मेरठ से पकड़े गए जैश-ए-मोहम्मद के आतंकी को रिमांड पर लेगी ATS, दूसरे स्लीपर सेल की होगी तलाश
आतंकवाद निरोधक दस्ता (एटीएस) जैश-ए-मोहम्मद के आतंकी मोहम्मद जफर को रिमांड पर लेने की तैयारी में है।

प्रतीकात्मक तस्वीर
HighLights
एटीएस जैश-ए-मोहम्मद के आतंकी जफर को रिमांड पर लेगी।
जफर मस्जिद निर्माण के नाम पर आतंकी संगठन को चंदा भेजता था।
वह मसूद अजहर से प्रभावित होकर स्लीपर सेल बना रहा था।
राज्य ब्यूरो, लखनऊ। आतंकवाद निरोधक दस्ता (एटीएस) ने जैश-ए-मोहम्मद के आतंकी मोहम्मद जफर को रिमांड पर लेने की तैयारी शुरू कर दी है। आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद के लिए स्लीपर सेल के रूप में काम करने वाले कई संदिग्ध आतंकी जफर के संपर्क में थे।
एटीएस को आरोपित के मोबाइल और अन्य दस्तावेजों से इनकी जानकारी मिली है। एटीएस की कोशिश है कि आरोपित से उसके संपर्क वाले अन्य आतंकियों की जानकारी लेकर उन्हें सलाखों के पीछे पहुंचाया जाए। जल्द ही एटीएस आरोपित को रिमांड पर लेने के लिए अदालत में अर्जी दाखिल करेगा।
एटीएस ने पिछली 16 अगस्त को मेरठ के कोतवाली थाना क्षेत्र में स्थित एक मस्जिद से आरोपित को गिरफ्तार किया था। बिहार के पूर्णिया का निवासी आरोपित आतंकी हापुड़ में स्थित एक मस्जिद में इमाम था और मस्जिद निर्माण के नाम पर लोगों से चंदा एकत्र कर आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद को भेज रहा था।
एटीएस को मिली संदिग्ध किताब
आरोपित करीब दो वर्ष पहले जैश-ए-मोहम्मद के सरगना मसूद अजहर से प्रभावित होकर इंटरनेट मीडिया के जरिए आतंकी संगठन के संपर्क में आया था। जैश-ए-मोहम्मद के हैंडलरों ने उसे स्लीपर सेल तैयार करने का लक्ष्य दिया था। एटीएस को उसके पास से एक किताब भी मिली है। इस किताब में मसूद अजहर के तिहाड़ जेल में रहने और कंधार हाईजैक के बाद तीन आतंकियों को छोड़ने का जिक्र है।
हथियार चलाने व अन्य आतंकी गतिविधियों का प्रशिक्षण लेने के लिए आरोपित जल्द ही जैश-ए-मोहम्मद के कैंप में शामिल होने वाला था, लेकिन इससे पहले एटीएस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
एटीएस के अधिकारी यह जानने की कोशिश कर रहे हैं कि आरोपित को कौन से कैंप में प्रशिक्षण के लिए बुलाया गया था। साथ ही स्लीपर सेल में शामिल कौन-कौन से संदिग्ध आतंकी उसके संपर्क में थे। एटीएस ने पिछले चार माह में 12 से मुकदमे दर्ज कर 52 आतंकियों को गिरफ्तार किया है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।