अखिलेश मंत्रिमंडल का एक-दो दिन में विस्तार संभव, राज्यपाल से मिले
मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने राज्यपाल से मुलाकात की। माना जा रहा है कि उन्होंने राज्यपाल से मंत्रिमंडल विस्तार के लिए समय मांगा है।
लखनऊ (वेब डेस्क)। विधानसभा चुनाव की आहट के बीच में मुख्यमंत्री एक-दो दिन में अपने मंत्रिमंडल का एक और विस्तार कर सकते हैं। आज दिन में मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने राज्यपाल से मुलाकात की। माना जा रहा है कि उन्होंने राज्यपाल से इस विस्तार के लिए समय मांगा है।
मुख्यमंत्री अखिलेश यादव आज दिन में करीब एक बजे राजभवन पहुंचे थे। उन्होंने राज्यपाल राम नाईक से भेंट की। इनके बीच मुलाकात करीब 40 मिनट तक चली। माना जा रहा है कि अखिलेश यादव अपने मंत्रिमंडल में एक और विस्तार को लेकर आज राज्यपाल से मिले। अभी अखिलेश यादव के मंत्रिमंडल में चार मंत्रियों की जगह खाली है। संभावना है कि पूर्वांचल के एक कैबिनेट मंत्री को पद से हटाकर उनके बेटे को राज्यमंत्री बनाया जाएगा। इनके साथ ही लखनऊ से भी दो विधायकों को मंत्री पद मिल सकता है। मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने आज राज्यपाल को 25 जून को अपने सरकारी आवास, पांच कालीदास मार्ग पर होने वाले रोजा इफ्तार के लिए भी निमंत्रण दिया है।