Move to Jagran APP

इच्छाशक्ति से नशामुक्त होगा समाज: राम नाईक

रमाबाई रैली स्थल पर आयोजित गायत्री परिवार के समारोह में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी हुए शामिल। समारोह में एक लाख कार्यकर्ताओं ने प्रदेश को नशामुक्त करने का लिया संकल्प।

By JagranEdited By: Published: Mon, 09 Apr 2018 11:06 AM (IST)Updated: Mon, 09 Apr 2018 11:06 AM (IST)
इच्छाशक्ति से नशामुक्त होगा समाज: राम नाईक
इच्छाशक्ति से नशामुक्त होगा समाज: राम नाईक

लखनऊ[जागरण संवाददाता]। विचार क्राति अभियान सफल हो' और 'नशामुक्त समाज व प्रदेश हो अपना' जैसे जयघोषों के बीच रविवार (8 अप्रैल) को रमाबाई रैली स्थल पर नशामुक्त उत्तर प्रदेश संकल्प समारोह आयोजित हुआ। गायत्री परिवार के प्रमुख डॉ.प्रणव पंड्या के 'नशामुक्त उत्तर प्रदेश' के संकल्प के बीच राज्यपाल राम नाईक व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने समाज को नशे से दूर करने के संकल्प की तारीफ की। राज्यपाल ने कहा कि लखनऊ की धरती से स्वयं प्रेरणा से प्रदेश में नशामुक्ति का दूसरा संग्राम शुरू हो रहा है। इच्छाशक्ति से ही समाज नशामुक्त होगा। मुख्यमंत्री ने 'अंधकार को दूर भगाएं, आओ मिलकर दीप जलाएं' स्लोगन के माध्यम से गायत्री परिवार के अभियान की मशाल जलाकर उनकी हर संभव मदद का आश्वासन दिया।

loksabha election banner

प्रतिज्ञाबद्ध होकर निकलें तो कोई काम मुश्किल नहीं

राज्यपाल ने कहा कि समाज में मादक पदार्थ का सेवन बढ़ रहा है जो पीड़ा देने की बात है और भावी समाज के लिए खतरा है। यह केवल एक देश तक सीमित नहीं है बल्कि विश्व के हर देश की समस्या है। विश्व के तीन देशों को छोड़कर प्रदेश की जनसंख्या अन्य देशों से अधिक है। विशाल जनसंख्या प्रदेश की पूंजी है। वह स्वस्थ रहे इसकी श्रेष्ठता नशामुक्ति में है। प्रतिज्ञाबद्ध होकर निकलें तो कोई भी काम मुश्किल या असंभव नहीं है। इस मुश्किल काम को जनसहभागिता के आधार पर किया जा सकता है।

संकल्प को सिद्धि में बदलने के लिए सात्विकता जरूरी

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में उच्चतम न्यायालय के निर्देशों के पालन के साथ हमने आबकारी की नीति में बदलाव किया है। स्कूल, मंदिर व अन्य सार्वजनिक स्थानों से ऐसी दुकानें हटाई गई हैं। किसी भी संकल्प को सिद्धि में बदलने के लिए सात्विकता चाहिए। देश के स्वतंत्रता की हीरक जयंती पर वैसे भारत का निर्माण हो जैसा कि हमारे स्वतंत्रता सेनानियों ने कल्पना की थी। मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वालम्बी समाज कभी गुलाम नहीं हो सकता है। प्रधानमंत्री ने संकल्प से सिद्धि का मंत्र दिया है।

निकली शोभायात्र

हम सुधरेंगे युग सुधरेगा, हम बदलेंगे युग बदलेगा' जैसे जयघोष के बीच रविवार को सुबह नशामुक्ति जागरूकता शोभायात्र निकाली गई। गायत्री परिवार की ओर से रमाबाई रैली स्थल से निकली यात्र को गायत्री परिवार के प्रमुख डॉ.प्रणव पंड्या ने हरी झडी दिखाकर रवाना किया। रैली स्थल से आठ किमी. की परिधि में सुबह नौ बजे निकली यात्र दोपहर बाद समाप्त हुई। प्रवक्ता उमानंद शर्मा ने बताया कि यात्र में पीत वस्त्र धारण किए महिलाएं व पुरुष शामिल हुए। प्रवक्ता उमानंद शर्मा ने बताया कि समारोह में राजधानी समेत प्रदेशभर से आए कार्यकर्ता शामिल हुए। चंदे से पूरा करेंगे आबकारी वसूली का लक्ष्य

समारोह से पहले गायत्री परिवार के प्रमुख डॉ. प्रणव पंड्या ने नशामुक्ति की शपथ दिलाई और कहा कि प्रदेश में आबकारी से होने वाली वसूली के लक्ष्य 19,750 करोड़ को गायत्री परिवार के कार्यकर्ता चंदा लगाकर पूरा करेंगे और प्रदेश नशे से मुक्त होगा। उन्होंने नशे से होने वाले रोगों के बारे में भी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि गायत्री परिवार के लोगों ने एक साल में एक करोड़ लोगों से नशा मुक्त का संकल्प पत्र भरवाया है। प्रदेश को 'उत्तम प्रदेश' बनाने के लिए गायत्री परिवार के 15 करोड़ कार्यकर्ता सरकार के साथ हैं। समारोह में एक लाख गायत्री परिवार के कायकर्ताओं ने प्रदेश को नशा मुक्त करने का संकल्प लिया। महिला कल्याण मंत्री डॉ.रीता बहुगुणा जोशी के अलावा गायत्री परिवार के कार्यकर्ता शामिल हुए।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.