Mango Session : दुबई के लिए निकली बनारसी लंगड़ा की खेप, खाड़ी देशों के निर्यात की हुई शुरुआत
Mango Session तीन टन की पहली खेप दुबई के लिए रवाना कर दी गई। मैंगों पैक हाउस में किया गया हॉट वाटर ट्रीटमेंट।
लखनऊ, जेएनएन। खाड़ी देश के निर्यात की शुक्रवार से औपचारिक शुरुआत हो गई है। बनारसी लंगड़ा के तीन टन की पहली खेप दुबई के लिए रवाना कर दी गई। रहमान खेड़ा स्थित मैंगो पैक हाउस में इसे एयरपोर्ट के लोड किया गया। निर्यातक नदीम सिद्दीकी पहले आर्डर की आपूर्तिं खाड़ी देशों को कर रहे हैं।
मैंगों पैक हाउस में किया गया हॉट वाटर ट्रीटमेंट
केमिकल मुक्त और गुणवत्ता युक्त करने के लिए आम को मैंगो पैक हाउस में हॉट वाटर ट्रीटमेंट प्लांट से गुजारा गया। इससे आम जल्द खराब नहीं होगा। विशेष तापक्रम से गुजारने के बाद मंडी की ओर से उपलब्ध कराए गए विशेष बाक्स में पैक कर रवाना कर दिया गया। अभी दशहरी पूरी तरह से तैयार न होने के कारण उसे काफी कम मात्रा में ही भेजा गया है।
क्या कहते हैं निर्यातक ?
निर्यातक नदीम सिद्दीकी ने बताया कि पहली खेप लंगड़ा और बहुत कम दशहरी की भेजी गई है। दो जून से हर दूसरे दिन खाड़ी देशों के लिए दशहरी की खेप निकलेगी। करीब डेढ़ से ढाई सौ टन निर्यात का आर्डर है।
क्या कहते है मंडी सचिव ?
मंडी सचिव संजय सिंह के मुताबिक, मैंगों पैक हाउस से निर्यात की औपचारिक शुरुआत कर दी गई है। बनारसी लंगड़ा आम के तीन टन की पहली खेप को दुबई भेज दिया गया है। जल्द ही मलिहाबाद की दशहरी विदेशों में अपनी खुशबू फैलाएगी। इसकी तैयारियां चल रही हैं।