Ayodhya Structure Demolition Case: तीन घंटे तक रहे दिल थामे और फिर मुंह से निकला जय श्री राम
Ayodhya Structure Demolition Case सुबह 10 से दोपहर एक बजे तक दिल थामे रहे दोषमुक्त किए गए आरोपी। फैसला आने के बाद जय श्री राम के नारे लगाए। सभी के दिलों में 28 साल से चुभ रहा है एक कांटा निकल गया।
लखनऊ [ऋषि मिश्र]। Ayodhya Structure Demolition Case: अयोध्या ढांचा विध्वंस केस में दोषमुक्त किए गए लोग हों या उनके समर्थक सुबह 10 बजे से दोपहर एक बजे तक दिल थामे बैठे रहे और जैसे ही कोर्ट ने सभी को बाइज्जत बरी किया तो बाहर निकलते ही जय श्री राम का जोरदार नारा लगाने लगे। सभी के दिलों में 28 साल से चुभ रहा है एक कांटा निकल गया।
सुबह 10 बजे से ही सभी दोषमुक्त व्यक्ति कोर्ट पहुंचना शुरू हो गए। आमतौर से सभी लोग कोर्ट जाने से पहले दूर होने के बावजूद मीडिया कर्मियों की ओर हाथ हिलाते हुए जा रहे थे। साध्वी ऋतंभरा ने दूर से नमस्कार किया, जबकि पूर्व विधायक पवन पांडेय ने मीडिया कर्मियों के एकदम नजदीक आकर अभिवादन किया। विनय कटियार अपनी गाड़ी के भीतर बैठे-बैठे निकल गए। बाकी लोग भी सुबह करीब 11 बजे तक कोर्ट में पहुंच गए। कोर्ट में कुल 26 आरोपित पहुंच चुके थे। दोपहर करीब साढ़े बारह बजे अदालत ने सभी आरोपितों को बरी कर दिया। जिसके करीब 20 मिनट बाद सभी लोग कोर्ट के बाहर पहुंचने लगे हैं। साध्वी ऋतंभरा ने कार के भीतर से विजय चिन्ह दिखा कर कहा कि ये सत्य की जीत है। हम जीत गए। बाहर समर्थक स्वास्थ्य भवन चौराहे पर जय श्री राम और काशी मथुरा बाकी है का नारा लगाते रहे। इस माहौल को संभालने में पुलिस को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी।