'सत्ता में लौटे तो फिर शुरू करेंगे यशभारती सम्मान, राशि बढ़ाकर करेंगे एक लाख'; अखिलेश यादव ने किया एलान
अखिलेश यादव ने सपा सरकार बनने पर यशभारती सम्मान फिर से शुरू करने और इसकी राशि एक लाख रुपये करने का एलान किया।

अखिलेश यादव
HighLights
यशभारती सम्मान फिर शुरू होगा, राशि एक लाख रुपये।
मेडिकल छात्रों के लिए 'वन बांड, वन सैलरी' व्यवस्था।
सपा सरकार में बनेगी 'पीडीए' (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) कैबिनेट।
राज्य ब्यूरो, लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा में सरकार जाने से पहले ही बंटवारे की लड़ाई शुरू हो गई है। प्रदेश में सपा सरकार बनने पर उनके पिता व सपा संस्थापक मुलायम सिंह यादव द्वारा शुरू किया गया यशभारती सम्मान फिर शुरू किया जाएगा। इसकी सम्मान राशि 50 हजार से बढ़ाकर एक लाख रुपये की जाएगी। पहले सम्मानित हो चुके लोगों की राशि भी बढ़ाकर एक लाख रुपये की जाएगी। वहीं, मेडिकल छात्रों के लिए ‘वन बांड, वन सैलरी’ लागू कराने की व्यवस्था की जाएगी।
मुलायम सिंह यादव के जन्मदिवस पर रविवार को पार्टी के प्रदेश मुख्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में अखिलेश ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला। गोरखपुर की घटना की निंदा करते हुए आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सड़क हादसे का शिकार हुए बच्चे के परिवार को भड़का रहे हैं।
उन्होंने भाजपा नेताओं के काफिलों से हुईं दुर्घटनाओं का जिक्र करते हुए लखीमपुर खीरी के तिकुनिया कांड में किसानों को थार से कुचलने की घटना की याद दिलाई। साथ ही लखनऊ के अर्जुनगंज में मुख्यमंत्री के काफिले से हुई तीन लोगों की मौत का मुद्दा उठाया और आरोप लगाया कि अर्जुनगंज दुर्घटना में पीड़ित परिवारों को मुआवजा देने में मुख्यमंत्री ने भेदभाव किया था, क्योंकि पीड़ित पीडीए समाज से थे।
कहा कि सपा सरकार बनने पर बुनकरों को बिजली, स्वास्थ्य और बाजार की सुविधाएं दी जाएंगी। हम परफ्यूम सिटी बनाना चाहते हैं, जबकि भाजपा गोबर सिटी बनाना चाहती है। आईटीआई, आईआईटी और ट्रिपल आईटी को बेहतर बनाने के साथ शिक्षा में नई तकनीक का इस्तेमाल किया जाएगा। किसान क्रेडिट कार्ड को नए प्रारूप में लागू किया जाएगा।
उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने आईटी सिटी को बर्बाद कर दिया और वेलनेस सिटी के नाम पर कुछ लोगों ने अपनी जेबें भरी। उन्होंने कन्नौज में जमीन खरीद के मामले का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि वहां सिंगापुर के लोगों के नाम पर भाजपा के लोगों का पैसा लगा है।
अखिलेश ने कहा कि सरकार बनने पर सपा पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) की कैबिनेट बनाएगी। पीडीए को मजबूत करने के लिए नाराज लोगों को मनाया जाएगा और जो लोग अब तक साथ नहीं जुड़े हैं, उन्हें भी जोड़ा जाएगा। कहा कि सपा रामकथा के खिलाफ नहीं है, बल्कि भगवान राम के खिलाफ अपशब्द कहने वालों के विरोध में है।
भाजपा ने तो हनुमान जी को भी नचाने का काम किया है। धीरेंद्र शास्त्री के राम और कृष्ण को लेकर दिए गए बयानों पर अखिलेश ने कहा कि उन्होंने यदुवंशियों और रघुवंशियों, दोनों की भावनाओं को आहत किया है। ऐसे लोगों के कार्यक्रम रद किए जाने चाहिए।
उन्होंने लखनऊ स्थित डॉ. राम मनोहर लोहिया राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय को देशस्तरीय संस्थान बनाने का भरोसा दिया। कहा कि प्रदेश के सभी कालेजों और विश्वविद्यालयों में छात्राओं के लिए बेहतर छात्रावास बनाए जाएंगे। मेडिकल कालेजों और विश्वविद्यालयों में एसजीपीजीआइ जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
आरोप लगाया कि विधानसभा चुनाव को लेकर कैराना सीट पर घेराबंदी की कोशिश हो रही है, लेकिन जीत समाजवादी पार्टी की ही होगी। उन्होंने कहा कि सपा सरकार आने पर सैफई में मुलायम सिंह यादव के मेमोरियल का उद्घाटन किया जाएगा।
विद्यार्थियों को बांटे लैपटाप और बैग
मुलायम सिंह यादव की जयंती पर सपा अध्यक्ष ने पार्टी के प्रदेश मुख्यालय में आयोजित कार्यक्रम में उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। इस मौके पर उन्होंने स्कूलों के 200 विद्यार्थियों को लैपटाप और स्कूल बैग वितरित किए।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।