विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

असदउद्दीन ओवैसी ने तैयार की एआईएमआईएम की चुनावी रणनीति, यूपी की 20 सीटों पर रहेगा फोकस

Published: Sat, 22 Aug 2026 09:36 PM (GMT+05:30)

AIMIM in UP: एआईएमआईएम को राज्य में वर्ष 2023 के निकाय चुनाव से राजनीतिक आक्सीजन मिला। उस समय उसके प्रत्याशियों ने संभल, सिकंदराराऊ, घाटमपुर, कुंदरकी और ठिरिया नगर पालिका अध्यक्ष पद पर जीत हासिल की थी।

आल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) के अध्यक्ष असदउद्दीन ओवैसी

आल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) के अध्यक्ष असदउद्दीन ओवैसी 

HighLights

  1. वर्ष 2023 के निकाय चुनावों में मिली सफलता को विधानसभा में दोहराने का प्रयास

  2. पार्टी की नजर अब उन 20 सीटों पर, जहां नतीजों में फेरबदल कर सकते मुस्लिम मतदाता

राज्य ब्यूरो, लखनऊ। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव खाता खोलने की तैयारी में लगी आल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन ने सक्रियता बढ़ा दी है। पार्टी की नजर अब उन 20 सीटों पर है, जहां मुस्लिम मतदाता चुनावी नतीजों में फेरबदल कर सकते हैं।

आल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) उत्तर प्रदेश को लेकर बेहद गंभीर है और यहां की महत्ता समझ खाता खोलने को बेकरार है। पार्टी प्रयागराज, बहराइच, सहारनपुर, मुरादाबाद, रामपुर और अमरोहा की कई सीटों पर बूथ स्तर की टीम तैयार करने पर केंद्रित है। वैसे तो पार्टी का दावा है कि 200 विधानसभा क्षेत्रों में उसका बूथ संगठन सक्रिय है।

एआईएमआईएम के अध्यक्ष असदउद्दीन ओवैसी ने इसी रणनीति के तहत बीती जून में बहराइच की मटेरा विधानसभा से चुनावी अभियान शुरू किया था, जहां उन्होंने पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष शौकत अली को प्रत्याशी भी घोषित किया था। मटेरा विधानसभा सीट समाजवादी पार्टी के प्रभाव वाली मानी जाती है, जहां से मारिया शाह सपा की विधायक हैं।

दरअसल, एआईएमआईएम को राज्य में वर्ष 2023 के निकाय चुनाव से राजनीतिक आक्सीजन मिला। उस समय उसके प्रत्याशियों ने संभल, सिकंदराराऊ, घाटमपुर, कुंदरकी और ठिरिया नगर पालिका अध्यक्ष पद पर जीत हासिल की थी। संभल में उसकी प्रत्याशी आसिया मुशीर 22 हजार वोट के अंतर से जीती थी।

सिकंदराराऊ में मोहम्मद मुशीर 2,879 वोट से विजयी हुए, जबकि घाटमपुर में गजाला तबस्सुम ने सपा की चंद्रकांति को महज 84 वोट से हराया था। पिछले कुछ महीनों से संभल जिले में चल रही प्रशासनिक कार्रवाई और राजनीतिक दांव पेंच चल रहा है।

ऐसे में पार्टी की कोशिश निकाय चुनाव के परिणाम को विधानसभा तक ले जाने की है। इसके साथ पार्टी प्रयागराज की पश्चिम विधानसभा क्षेत्र पर भी फोकस कर रही है। कुंदरकी, घाटमपुर, सहारनपुर देहात, मेरठ कैंट जैसी मुस्लिम प्रभाव वाली सीटों पर प्रत्याशी उतारकर नई राजनीतिक पहचान बनाना चाहती है।

प्रदेश अध्यक्ष शौकत अली का कहना है कि 2027 में एआईएमआईएम कितनी सीटों पर मैदान में उतरेगी, यह अभी स्पष्ट नहीं है, अगर हम अकेले चुनाव लड़े तो 200 प्रत्याशी उतार सकते हैं, लेकिन जिन सीटों पर पार्टी को जनता का खुला समर्थन हासिल है, वहां प्रत्याशी उतारने और जीत तय करने के लिए पार्टी अध्यक्ष असदउद्दीन ओवैसी की सक्रियता जल्द बढ़ेगी।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।