अनंत नगर योजना के 460 प्लाटों के लिए 8229 लोगों ने कराया रजिस्ट्रेशन, लॉटरी से होगा आवंटन
लखनऊ की एलडीए अनंत नगर आवासीय योजना के पांचवें चरण में 460 भूखंडों के लिए 8229 लोगों ने पंजीकरण कराया है।

HighLights
अनंत नगर योजना के 460 भूखंडों के लिए 8229 पंजीकरण।
लॉटरी के माध्यम से होगा भूखंडों का आवंटन जल्द।
785 एकड़ की योजना में डेढ़ लाख लोगों को मिलेगा घर।
जागरण संवाददाता, लखनऊ। एलडीए की अनंत नगर आवासीय योजना में भूखंड पाने के लिए होड़ मची है। योजना में पांचवें चरण में 460 भूखंडों के लिए आनलाइन पंजीकरण खोला गया था, पंजीकरण बंद होने के अंतिम दिन बुधवार को शाम सात बजे तक 8229 लोगों ने आवेदन करते हुए पंजीकरण कराया।
एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने बताया कि लाटरी के माध्यम से भूखंडों का आवंटन किया जाएगा, इसकी तारीख जल्द घोषित की जाएगी।
मोहान रोड पर 785 एकड़ क्षेत्रफल में विकसित की जा रही अनंत नगर योजना में लगभग डेढ़ लाख लोगों के आशियाने का सपना साकार होगा। योजना में चौड़ी सड़कों के साथ निर्बाध विद्युत आपूर्ति के लिए भूमिगत केबल बिछाई जा रही हैं।
योजना में बड़े हिस्से में एडुटेक सिटी विकसित की जाएगी। वहीं, लगभग 130 एकड़ भूमि पर पार्कों व ग्रीन स्पेस का विकास किया जाएगा, जोकि योजना को पर्यावरण के अनुकूल एक हरा-भरा क्षेत्र बनाएगा।
अपर सचिव ज्ञानेंद्र वर्मा ने बताया कि अनंत नगर योजना में पहले चार चरणों में लगभग 1700 भूखंडों का आवंटन लाटरी के माध्यम से किया गया है, जिसमें 35 हजार से अधिक लोगों ने प्रतिभाग किया था।
पांचवें चरण में आशीष खंड के 460 भूखंडों के लिए नौ अगस्त से नौ सितंबर के मध्य आनलाइन पंजीकरण खोला गया था, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने रजिस्ट्रेशन कराया है।
अपर सचिव ने बताया कि आशीष खंड के ये 460 भूखंड तीन श्रेणी के हैं। इसमें 200 वर्गमीटर के 23, 162 वर्गमीटर के 12 और 112.5 वर्गमीटर क्षेत्रफल के 425 भूखंड शामिल हैं।
यह भी पढ़ें- वाराणसी में घर बनाने का सपना होगा पूरा, आनंद काशी आवासीय योजना के लिए वीडीए ने जारी किए हेल्पलाइन नंबर
यह भी पढ़ें- लखनऊ शहर में घर बसाने का एक और मौका, एलडीए ने नई आवासीय योजनाओं का बजट किया दोगुना
