विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

त्योहारों से पहले महंगाई का झटका! 10 दिनों में दाल और चने के दामों ने लगाई लंबी छलांग, अरहर दाल ₹128 के पार

Published: Wed, 23 Sep 2026 08:49 PM (IST)

राजधानी लखनऊ में अरहर दाल की कीमतों में एक महीने में 14 रुपये की बढ़ोतरी हुई है, जिससे पुखराज दाल 128 रुपये प्रति किलोग्राम तक पहुंच गई है।

प्रतीकात्मक तस्वीर

प्रतीकात्मक तस्वीर

HighLights

  1. लखनऊ में अरहर दाल की कीमत में 14 रुपये की वृद्धि।

  2. कर्नाटक में फसल खराब होना और महंगा आयात मुख्य कारण।

  3. त्योहारी सीजन में दालों के दाम और बढ़ने की आशंका।

जागरण संवाददाता, लखनऊ। राजधानी में अरहर की दाल में बढ़ोत्तरी जारी है। एक माह में दाल के दामों में 14 रुपये की बढ़ोत्तरी हो चुकी है। जो पुखराज दाल एक माह पहले 114 रुपये किलो बिक रही थी, यह पहले 121 रुपये प्रति किलोग्राम पहुंची और बुधवार को छह रुपये की छलांग लगाते हुए 128 रुपये प्रतिकिलोग्राम पांडेयगंज थोक मंडी में पहुंच गई है।

लखनऊ व्यापार मंडल के चेयरमैन व पांडेयगंज व्यापार मंडल के अध्यक्ष राजेन्द्र अग्रवाल ने बताया कि कर्नाटक में अरहर दाल की फसल मौसम के कारण प्रभावित हुई है। कर्नाटक से दाल न आने और विदेशों से आने वाली दाल महंगी आने के कारण घरेलू दाल के दाम में बढ़ोत्तरी जारी है।

उन्होंने बताया कि सूरजमुखी अरहर की दाल जो दस दिन पहले 117 रुपये प्रतिकिलोग्राम बिक रही थी, यह बढ़कर 123 रुपये प्रतिकिलोग्राम हो गई है। वहीं चने की दाल 78 रुपये से बढ़कर 81 रुपये प्रतिकिलोग्राम के दाम से बुधवार को बिकी।

इसी तरह देशी चना 74 रुपये प्रति किलोग्राम में बिक रहा था, जो 77 रुपये प्रतिकिलोग्राम में पहुंच गई है। अग्रवाल के मुताबिक त्योहारी सीजन अक्टूबर माह के दूसरे सप्ताह से शुरू हो जाएगा।

वर्तमान में जो तेजी दलहन में चल रही है, अगर यह न थमी तो त्योहार में दालों के दामों में बढ़ोत्तरी तय है। वहीं फुटकर बाजार में थोक बाजार की तुलना में पांच से पंद्रह प्रतिशत तक दाम दलहन के ज्यादा है।

यह भी पढ़ें- प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि: 1 लाख से अधिक अपात्र लाभार्थियों पर वसूली की तलवार, सरकार कसेगी शिकंजा