बाराबंकी: रास्ते में गिरे मिले बेशकीमती प्राचीन सिक्के, ढूंढने के लिए मच गई होड़-जानिए क्या है मामला Barabanki News
बाराबंकी के दरियाबाद थाना क्षेत्र में मिट्टी खनन में मिले प्राचीन सिक्के। पुरातत्व विभाग करेगा सिक्कों की जांच।
बाराबंकी, जेएनएन। ट्रैक्टर-ट्रॉली से मिट्टी ढुलाई के दौरान रास्ते में कुछ सिक्के गिर गए पाए। जिसे ग्रामीणों ने उठा लिया, वहीं प्राचीन काल के इन सिक्कों के मिलने की खबर सुनकर आसपास के गांव के लोग भी उसे ढूंढ़ने निकल आए। इसी दौरान पुलिस को भी सूचना मिली और उन्होंने भी मौके से पांच सिक्के बरामद किए। वहीं पुलिस इन सिक्कों को मुगलकालीन बता रही है। हालांकि पुरातत्व विभाग से जांच के बाद ही इसकी पुष्टि हो पाएगी।
यह है मामला
दरियाबाद थाना क्षेत्र के गुलचप्पा गांव के बाहर गुड्डू पुत्र लखन के खेत से मिट्टी की खोदाई की जा रही थी। बताते हैं कि ट्रैक्टर-ट्रॉली से मिट्टी अयोध्या जिले के पटरंगा भेजी जा रही थी। मिट्टी लेकर ट्रॉली से गुलचप्पा-अलियाबाद मार्ग से गुजर रही थीं। गुरुवार सुबह इसी रास्ते पर तमाम सिक्के ग्रामीणों को पड़े मिले। सोने के सिक्के मिलने की सूचना आसपास के गांवों तक पहुंच गई। इसके बाद सिक्के खोजने की होड़ सी लग गई और ग्रामीण पूरे रास्ते में सिक्के तलाशने लगे। यही नहीं कुछ लोग पटरंगा तक उस स्थान तक पहुंच गए जहां मिट्टी डाली जा रही थी। अलियाबाद चौकी पुलिस ने मौके पर पहुंचकर गांव के नेवाज, मामू, दत्तू आदि से पांच सिक्के भी बरामद किए।
कराई जाएगी जांच
चौकी इंचार्ज बृजेंद्र नाथ मिश्र ने बताया कि पांच सिक्के बरामद हुए हैं। यह तांबे के और मुगलकालीन प्रतीत हो रहे हैं। पुलिस ने बताया कि इन सिक्कों की जांच पुरातत्व विभाग से कराई जाएगी। इसके बाद ही इनकी हकीकत पता चल सकेगी।
जेसीबी से खनन : गुलचप्पा में जेसीबी मशीन से मिट्टी से खनन कार्य कराया जा रहा था। खनन स्थल पर जेसीबी मशीन के निशान भी मिले हैं। यहां पर कई दिन से खनन कार्य जारी होने की बात बताई जा रही थी। हालांकि, पुलिस समतलीकरण बता रही है।