लखनऊ में निकला 19वीं रमजान का जुलूस
लखनऊ में आज तड़के 19वीं रमजान 2017 का जुलूस निकाला गया। पुराना शहर में निकाले गए इस जुलूस में सुबह से ही हजारों की तादात में लोग शामिल हुए।
लखनऊ (जेएनएन)। प्रदेश की राजधानी लखनऊ में आज तड़के 19वीं रमजान 2017 का जुलूस निकाला गया। पुराना शहर में निकाले गए इस जुलूस में सुबह से ही हजारों की तादात में लोग शामिल हुए। जुलूस में चप्पे चप्पे पर पुलिस का पहरा रहा।
यह जुलूस रोजा-ए-काजमैन थाना सआदतगंज से शुरू होकर मंसूर नगर तिराहा, गिरधारी सिंह कुंवर इण्टर कॉलेज, टुडिय़ागंज तिराहा से बांये मुड़कर नक्खास, अकबरी गेट, पाटानाला चौकी, शिया कालेज होते हुये सेन्ट ज्यूड्स केजी एवं प्राइमरी स्कूल इमामबाड़ा मोहम्मद तकी के पास जाकर समाप्त हुआ।
क्यों निकाला जाता है जुलूस
मुस्लिम धर्मगुरुओं के अनुसार यह जुलूस 19वीं रमजान को दामाद-ए-पैगंबर हजरत अली की याद में निकाला जाता है। इसमें परंपरागत तरीके से सुबह से ही लोग जुलूस में शामिल होते हैं। इस दौरान मजलिस भी होती है, मजलिस में हजरत अली की शहादत का किस्सा सुनकर माहौल गमगीन हो जाता है। ऐसा कहा जाता है कि 1400 साल पहले इराक में स्थित मस्जिद-ए-कूफा में 21वीं रमजान के दिन सुबह नमाज अदा करते समय दामाद-ए-पैगंबर हजरत अली की शहादत हो गई थी। इसके बाद से उनकी याद में 19वीं रमजान से जुलूस और मजलिसों का दौर शुरू होता है। यह सिलसिला 21वीं रमजान को समापन होता है।