यूपी में अलकायदा से जुड़े दो और युवकों की तलाश तेज, गिरफ्तार संदिग्ध आतंकियों से ATS को मिली जानकारी
एटीएस ने प्रतिबंधित आतंकी संगठन अलकायदा इन इंडियन सब-कांटीनेंट से जुड़े दो और युवकों की तलाश तेज कर दी है।

इस फोटो को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।
HighLights
अलकायदा से जुड़े दो और युवकों की तलाश जारी।
गिरफ्तार आतंकियों नबील और मकसूद अली से मिली जानकारी।
संदिग्धों के मोबाइल से मिले पाकिस्तानी नंबरों की जांच।
राज्य ब्यूरो, लखनऊ। आतंकवाद निरोधक दस्ता (एटीएस) ने प्रतिबंधित आतंकी संगठन अलकायदा इन इंडियन सब-कांटीनेंट से जुड़े दो और युवकों की तलाश तेज कर दी है। दोनों युवकों की जानकारी पिछली 12 व 14 सितंबर को आजमगढ़ व तमिलनाडु से गिरफ्तार किए गए आतंकी मोहम्मद नबील और मकसूद अली से एटीएस को मिली है। इनकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।
उत्तर प्रदेश में पिछले लंबे समय से पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी आईएसआई समर्थित पाक गैंग्सटर शहजाद भट्टी स्लीपर सेल के जरिए अपना नेटवर्क फैला रहा था। एटीएस ने पिछले छह माह में 12 मुकदमे दर्ज कर शहजाद भट्टी के साथ जुड़े 52 संदिग्ध आतंकियों को गिरफ्तार किया है।
एटीएस की सिफारिश पर केंद्र सरकार ने बीते दिन शहजाद भट्टी के नेटवर्क को आतंकी नेटवर्क घोषित कर दिया है, लेकिन इससे पहले उत्तर प्रदेश में प्रतिबंधित आतंकी संगठन अलकायदा इन इंडियन सब-कांटीनेंट ने अपने नेटवर्क तैयार कर लिया है।
इसी नेटवर्क से नबील और मकसूद अली जुड़े थे, जिन्हें एटीएस ने पिछले दिनों गिरफ्तार किया है। एटीएस की टीम ने दोनों आरोपितों के मोबाइल से कई नंबर प्राप्त किए हैं।
इन नंबरों की पड़ताल की जा रही है कि इन्हें कौन-कौन इस्तेमाल कर रहा था। इनमें कुछ पाकिस्तानी नंबर भी शामिल हैं। एटीएस के अधिकारी इसकी जांच कर रहे हैं कि इन नंबरों से कब-कब आरोपितों ने बात की थी और एप पर कौन से संदेशों का आदान-प्रदान किया गया था।
