इसौली विधायक के बेतुके बोल की आडियो क्लिप वायरल
सोशल मीडिया पर वायरल एक आडियो क्लिप में सपा विधायक अबरार अहमद ने महिला जिला पंचायत अध्यक्ष पर अश्लील आरोप लगाए। अमेठी से प्रदेश सरकार के मंत्री पर भी कटाक्ष किया।
लखनऊ (जेएनएन)। सुलतानपुर के इसौली से सपा विधायक अबरार अहमद एक बार फिर अपने बेतुके बोल को लेकर सुर्खियों में हैं। सोशल मीडिया पर उनकी एक आडियो क्लिप वायरल हुई जिसमें उन्होंने एक महिला जिला पंचायत अध्यक्ष पर अश्लील आरोप लगाए हैं। उन्होंने एक विधायक व अमेठी से प्रदेश सरकार के मंत्री पर भी कटाक्ष किया है।
इस आडियो क्लिप में अबरार अहमद से किसी की बातचीत है, जिसमें उन्होंने जिला पंचायत अध्यक्ष को सेक्स रैकेट की संचालिका बताया। उनके अनुसार उन्होंने जिला पंचायत अध्यक्ष को सपा में शामिल कराकर बड़ी भूल की थी। विधायक यही नहीं रुके, बोले, एक अन्य सपा विधायक ने भाजपा प्रत्याशी से पैसा लेकर सपा के चार वोट दिलवाए थे। कहा कि वह खानेपीने में भी ईमानदारी के पैसे का प्रयोग देखते हैं। उन्होंने एक दावत में जाने से पहले खनन मंत्री गायत्री प्रसाद प्रजापति से पूछ लिया था कि हमें जो खाना खिलाओगे क्या वह ईमानदारी का होगा। अबरार के इस बयान के बाद राजनीतिक हलकों में हलचल है। बताया जाता है कि जिला पंचायत अध्यक्ष इस आडियो क्लिप सपा सुप्रीमो और मुख्यमंत्री तक पहुंचाने की तैयारी में हैं। आडियो क्लिप पर अबरार अहमद ने कहा कि मीडिया ने परेशान कर दिया है और अब कुछ न कहलवाइए। मैंने उनकी बहुत मदद की है। वहीं जिला पंचायत अध्यक्ष के पति ने कहा कि विधायक जी बुजुर्ग हो गए हैं, उनका मानसिक संतुलन दुरुस्त नहीं है।