यूपी के आशीष, सूरज व साक्षी ने नेशनल जैवलिन में जीता स्वर्ण
हरियाणा की पूनम रानी व दिल्ली के गौरव ओपन वर्ग में बने चैंपियन।
लखनऊ(जेएनएन)। जैवलिन में भविष्य की प्रतिभाओं को तलाशने के लिए लखनऊ में आयोजित एकदिवसीय नेशनल जैवलिन थ्रो ओपन चैंपियनशिप में मेजबान यूपी के आशीष, सूरज व साक्षी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किए। वहीं महिलाओं की ओपन वर्ग में हरियाणा की पूनम रानी व पुरुष वर्ग में दिल्ली के अभिषेक ड्राल चैंपियन बने। मेजबान यूपी के लिए बालक अंडर-20 आयु वर्ग में आशीष चौधरी (66.93 मी.), बालक अंडर-16 आयु वर्ग में सूरज कुमार (71.23 मी.), बालिका अंडर-18 आयु वर्ग में साक्षी शर्मा (36.78 मी.) ने स्वर्ण पदक जीते। यूपी के एथलीटों ने चैंपियनशिप में तीन स्वर्ण, दो रजत व चार कांस्य पदक अपने नाम किए।
यूपी एथलेटिक्स एसोसिएशन के तत्वावधान में 35वीं वाहिनी पीएसी के सिंथेटिक एथलेटिक्स स्टेडियम में आयोजित इस चैंपियनशिप में देश भर के 76 एथलीटों ने हिस्सा लिया जिसमें सबके बीच इस बात की जद्दोजहद दिखी कि उन्हें फिनलैंड में प्रशिक्षण के लिए जाने वाले दल में जगह बनानी है। हाल ही में एशियाड में रिकॉर्ड प्रदर्शन के साथ स्वर्ण पदक जीतने वाले जैवलिन थ्रोअर नीरज चोपड़ा की तरह देश का नाम चमकाने के लिए सब तैयार दिखे। इस दौरान महिला वर्ग में हरियाणा की पूनम रानी ने 52.48 मीटर थ्रो कर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। इस वर्ग का रजत पदक हरियाणा की ही शिल्पा रानी (40.15) ने जीता जबकि महाराष्ट्र की गीता शिंदे (37.93 मीटर) को कांस्य से ही संतोष करना पड़ा। पूनम रानी ने अपने दूसरे ही प्रयास में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए सोना पर कब्जा जमाया। पूनम का थ्रो इतना जबर्दस्त रहा कि रजत पदक विजेता हरियाणा की शिल्पा (40.15 मी.) उनसे लगभग दस मी. पीछे रहीं।
वहीं पुरुष वर्ग का स्वर्ण दिल्ली के अभिषेक ड्राल (73.00 मी.) ने थ्रो करते हुए जीता। अभिषेक पहले ही प्रयास में सबसे आगे रहे। हरियाणा के विक्रांत मलिक ने 69.04 मी. थ्रो कर रजत जीता, जबकि उत्तर प्रदेश के जितेंद्र सिंह (68.98) मी. थ्रो करते हुए कांस्य पदक के हकदार बने।
बालक अंडर-20 आयु वर्ग में यूपी के आशीष चौधरी ने सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए 66.93 मी. थ्रो किया। उनको कड़ी टक्कर दे रहे तमिलनाडु के एस. ब्रेवमैन हार्ट (66.39 मी.) ने रजत पदक जीता जबकि उत्तर प्रदेश के ही ऋषभ नेहरा (64.89 मी.) को कास्य मिला।
बालक अंडर-18 आयु वर्ग में हरियाणा के साहिल सिलवाल (72.92 मी.) ने स्वर्ण पदक, बिहार के सुदामा कुमार यादव (71.71 मी.) ने रजत व उत्तर प्रदेश के नंदकिशोर सिंह (70.06 मी.) ने कांस्य जीता।
बालक अंडर-16 आयु वर्ग में उत्तर प्रदेश के सूरज कुमार ने 71.23 मी. थ्रो कर स्वर्ण जीता। उन्होंने यह प्रदर्शन अपने चौथे प्रयास में किया। उत्तर प्रदेश के इजहार अहमद (66.26 मी.) ने रजत व गुजरात के श्याम (61.49) ने कांस्य पदक जीता।
बालिका अंडर-20 आयु वर्ग में आसाम की रुंजन पेगू 43.21 मी. थ्रो कर सबसे आगे रहीं। तमिलनाडु की हेमा मालिनी ने 39.10 थ्रो करते हुए रजत पदक जीता। हालाकि इस स्पर्धा में तीन ही प्रतिभागी थे लेकिन केरल की श्रीरंजनी निर्धारित समय में स्टार्ट ही नहीं ले सके। इसलिए इस स्पर्धा में स्वर्ण व रजत पदक ही दिए गए।
बालिका अंडर-18 आयु वर्ग में उत्तर प्रदेश की साक्षी शर्मा (36.78 मी.) थ्रो करते हुए स्वर्ण जीता। स्पर्धा की रजत पदक विजेता उत्तर प्रदेश की वर्षा वर्मा (35.54 मी.) व कास्य विजेता उत्तर प्रदेश की ही मृणालिनी सिंह (35.08 मी.) रहीं। इससे पहले चैंपियनशिप का उद्घाटन पीके श्रीवास्तव (कोषाध्यक्ष, एथलेटिक्स फेडरेशन ऑफ इंडिया) ने किया। वहीं समापन समारोह में सनी जोशुआ (उपाध्यक्ष, एथलेटिक्स फेडरेशन ऑफ इंडिया), अशोक गुप्ता (कोषाध्यक्ष, यूपी एथलेटिक्स एसोसिएशन) व बीआर वरुण (लखनऊ जिला एथलेटिक्स एसोसिएशन) ने पुरस्कार वितरित किए।