मंत्रिमंडल में फेरबदल की चर्चाओं को फिर हवा दे गया भाजपा अध्यक्ष अमित शाह का दौरा
भाजपा अध्यक्ष अमित शाह का लखनऊ दौरा यूपी सरकार के मंत्रिमंडल में फेरबदल की चर्चाओं को फिर हवा दे गया। हालांकि संगठन और सरकार से जुड़ी चर्चाएं और भी रहीं।
लखनऊ (जेएनएन)। भाजपा अध्यक्ष अमित शाह का लखनऊ दौरा यूपी सरकार के मंत्रिमंडल में फेरबदल की चर्चाओं को फिर हवा दे गया। कल दिन भर भाजपा मुख्यालय पर पहले दो चक्रों में संगठन की बैठक हुई। शाम को राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और प्रदेश अध्यक्ष डा. महेंद्रनाथ पांडेय के साथ संगठन और सरकार की लंबी बैठक चली। सरकार और संगठन की बैठक में आपसी समन्वय, मंत्रिमंडल में संभावित फेरबदल, केंद्र और प्रदेश सरकार की जनहित से जुड़ी योजनाओं को धरातल पर उतारने, पात्रों को योजनाओं का लाभ सुनिश्चत कराने और सरकार के अच्छे काम जनता के बीच पहुंचाने पर चर्चा हुई। इसके लिए संगठन और सरकार मिलकर कार्यक्रम तैयार करने और सफल बनाने पर जोर दिया गया।
मतदान बढ़ाने का हरसंभव प्रयास
गोरखपुर और फूलपुर के उपचुनावों के अप्रत्याशित नतीजों के मद्देनजर सपा-बसपा के संभावित गठबंधन और इसके काट पर भी चर्चा हुई। तय हुआ कि इसका सबसे प्रभावी तरीका मतदान बढ़ाना है। इसके लिए बूथ स्तर पर हरसंभव प्रयास करना होगा। जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं को तरजीह देने पर भी चर्चा हुई। बैठक में राष्ट्रीय सहसंगठन मंत्री एवं उप्र के प्रभारी शिवप्रकाश, उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और डा. दिनेश शर्मा आदि मौजूद थे। इसके पहले भी दिन में दो सत्रों में संगठन की बैठक चली। दिन 10 बजे से शुरू बैठक में भाजपा के राष्टीय महासचिव रामलाल, प्रदेश के महामंत्री संगठन सुनील बंसल और सभी छह क्षेत्रों के संगठन मंत्री मौजूद थे। दोपहर बाद दूसरे चक्र की बैठक में क्षेत्रीय संगठन मंत्रियों के साथ सुनील बंसल मौजूद थे। इन दौरान ग्राम स्वराज अभियान के अब तक के अभियान की समीक्षा आगे के अभियान की तैयारियों और आगामी कार्यक्रमों और संगठन में आपसी समन्यव पर चर्चा हुई। बाद में रामलाल ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के कार्यालय जाकर सह सरकार्यवाह दत्रात्रेय होसबोले से भी मुलाकात की।