ताज देखने आए पर्यटकों पर मधुमक्खियों का हमला
विश्वदाय स्मारक आगरा के ताजमहल में बीती शाम मधुमक्खियों ने पर्यटकों पर हमला बोल दिया। जिससे वहां अफरा-तफरी मच गई। मधुमक्खियों के काटने से घायल हुए कानपुर से आए परिवार के सदस्यों को निजी अस्पताल भेजा गया। वहीं, अन्य पर्यटकों को ताज में ही प्राथमिक उपचार दिया गया। ताजमहल में चमेली
लखनऊ। विश्वदाय स्मारक आगरा के ताजमहल में बीती शाम मधुमक्खियों ने पर्यटकों पर हमला बोल दिया। जिससे वहां अफरा-तफरी मच गई। मधुमक्खियों के काटने से घायल हुए कानपुर से आए परिवार के सदस्यों को निजी अस्पताल भेजा गया। वहीं, अन्य पर्यटकों को ताज में ही प्राथमिक उपचार दिया गया।
ताजमहल में चमेली फर्श पर बनी मस्जिद के करीब आरओ प्लांट लगा हुआ है। कल शाम ताज भ्रमण के लिए आए कुछ सैलानी यहां मौजूद थे। इसी दौरान आरओ प्लांट के समीप मंडरा रही मधुमक्खियों को किसी बच्चे ने भगाने की कोशिश की। इस पर मधुमक्खियों के झुंड ने पर्यटकों पर हमला बोल दिया। कई पर्यटक दर्द से कराह उठे। इससे वहां अफरा-तफरी मच गई। कानपुर से आए अजहर अब्दुल खदीम को मधुमक्खियों ने कई जगह काट लिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। उनके परिवार में शामिल महिलाओं और बच्चों को भी मधुमक्खियों ने काट लिया। जिन्हें ताज पर तैनात एंबुलेंस से निजी अस्पताल भेजा गया। पानीपत से आए एक अन्य परिवार के सदस्य को मधुमक्खी द्वारा काटने पर ताज में ही प्राथमिक उपचार दिया गया। वरिष्ठ संरक्षण सहायक रंजीत सिंह ने बताया कि उन्होंने ताज में मस्जिद व मेहमानखाने को चेक कराया है। वहां मधुमक्खियों का कोई छत्ता नहीं मिला। संभवत: गर्मी की वजह से मधुमक्खियां बाहर से ताज में आ गई थीं।