विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बेसिक शिक्षा मंत्री संदीप सिंह बोले- तेजी से होगी नई शिक्षक भर्ती, स्कूलों में होंगे टॉप-5 स्टूडेंटस रीडर्स जैसे कार्यक्रम

Published: Sat, 26 Sep 2026 08:24 AM (IST)

बेसिक शिक्षा मंत्री संदीप सिंह ने शिक्षकों की कमी दूर करने के लिए नई भर्ती और शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने ...और पढ़ें

बैठक के दौरान मंत्री संदीप सिंह।

बैठक के दौरान मंत्री संदीप सिंह।

HighLights

  1. शिक्षकों की नई भर्ती और शिक्षा गुणवत्ता सुधारने पर सरकार का जोर

  2. बच्चों में पढ़ने की आदत विकसित करने पर विशेष बल दिया गया

  3. स्मार्ट क्लासरूम का नियमित उपयोग और सर्वांगीण विकास पर ध्यान

राज्य ब्यूरो, जागरण, लखनऊ। परिषदीय विद्यालयों में शिक्षकों की कमी दूर करने के लिए नई भर्ती के साथ ही शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने पर सरकार का जोर है। बेसिक शिक्षा मंत्री संदीप सिंह ने शुक्रवार को विभागीय योजनाओं की समीक्षा करते हुए शिक्षकों की भर्ती, विद्यालयों में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार और प्राथमिक शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार को जरूरी बताया। कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के बिना आर्थिक विकास का लक्ष्य हासिल करना मुश्किल है।

साथ ही बच्चों में पढ़ने की आदत विकसित करने के लिए स्कूलों में समाचार पत्र और किताबों को पढ़ाई का हिस्सा बनाने पर जोर दिया। इसके लिए सप्ताह में एक दिन पठन सत्र के साथ रीडर ऑफ द वीक और टॉप-5 स्टूडेंट रीडर्स जैसे कार्यक्रम चलाए जाएंगे।

गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के बिना आर्थिक विकास का लक्ष्य हासिल करना मुश्किल

बैठक में बताया गया कि प्रदेश के 25,790 प्राथमिक और उच्च प्राथमिक विद्यालयों में स्मार्ट क्लासरूम स्थापित किए जा चुके हैं। इस पर मंत्री ने कहा कि केवल तकनीकी सुविधाएं उपलब्ध कराना पर्याप्त नहीं है, बल्कि इनका नियमित रूप से कक्षा शिक्षण में उपयोग होना चाहिए। डिजिटल शिक्षा के साथ बच्चों के सामाजिक, भावनात्मक और मानवीय विकास पर भी ध्यान देने के निर्देश दिए गए। बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए खेल, आत्मरक्षा, कला और क्राफ्ट जैसी गतिविधियों को बढ़ावा देने पर चर्चा हुई।

समाचार पत्र को पढ़ाई का हिस्सा बनाने पर जोर

मंत्री ने कहा कि जरूरत के अनुसार पेशेवर कोच की सेवाएं लेने और प्रतिभाशाली बच्चों को जिला, राज्य और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में आगे बढ़ने के अवसर देने पर जोर दिया गया। विद्यालयों से पढ़कर निकले सफल पूर्व छात्रों को जोड़ने के लिए एलुमनाई मेंटरशिप माडल विकसित हो रहा है। इसके तहत सिविल सेवक, डॉक्टर, उद्यमी और अन्य क्षेत्रों में काम कर रहे पूर्व छात्र विद्यार्थियों को पढ़ाई और करियर से जुड़ी जानकारी देंगे।

यह भी पढ़ें- आज का मौसम: चक्रवात अर्नब से सर्दी का अहसास, स्कूल-कॉलेज बंद, बचाव को आगरा प्रशासन की एडवाइजरी जारी

25,790 स्कूलों में स्मार्ट क्लास का हो रहा संचालन

मंत्री संदीप सिंह ने कहा कि शैक्षिक गुणवत्ता सुधारने के लिए प्रदेश के सभी 75 जिलों में निपुण सम्मान समारोह आयोजित किए जा चुके हैं। स्कूलों के विकास में निजी क्षेत्र की भागीदारी बढ़ाने पर भी विचार किया गया। यूनियन बैंक के सहयोग से वित्तीय साक्षरता प्रशिक्षण और एडुनेट फाउंडेशन तथा आइबीएम के साथ जलवायु परिवर्तन व साइबर सुरक्षा से जुड़े शिक्षक प्रशिक्षण माड्यूल तैयार किए जा रहे हैं।

बैठक में महानिदेशक स्कूल शिक्षा मोनिका रानी, बेसिक और माध्यमिक शिक्षा विभाग के वरिष्ठ अधिकारी और डेलायट के प्रतिनिधि मौजूद रहे।