देश विरोधी गतिविधियों की साजिश नाकाबिले बर्दाश्त : कलराज
भाजपा के केन्द्रीय मंत्री कलराज मिश्र ने जेएनयू प्रकरण के संदर्भ में कहा कि देश विरोधी गतिविधियों की साजिश नाकाबिले बर्दाश्त है। इसमें शामिल होने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। अफजल के बरसी पर इस प्रकार का आयोजन किसी कीमत पर क्षम्य नहीं किया जाएगा।
लखनऊ। भाजपा के केन्द्रीय मंत्री कलराज मिश्र ने जेएनयू प्रकरण के संदर्भ में कहा कि देश विरोधी गतिविधियों की साजिश नाकाबिले बर्दाश्त है। इसमें शामिल होने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। अफजल के बरसी पर इस प्रकार का आयोजन किसी कीमत पर क्षम्य नहीं किया जाएगा। देशविरोधी गतिविधियों को कदापि बढऩे नहीं दिया जाएगा। वह आजमगढ़ में पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष माला द्विवेदी के आवास पर पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। वादा किया कि मुबारकपुर की साड़ी तथा ब्लैक पाटरी के विकास में कोई कोर कसर नहीं छोड़ा जाएगा। कहा कि आजमगढ़-बनारस रोड बनना शुरू हो गया है। इससे लोगों को बड़ी सहूलियत मिलेगी। बताया कि केन्द्र सरकार ने प्रदेश सरकार को विकास के लिए काफी धन दिया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यशैली की भी जमकर तारीफ की। कहा जिस तरह से प्रधानमंत्री ने विदेशों में देश का गौरव बढ़ाया है वह राष्ट्र के लिए फख्र की बात है। आज लोगों को गर्व महसूस हो रहा है कि वह भारतीय हैं। श्री मिश्र ने कहा कि प्रधानमंत्री ने कभी धन का रोना नहीं रोया जो संसाधन हैं उसी में देश को तरक्की और विकास का कार्य कर रहे हैं। आरोप मढ़ा कि सरकार की अच्छी छबि से विरोधी दल के लोग कुंठित हैं। एक सवाल के जवाब में कहा कि जिन मुद्दों पर विवाद हो रहा है उस पर सदन में चर्चा होनी चाहिए। सदन में हो हल्ला विकास में पूरी तरह से बाधक है। श्री मिश्र ने सपा सरकार पर भी जमकर तीर चलाए। आरोप लगाया कि प्रदेश में कानून व्यवस्था पूरी तरह से ध्वस्त हो गई है। युवा उद्यमियों का आह्वान किया कि वह आगे आएं। उनके लिए उद्योग आधार पोर्टल तैयार किया गया है। २० प्वाइंट आन लाइन भरकर भेज दें पांच मिनट में रजिस्ट्रेशन हो जाएगा। कहा कि लोन लेने में छोटे उद्यमियों को परेशान किया जाता है अब ऐसा नहीं हो पाएगा। गारंटी के साथ तीन साल की छूट दी जाएगी।