विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Mar 25, 2017 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

सीएम आदित्यनाथ के बाल काटने के बाद बेहद प्रसन्न हैं रामानंद

By Dharmendra PandeyEdited By:
Published: Sat, 25 Mar 2017 09:43 AM (IST)Updated: Sat, 25 Mar 2017 11:08 AM (IST)

राजधानी में मुख्यमंत्री की सादगी के चर्चे जोर-शोर से होने लगे। इसके बाद नरही स्थित रामानंद की दुकान में लोगों का तांता लग गया।

सीएम आदित्यनाथ के बाल काटने के बाद बेहद प्रसन्न हैं रामानंद
सीएम आदित्यनाथ के बाल काटने के बाद बेहद प्रसन्न हैं रामानंद

लखनऊ(जेएनएन)। मुख्यमंत्री आदित्यनाथ योगी बेहद सादगी पसंद हैं। कल उनको बाल कटाने के साथ शेविंग भी करानी थी तो फिलहाल उनके अस्थाई निवास के पास के नरही से एक नाई को बुलाया गया। 
मुख्यमंत्री आदित्यनाथ योगी के बाल ताड़ी खाना नरही में सैलून की दुकान चलाने वाले रामानंद ने कल काटे। कल वीवीआइपी गेस्ट हाउस में मुख्यमंत्री ने अपने करीबियों से बाल कटवाने की इच्छा जताई और इसके लिए एक नाई को बुलाने के लिए कहा। बाइक से दो लोग नाई की तलाश में ताड़ी खाना, नरही पहुंचे।
इस दौरान रामानंद से बातचीत के बाद उसे वीवीआइपी गेस्ट हाउस चलने के लिए कहा गया। पूछने पर रामानंद को ज्ञात हुआ कि उसे मुख्यमंत्री के बाल काटने हैं। बेहद उत्साहित रामानंद बाइक सवार लोगों के साथ गेस्ट हाउस पहुंचा। वहां पहले से बाल काटने की सामग्री रखी हुई थी, जिसके सहारे रामानंद ने मुख्यमंत्री के बाल काटे और वापस दुकान पर लौट आया।
देखते ही देखते राजधानी में मुख्यमंत्री की सादगी के चर्चे जोर-शोर से होने लगे। इसके बाद नरही स्थित रामानंद की दुकान में लोगों का तांता लग गया। लोगों के साथ-साथ बड़ी संख्या में मीडियाकर्मी भी बस्ती निवासी रामानंद से तरह-तरह के सवाल पूछने लगे, जिसका नाई ने शालीनता से जवाब भी दिया।
रामानंद मूलत: बस्ती के हैं। रामतीरथ मार्ग पर आदर्श हेयर कटिंग सैलून की शुरुआत उनके मामा राम किशोर ने 1950 में की थी। यहां दोपहर बाद अपनी बारी का इंतजार करते लोग यही चर्चा करते नजर आए कि हम भी शान से कह सकते हैं कि हम सीएम वाले नाई से कटिंग और शेविंग करवाते हैं।
आखिर रामानंद सीएम से कैसे मिले। रामानंद ने कैंची की रफ्तार धीमी करते हुए बताया कि सुबह दो लोग सीएम की हजामत के लिए बुलाने आए तो घबराहट के साथ उस्तरा, कंघी, ब्रश और क्रीम का सेट तौलिये में लपेटकर आधी पी हुई चाय छोड़कर चल दिए। वीवीआईपी गेस्ट हाउस में सुरक्षाकर्मियों ने उस्तरा सेट बाहर रखवा लिया और नया सेट दिया। भीतर पहुंचकर उन्होंने आदित्यनाथ योगी के पैर छुए और नए सेट से हजामत की।
उतनी देर मन में कई प्रश्न कुलबुला रहे थे, लेकिन बोलने की हिम्मत नहीं हुई। चलते वक्त पारिश्रमिक दिया जाने लगा तो इनकार कर दिया और उनका आशीर्वाद लेकर चला आया। उन्होंने लोगों के कुछ मांगने के प्रश्न पर कहा कि महंत का आशीर्वाद मिला है। इससे सुदामा का घर आज नहीं तो कल निखर ही जाएगा।
रामानंद के पांच बच्चे हैं। बड़ी बेटी श्वेतांचल देवा के एक स्कूल में टीचर है तो दूसरी बेटी आंचल कोचिंग में पढ़ाती है। रेशू फैशन डिजाइनर बनना चाहती हैं। बेटा नीरज अभी बीएससी और अंशु बीए थर्ड ईयर के छात्र हैं।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।