Move to Jagran APP

भाजपा अध्यक्ष अमित शाह का लखनऊ और गोरखपुर दौरा आज

लखनऊ में भाजपा अध्यक्ष सहकारिता के सहारे चुनावी जीत का मंत्र देंगे। इसके बाद गोरखपुर में सीएम योगी आदित्यनाथ के साथ भाजपा किसान मोर्चा के दो दिनी अधिवेशन का उद्घाटन करेंगे।

By Dharmendra PandeyEdited By: Published: Sat, 23 Feb 2019 09:41 AM (IST)Updated: Sun, 24 Feb 2019 12:56 AM (IST)
भाजपा अध्यक्ष अमित शाह का लखनऊ और गोरखपुर दौरा आज

लखनऊ, जेएनएन। भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष अमित शाह आज प्रदेश के दो महानगर में पार्टी के सम्मेलन में शिरकत करेंगे। लखनऊ में भाजपा अध्यक्ष सहकारिता के सहारे चुनावी जीत का मंत्र देंगे। इसके बाद गोरखपुर में सीएम योगी आदित्यनाथ के साथ भाजपा किसान मोर्चा के दो दिनी अधिवेशन का उद्घाटन करेंगे।

loksabha election banner

भाजपा अध्यक्ष आज दिन में करीब 10:30 बजे लखनऊ के चौधरी चरण सिंह इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर लैंड करेंगे। जहां सीएम योगी आदित्यनाथ के साथ भाजपा के शीर्ष नेता उनका स्वागत करेंगे। इसके बाद अमित शाह शनिवार को डॉ. राममनोहर लोहिया राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय के सभागार में प्रदेश के सहकारी संस्थाओं में काबिज भाजपा के नेताओं को संबोधित करेंगे। इस अधिवेशन में शाह समझाएंगे कि ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों की सहकारी संस्थाओं के माध्यम से चुनावी समीकरणों को कैसे दुरुस्त कर जीत हासिल की जा सकती है।

इस सम्मेलन के संयोजक और भाजपा के प्रदेश महामंत्री विद्यासागर सोनकर ने बताया कि प्रदेश की 7479 प्राथमिक समितियों में 6000 में, 265 क्रय-विक्रय समितियों में से 215 में भाजपा के अध्यक्ष और सदस्य हैं। इसके अलावा प्रदेश के 41 जिला सहकारी बैंकों और 40 डीसीडीएफ में भी भाजपा के अध्यक्ष और सदस्य हैं। सभी 1405 सहकारी संघों में भी भाजपा के ही अध्यक्ष हैं। इन सभी को सम्मेलन में बुलाया गया है। अमित शाह सहकारी संस्थाओं को सरोकारी बनाकर संचालित करने का तौर-तरीका समझाएंगे। वह टिप्स देंगे इन संस्थाओं के जरिए जनता के बीच किस तरह पकड़ व पहुंच को और मजबूत किया जा सकता है। यह भी समझाएंगे कि कैसे प्रदेश में भाजपा की लहर बनाकर मिशन 74 का लक्ष्य हासिल किया जा सकता है। सम्मेलन को सीएम योगी आदित्यनाथ, उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, उप मुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष महेन्द्रनाथ पांडेय, सहकारिता मंत्री मुकुट बिहारी वर्मा सहित खासतौर से मौजूज रहेंगे।

भाजपा किसान मोर्चा का सम्मेलन आज से

गोरखपुर में भाजपा किसान मोर्चा का दो दिनीय अधिवेशन आज से शुरू होगा। इसका उद्घाटन भाजपा के अध्यक्ष अमित शाह के साथ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ करेंगे। किसान अधिवेशन के बाहर भाजपा का झंडा लगाया गया है। इसे अमित शाह फहराएंगे।

भाजपा के इस अधिवेशन में केंद्र व यूपी सरकार की उपलब्धियां गिनाई जाएंगी। इसके साथ ही लोकसभा चुनाव में किसानों से सहयोग मांगा जाएगा। भाजपा इसके जरिए देशभर के किसानों को रिझाने की कोशिश में है। कल समापन समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृहमंत्री राजनाथ सिंह और केंद्रीय कृषि मंत्री राधामोहन सिंह आएंगे। प्रधानमंत्री किसान रैली को भी संबोधित करेंगे।

किसान अधिवेशन और प्रधानमंत्री की रैली की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। भाजपा गोरखपुर क्षेत्र के अध्यक्ष डॉ. धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि केंद्र सरकार ने 12 करोड़ किसानों को तोहफा दिया है। यूपी सरकार 86 लाख किसानों का कर्ज पहले ही माफ किया था। फसलों का समर्थन मूल्य बढ़ाकर किसानों को राहत दी गई है। कम ब्याज पर ऋण उपलब्ध कराने की सुविधा है। नरेंद्र मोदी और योगी आदित्यनाथ सरकार किसानों की खुशहाली का काम कर रही है। 


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.