विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Sep 03, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

अखिलेश यादव ने बुलडोजर एक्शन पर SC की टिप्पणी का किया स्वागत, कहा- सपा सरकार बनते ही गोरखपुर की तरफ होगा रुख

Published: Tue, 03 Sep 2024 07:19 PM (IST)

समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सुप्रीम कोर्ट की उस टिप्पणी का स्वागत किया है जिसमें कहा गया है ...और पढ़ें

विकास पूरी तरह अवरुद्ध, जनता महंगाई-भ्रष्टाचार से त्रस्त: अखिलेश यादव (फाइल फोटो)
विकास पूरी तरह अवरुद्ध, जनता महंगाई-भ्रष्टाचार से त्रस्त: अखिलेश यादव (फाइल फोटो)

HighLights

  1. सपा सरकार बनते ही गोरखपुर की तरफ होगा बुलडोजरों का रुख: अखिलेश
  2. सपा प्रमुख ने कहा भाजपा सरकार में निर्दोष को सताया जा रहा

राज्य ब्यूरो, जागरण लखनऊ। किसी अपराधी की संपत्ति को बुलडाेजर से ध्वस्त करने के मामले में सुप्रीम कोर्ट की टिप्पणी का स्वागत करने वाले सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने इसे लेकर फिर से भाजपा पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि भाजपा की सरकार में निर्दोष लोगों को सताया जा रहा हैं।

उन्होंने कहा कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा का सफाया होगा और देश की राजनीति उसके चुनावी परिणाम से प्रभावित होगी। इस चुनाव में प्रदेश में समाजवादी सरकार बनते ही पूरे प्रदेश के बुलडोजरों का रुख गोरखपुर की तरफ होगा।

प्रदेश मुख्यालय में मंगलवार को कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए सपा अध्यक्ष ने कहा कि जनता अपनी सरकार बनाना चाहती है। राज्य की जनता समाजवादी सरकार के समय हुए विकास कार्यों से परिचित है। जब से भाजपा की सरकार सत्ता में आई है, प्रदेश हर स्तर पर पिछड़ता चला गया है।

बकौल अखिलेश, विकास पूरी तरह अवरुद्ध है। जनता महंगाई, भ्रष्टाचार से त्रस्त है। उन्होंने यह भी कहा कि संविधान और आरक्षण के मुद्दे को और धार देना है। सामाजिक न्याय के लिए जातीय जनगणना का होना आवश्यक है।

उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा का एजेंडा समाज में नफरत फैलाकर सामाजिक सद्भाव बिगाड़ कर अपनी राजनीतिक महत्वाकांक्षा को पूरा करना है। समाजवादी पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता भाजपा के इन मंसूबों को कभी भी पूरा नहीं होने देगा। जनता समझ रही है कि उसको समाजवादी सरकार बनने पर ही तमाम समस्याओं से छुटकारा मिल सकेगा।