताने के साथ प्रदेश सरकार पर तंज कसा। लखनऊ में मायावती ने बसपा की बैठक के बाद अखिलेश सरकार को आड़े हाथ लिया।
बहुजन समाज पार्टी की मुखिया मायावती ने कहा कि युवा मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की सरकार में प्रदेश की जनता बेहाल है। इनका दुख-दर्द सुनने वाला कोई नहीं है। पूरे प्रदेश में अपराधियों के साथ समाजवादी पार्टी के नेता तथा पदाधिकारियों का आतंक चरम पर है। इन सबके बीच भी प्रदेश सरकार का पूरा ध्यान परिवार और इटावा के सैफई महोत्सव पर है। यहां पर आम जनता की सुध लेने वाला कोई नहीं है। पार्टी पदाधिकारियों के बैठक में मायावती ने तेवर दिखाते हुए कहा कि 2017 के चुनावों में बसपा पूर्ण बहुमत के साथ सरकार बनाएगी। पार्टी पदाधिकारियों को संबोधित करते हुए मायावती ने निर्देश दिया चुनावों से पहले संगठन को मजबूत करने की जरुरत है। उन्होंने कहा पार्टी कार्यकर्ता जन-जन तक पहुंचे, उनकी समस्याओं को सुने और उनकी मदद करें। इसकी शुरआत मायावती के जन्मदिन (15 जनवरी) से हो रही है। इस दिन को पार्टी जनकल्याणकारी दिवस के रूप में मनाएगी। इस दिन पार्टी कार्यकर्ता गरीबों में कम्बल और पैसे भी बांटेंगे।
जनकल्याणकारी दिवस के रूप में मनेगा मायावती का जन्मदिन
बहुजन समाज पार्टी की मुखिया मायावती का 60वां जन्मदिन प्रदेश में जलकल्याणकारी दिवस के रुप में मनाया जाएगा। आज लखनऊ में बसपा की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती की अध्यक्षता में पार्टी की बैठक में सुप्रीमो ने इसका निर्देश जारी किया। मायावती का जन्मदिन 15 जनवरी को मनाया जाता है। मायावती ने आज लखनऊ में जोन व मंडल को-आर्डिनेटरों के साथ बैठक की। बहुजन समाज पार्टी की मुखिया मायवती का जन्मदिन पार्टी प्रदेश के हर जिलों में जनकल्याणकारी दिवस के रूप में मनाएगी। इसका फैसला पार्टी के जोनल और डिस्ट्रिक्ट कोआर्डिनेटरों की लखनऊ में बैठक में लिया गया। बैठक में मायवती ने कोआर्डिनेटरों को नये साल में संगठन को मजबूत करने के निर्देश देने के साथ 2017 विधानसभा चुनावों की तैयारी का जायजा लिया। उन्होंने पार्टी के सभी कोआर्डिनेटरों के साथ बैठक कर संगठनात्मक कामकाज की समीक्षा की।
मायवती ने बैठक में प्रदेश के सियासी हालात और 2017 के विधानसभा चुनाव की तैयारी की समीक्षा करने के साथ-साथ पार्टी कोआर्डिनेटरों को लोगों से जुडऩे और उनकी समस्याओं को सुनने का भी निर्देश दिया। ऐसा माना जा रहा है कि बहुजन समाज पार्टी मायावती के जन्मदिन से ही चुनाव का आगाज करेगी। मायावती परसों शाम को ही लखनऊ आ गयीं थीं। इसी के साथ पार्टी में गतिविधियां तेज हो गईं। पार्टी नेताओं ने उनसे मुलाकात कर उन्हें नए साल की बधाई दी तो बसपा अध्यक्ष ने उनसे प्रदेश के सियासी हालात पर चर्चा की।