IIM इंदौर के सहयोग से देश की स्वच्छतम नगरी बनेगी अयोध्या, नगर निगम के स्टॉफ को मिलेगी ट्रेनिंग
अयोध्या स्वच्छता के इंदौर मॉडल से निर्मल होगी रामनगरी। स्वप्न को साकार करने के लिए इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट इंदौर और नगर निगम अयोध्या के बीच करार हुआ। दोनों संस्थाएं मिल कर अयोध्या को अंतरराष्ट्रीय स्तर की सुविधाओं से लैस करने की योजना बनाएंगी।
अयोध्या [रमाशरण अवस्थी]। यह कोशिश सफल हुई तो रामनगरी की गिनती देश के स्वच्छतम शहर के रूप में होगी। रामजन्मभूमि पर मंदिर निर्माण के समानांतर अयोध्या को अंतरराष्ट्रीय स्तर का धार्मिक व आध्यात्मिक पर्यटन केंद्र बनाने की पृष्ठभूमि तैयार हो रही है। पर्यटन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से नगरी को सुविधाओं से लैस करने की कोशिश शुरू हो गई है। अयोध्या को सफाई की दृष्टि से अव्वल बनाने के साथ-साथ नगरी में मूलभूत सुविधाएं भी अंतरराष्ट्रीय स्तर की होंगी। इस स्वप्न को साकार करने के लिए इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट (आइआइएम) इंदौर और नगर निगम अयोध्या के बीच करार हुआ है।
नगर निगम अयोध्या आइआइएम इंदौर के विशेषज्ञों की मदद से रामनगरी को देश का सबसे सुंदर नगर बनाने का सपना संजोए हुए है। दोनों संस्थाएं मिल कर अयोध्या को अंतरराष्ट्रीय स्तर की सुविधाओं से लैस करने की योजना बनाएंगी। नगर आयुक्त विशाल ङ्क्षसह ने बताया कि दोनों संस्थाओं के बीच करार हो गया है। इंदौर देश का सबसे स्वच्छ शहर है, इसी वजह से वहां के मॉडल को लागू करके अयोध्या को उच्चकोटि के धार्मिक नगर के रूप में विकसित किया जा सकता है। प्रधानमंत्री के स्वच्छ भारत अभियान के मानकों को यहां प्रतिष्ठित कर लोगों को जागरूक किया जाएगा।
स्टॉफ को आइआइएम देगा ट्रेनिंग
करार के अंतर्गत आइआइएम के विशेषज्ञ नगर निगम के स्टॉफ को प्रशिक्षित करेंगे। यातायात को सुगम बनाने की दिशा में बड़े बदलाव होंगे। दोनों ही संस्थाओं की ओर से एक- एक समन्वयक नियुक्त होंगे, जो एमओयू की बातों को क्रियान्वित करेंगे। विशेष रूप से इंदौर के स्वच्छता मॉडल को अपनाया जाएगा। इसके लिए 21 दिसंबर को आइआइएम इंदौर के निदेशक प्रो. हिमांशु राय और नगर निगम अयोध्या के नगर आयुक्त विशाल ङ्क्षसह ने समझौते पर हस्ताक्षर किए थे।
मानस की चौपाई की तर्ज पर बनेगा स्वच्छता गीत
अयोध्या को स्वच्छ व सुंदर बनने के लिए सरकार बड़ी तैयारी कर रही है। इसी क्रम में एक स्वच्छता गीत तैयार होगा, जो रामचरित मानस की चौपाई की तर्ज पर बनेगा। इस गीत को प्रख्यात गायिका पद्मश्री मालिनी अवस्थी स्वर देंगी।