Lucknow Weather ALERT: सुबह के कोहरे में प्रदूषित हवा का खौफ, मार्निंग वॉकर्स को रखना होगा सेहत का ध्यान
मौसम विभाग के अनुसार शाम को पड़ रहा कोहरा सुबह छट जाना चाहिए। मगर दिन में शुष्क मौसम हाेने के बावजूद धंधु आफत बनी रहती है। ऐेसे में लोगों का सांस लेना भी दुश्वार है। लिहाजा सुबह टहलते समय या घर से बाहर जाते वक्त मास्क अवश्य लगाएं।
लखनऊ, जेएनएन। देश में प्रदूषण की समस्या लगातार बढ़ रही है। अब तो सुबह ताजी हवा भी मयस्सर नहीं हो पा रही है। उसमें भी प्रदूषण की बू आ रही है। ऐसे में सुबह छाया कोहरा धुंध की वजह से और घनघोर हो रहा है। 24 घंटे पहले देश के प्रदूषित शहरों में कानपुर-लखनऊ शीर्ष पर रहे।
मौसम विभाग के अनुसार शाम को पड़ रहा कोहरा सुबह छट जाना चाहिए। मगर, दिन में शुष्क मौसम हाेने के बावजूद धंधु आफत बनी रहती है। ऐेसे में लोगों का सांस लेना भी दुश्वार है। लिहाजा, सुबह टहलते समय या घर से बाहर जाते वक्त मास्क अवश्य लगाएं। सेंट्रल पॉल्यूशन कंट्रोल बोर्ड ने शुक्रवार को देश के 113 शहरों की रिपोर्ट जारी की। इसमें देश के टॉप टेन प्रदूषित शहरों में आठ यूपी के हैं। इसमें कानपुर का एयर क्वॉलिटी इंडेक्स (एक्यूआइ) 455 रिकॉर्ड किया गया। वहीं लखनऊ का एक्यूआइ 441 दर्ज किया गया।
इसके अलावा गाजियाबाद का एक्यूआइ 440, बुलंदशहर का एक्यूआइ 434, बागपत का एक्यूआइ 421,ग्रेटर नोएडा का एक्यूआइ 415, नोएडा का एक्यूआइ 414 रिकॉर्ड किया गया। जबकि पटना का एक्यूआइ 404 व मेरठ का एक्यूआइ 403 दर्ज किया गया। वहीं दसवें नंबर पर प्रदूषित शहर फरीदाबाद रहा। यहां का एक्यूआइ 383 दर्ज किया गया। वहीं दिल्ली भले ही टॉप टेन प्रदूषित शहर से बाहर हो। मगर, यहां की हवा भी सेहत के लिहाज से ठीक नहीं है। यहां का एक्यूआइ 382 दर्ज किया गया।
तनाव भी बढ़ाती है दूषित हवा
प्रदूषित हवा सिर्फ सांस रोगियों के लिए ही आफत नहीं है। यह व्यक्ति को चिड़चिड़ा, तनाव ग्रस्त भी बना देती है। इसके अलावा आंख में लालिमा व त्वचा संबंधी दिकत्तें भी बढ़ने लगती हैं। वहीं धूल-धुआं से एलर्जी के मामले बढ़ने लगते हैं।