साध्वी प्राची अड़ीं, बरेली प्रशासन ने महापंचायत पर लगाई रोक
बरेली के शेरगढ़ के पहाड़पुर गांव में छात्राओं के साथ की गई अभद्रता के विरोध में साध्वी प्राची सोमवार को नगरिया में महापंचायत करेंगी। उनके साथ देशभर के विभिन्न हिस्सों से साधु-संत आ रहे हैं। साध्वी प्राची कहती हैं कि जब तक बहन-बेटियों को न्याय नहीं मिल जाता तब तक
लखनऊ। बरेली के शेरगढ़ के पहाड़पुर गांव में छात्राओं के साथ की गई अभद्रता के विरोध में साध्वी प्राची सोमवार को नगरिया में महापंचायत करेंगी। उनके साथ देशभर के विभिन्न हिस्सों से साधु-संत आ रहे हैं। साध्वी प्राची कहती हैं कि जब तक बहन-बेटियों को न्याय नहीं मिल जाता तब तक चैन की सांस नहीं लेंगी। इस महापंचायत को लेकर साध्वी ने कई इलाकों में जाकर बैठक की। वहीं जिला प्रशासन ने महापंचायत को रोकने की मंशा बना ली है। धारा 144 का हवाला देते हुए प्रशासन ने इसे किसी भी कीमत न होने देने की बात कही गई है। इसके चलते रविवार से ही टीमें साध्वी प्राची की लोकेशन जानने में जुट गईं, ताकि उन्हें महापंचायत से रोका जा सके।
साध्वी प्राची की इस महापंचायत में मथुरा, वृंदावन, अयोध्या समेत कई जगहों से संतों ने बरेली के लिए कूच कर दिया है। अयोध्या से महामंडलेश्वर कृपात्रि महाराज आ रहे हैं। बताया जाता है कि इस महापंचायत में 200 से अधिक साधु-संत जुटेंगे। रविवार को बरेली के आसपास के जनपदों में कई साधु-संत पहुंच गए थे। उन्होंने दिनभर पूरी रणनीति तैयार की। मोबाइल पर साध्वी प्राची ने भी उन्हें कुछ दिशा-निर्देश दिए। बताया कि ठीक नौ बजे महापंचायत शुरू हो जाएगी। पुलिस प्रशासन के इस ढीले रवैये का पर्दाफाश किया जाएगा।
बेटियों की रक्षा चाहने वालों का स्वागत
साध्वी प्राची ने दैनिक जागरण को फोन पर बताया कि उनकी महापंचायत सोमवार को हर हाल में होकर रहेगी। विभिन्न इलाकों से साधु-संत पहुंच रहे हैं। उनकी तैयारियां पूरी हो गई हैं। उन्होंने कहा कि मैं भाजपा से जुड़ी हूं। भाजपा के जिलाध्यक्ष या महानगर अध्यक्ष के कहने से महापंचायत नहीं टलने वाली। यदि किसी को बहन-बेटियों की रक्षा करनी है तो वह महापंचायत में शामिल हो सकते हैं।
महापंचायत की अनुमति नहीं
जिला प्रशासन का कहना है कि जिले में धारा 144 लागू है। ऐसे में साध्वी को महापंचायत की अनुमति नहीं दी जा सकती। इसके अलावा उन्होंने महापंचायत के लिए कोई अनुमति भी नहीं ली है। डीएम गौरव दयाल का कहना है कि जिले में धारा 144 लागू है। बगैर प्रशासनिक इजाजत के कोई कार्यक्रम नहीं हो सकता। शेरगढ़ में साध्वी प्राची की महापंचायत को प्रशासन ने अनुमति नहीं दी है। लिहाजा कानून को हाथ में लेकर ऐसा कोई कार्यक्रम हुआ तो खैर नहीं। जिले में शांति-व्यवस्था बरकरार रखना प्रशासन की प्राथमिकता है।