प्रदेश भर में आज निकलेगी अटल बिहारी वाजपेयी की अस्थि कलश यात्रा
अटल बिहारी वाजपेयी का अस्थि कलश विसर्जन 24 अगस्त को बाराबंकी, बहराइच श्रावस्ती, रायबरेली, बलरामपुर और पीलीभीत समेत उत्तर प्रदेश की विभिन्न नदियों को घाटों पर होगा।
लखनऊ (जेएनएन)। पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की अस्थियों को प्रदेश भर में 16 अलग-अलग स्थानों की प्रमुख नदियों में विसर्जित किया जाएगा। इसके लिए शुक्रवार को भाजपा मुख्यालय से अस्थि कलश यात्रा निकलेगी। सुबह मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, प्रदेश अध्यक्ष डॉ. महेंद्र नाथ पांडेय, उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य व डॉ. दिनेश शर्मा, प्रदेश महामंत्री संगठन सुनील बंसल अस्थि कलश को मंत्रियों और पदाधिकारियों को कलश सौंपेंगे। शुक्रवार को सुबह भाजपा मुख्यालय से पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की अस्थियों के विसर्जन के लिए निकलने वाली कलश यात्रा के लिए प्रदेश भर का रुट तय किया गया है। प्रदेश महामंत्री संगठन सुनील बंसल ने मंत्रियों और पदाधिकारियों के साथ इस यात्रा की तैयारी को लेकर गुरुवार देर रात भाजपा मुख्यालय में एक बैठक भी की।
सबकी भावनाओं का आदर होना चाहिए
बंसल ने कहा कि आमजन की भावनाएं अटल जी से जुड़ी हैं और सभी अपनी श्रद्धांजलि अर्पित करना चाहते हैं। ऐसे में सबकी भावनाओं का आदर होना चाहिए। उन्होंने विधि पूर्वक अस्थियों के विसर्जन के लिए भी हिदायत दी। भाजपा मुख्यालय से प्रदेश सरकार के एक मंत्री और संगठन के प्रमुख पदाधिकारी के नेतृत्व में काफिला अस्थियों को लेकर निकलेगा। राजधानी के करीब वाले इलाकों में शुक्रवार को ही अस्थियों का विसर्जन होगा जबकि दूरस्थ इलाकों में शनिवार को होगा। इस मौके पर केंद्र और प्रदेश सरकार के मंत्री और संगठन के पदाधिकारी भी मौजूद रहेंगे। डॉ. महेंद्र नाथ पांडेय और सुनील बंसल ने मंत्रियों और पदाधिकारियों का दायित्व निर्धारित कर दिया है। भाजपा प्रदेश मीडिया प्रभारी मनीष दीक्षित ने गुरुवार को इसकी सूची जारी कर दी। अस्थि कलश यात्रा का रूट भी निर्धारित किया है।
गोरखपुर में शनिवार को अस्थिकलश यात्रा
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार को गोरखपुर जाएंगे। वहां वह अटल बिहारी वाजपेयी की अस्थिकलश यात्रा में शामिल होंगे। अस्थि कलश को राप्ती में विसर्जन करने के पहले वहां निपाल क्लब में एक श्रद्धांजलि सभा भी आयोजित होगी। इसमें सरकार के कई मंत्री भी शामिल होंगे। इसके बाद महानगर के विभिन्न इलाकों से होते हुए यह यात्रा राजघाट स्थित राप्ती नदी के तट पर पहुंचेगी। वहां मुख्यमंत्री अटल जी की अस्थि कलश का विसर्जन करेंगे। इसके पहले मुख्यमंत्री 15 अगस्त को पौधरोपण कार्यक्रम में गोरखपुर गये थे।
काशी में प्रदेश अध्यक्ष करेंगे अस्थि विसर्जन
अटल बिहारी वाजपेयी की अस्थियां काशी में 25 अगस्त को भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व चंदौली के सांसद डा. महेंद्र नाथ पांडेय विसर्जित करेंगे। इस दौरान विधि, सूचना राज्यमंत्री डा. नीलकंठ तिवारी भी मौजूद होंगे। सूबे की प्रमुख नदियों में पूर्व पीएम की अस्थि विसर्जन को लेकर लेकर प्रदेश सरकार ने मंत्रियों की भी जिम्मेदारी तय की है। वाराणसी में राजेंद्र प्रसाद घाट पर होने वाले अस्थि विसर्जन कार्यक्रम की जिम्मेदारी राज्यमंत्री नीलकंठ तिवारी को सौंपी गई है। 24 अगस्त को लखनऊ से अस्थि कलश लेकर काशी के लिए राज्यमंत्री रवाना होंगे।
मीरजापुर-आजमगढ़ में केंद्रीय मंत्री
मीरजापुर में गंगा में अस्थियों को प्रवाहित करने की जिम्मेदारी केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री शिव प्रताप शुक्त को दी गई है। अस्थि कलश लेकर राज्यमंत्री अनिल राजभर लखनऊ से चलेंगे। आजमगढ़ में तमसा नदी में पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की अस्थियां केंद्रीय राज्यमंत्री मनोज सिन्हा व प्रदेश के मंत्री दारा सिंह चौहान विसर्जित करेंगे। लखनऊ से 24 अगस्त को अस्थि कलश लेकर राज्यमंत्री उपेंद्र तिवारी आजमगढ़ के लिए रवाना होंगे।
विसर्जन के साक्षी होगी हरिपदी
भगवान वराह की उद्भव और मोक्षस्थली कासगंज के सोरों की हरिपदी गंगा के घाट अटलजी की अस्थियों के विसर्जन के साक्षी बनेंगे। मोक्ष की नगरी में गंगा के घाटों को पक्का कराने का श्रेय पूर्व प्रधानमंत्री को ही जाता है। गंगा में देश के कई राजनेताओं की अस्थियां विसर्जित हो चुकी हैं तो तमाम राजा-महाराजाओं को मोक्ष भी यहीं मिला है। लखनऊ से अस्थियों को कासगंज लाने का जिम्मा राज्यमंत्री सुरेश राणा को मिला है।
बलरामपुर दो मंत्री शाही व रमापति
बलरामपुर भाजपा जिलाध्यक्ष राकेश सिंह ने बताया कि अस्थि कलश यात्रा लखनऊ से चलकर बाराबंकी, बहराइच व श्रावस्ती होते हुए बलरामपुर की सीमा में प्रवेश करेगी। सीमा पर ही कार्यकर्ताओं द्वारा पुष्पांजलि व जगह-जगह फूलों की वर्षा करते हुए राप्ती घाट पर अस्थि कलश विसर्जन किया जाएगा। घाट पर ही श्रद्धांजलि सभा का आयोजन है। अस्थि कलश के साथ कैबिनेट मंत्री मुकुट बिहारी वर्मा और संगठन की तरफ से प्रदेश उपाध्यक्ष पद्म सेन चौधरी व अस्थि कलश विसर्जन प्रमुख कैबिनेट मंत्री सूर्य प्रताप शाही व रमापति शास्त्री भाग रहेंगे।