यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Mar 24, 2017 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
सीएम योगी आदित्यनाथ से मिलने वालों का तांता, आलोक रंजन भी मिले
वीवीआइपी गेस्ट हाउस से सटे राजभवन कालोनी के आवास से निकले आलोक रंजन ने करीब सवा दस बजे सीएम आदित्यनाथ योगी से शिष्टाचार भेंट की।

लखनऊ (जेएनएन)। मुख्यमंत्री आदित्यनाथ योगी के कल शाम को गोरखपुर जाने के कार्यक्रम के कारण आज ही लखनऊ में उनसे मिलने वालों का तांता लग गया। इनमें अखिलेश यादव के कार्यकाल में मुख्यमंत्री के प्रमुख सलाहकार रहे आलोक रंजन भी आज मुख्यमंत्री से मिलने वीवीआइपी गेस्ट हाउस पहुंचे।
हाल ही में अपने पद से इस्तीफा देने वाले आलोक रंजन ने वीवीआइपी गेस्ट हाउस में मुख्यमंत्री आदित्यनाथ योगी से मुलाकात की। वीवीआइपी गेस्ट हाउस से सटे राजभवन कालोनी के आवास से निकले आलोक रंजन ने करीब सवा दस बजे सीएम से शिष्टाचार भेंट की।
यूपी के पूर्व मुख्य सचिव आलोक रंजन अकेले ही भेंट करने गए थे। इसके बाद आइजी इंटेलिजेंस आर के चतुर्वेदी ने भी आज वीवीआइपी गेस्ट हाउस में आकर सीएम से मुलाकात की।
मुख्यमंत्री आदित्यनाथ योगी आज दिन में अपने कार्यालय लाल बहादुर शास्त्री भवन (एनेक्सी) के पंचम तक में प्रदेश के सभी प्रमुख सचिव तथा सचिवों के साथ बैठक करेंगे। माना जा रहा है कि आज इनकी क्लास होगी।
पूर्वोत्तर रेलवे के जीएम राजीव मिश्र भी मिले
सहजनवा-दोहरीघाट रेल लाइन के निर्माण के लिए भूमि अधिग्रहण के सिलसिले में पूर्वोत्तर रेलवे के जीएम राजीव मिश्र ने मुख्यमंत्री आदित्यनाथ योगी से चर्चा की।
